लोकसभा चुनाव 2024 के लिए तारीखों का एलान हो चुका है। देश में कुल सात चरणों में मतदान होंगे। वहीं दिल्ली में छठे चरण में 25 मई को सभी सातों सीटों पर मतदान होगा। दिल्ली में इस बार आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। आप चार सीटों और कांग्रेस तीनों सीटों पर अपने प्रत्याशी लड़ रही है।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली की तीन सीटों पर प्रत्याशी तय करने के लिए कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक आज सोमवार को भी नहीं हो रही है। इससे पहले सीईसी की पिछली बैठक में दिल्ली की स्क्रीनिंग कमेटी से तीनों सीटों पर एक-एक नाम ही फाइनल करके लाने को कहा गया था।
पहले आज होनी थी सीईसी की बैठक
मालूम हो कि सीईसी की बैठक पहले आज होनी थी, लेकिन अब यह कल यानी मंगलवार को होगी। स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा फाइनल नामों पर मुहर लग सकती है। साथ ही कुछ अन्य सीटों के साथ ही दिल्ली में उम्मीदवारों के नामों की भी घोषणा की जा सकती है।
पिछली बैठक में भेजा था तीन नामों का पैनल
बता दें कि पिछली बैठक में सीईसी के समक्ष जो तीन नामों का पैनल भेजा गया था, उनमें चांदनी चौक से पूर्व सांसद जेपी अग्रवाल, पूर्व विधायक अलका लांबा और पूर्व सांसद संदीप दीक्षित, पूर्वी दिल्ली से प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी और वरिष्ठ नेता चतर सिंह जबकि उत्तर पश्चिमी दिल्ली से पूर्व सांसद उदित राज, पूर्व मंत्री राजकुमार चौहान एवं पूर्व विधायक सुरेंद्र कुमार के नाम शामिल थे।
यह भी पढ़ें-
Elections 2024: दिल्ली में मतदाताओं से ‘गठबंधन’ की अब बिछने लगी बिसात, AAP और कांग्रेस कार्यकर्ता एक रणनीति पर कर रहे काम
Lok Sabha Elections: दिल्ली में 3 स्तरों पर घोषणा पत्र जारी करेगी कांग्रेस, AAP के साथ कॉमन मिनिमम एजेंडा लाने पर विचार
जानकारी के मुताबिक, चांदनी चौक से अग्रवाल, पूर्वी दिल्ली से संदीप दीक्षित और उत्तर पश्चिमी दिल्ली से राजकुमार के नाम पर स्वीकृति बन सकती है। अगर आलाकमान के संकेत पर केंद्रीय स्तर पर कोई हस्तक्षेप नहीं हुआ तो इन्हीं नामों पर मुहर लगाई जा सकती है।
दिल्ली में 25 मई को होगा मतदान
देश की 543 सीटों के लिए लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा हो चुकी है। दिल्ली में मतदान 25 मई को होगा। देश में संसदीय चुनाव सात चरणों में होंगे और दिल्ली की सभी सात सीटों पर छठे चरण में मतदान होगा। मालूम हो कि भाजपा ने 2014 और 2019 दोनों लोकसभा चुनावों में राष्ट्रीय राजधानी की सभी सात सीटों पर जीत हासिल की थी।

