मोदी बोले-संदेशखाली की बहनों की TMC सरकार ने नहीं सुनी: बंगाल में पुलिस नहीं, अपराधी अपना सरेंडर और गिरफ्ता… – Dainik Bhaskar

Spread the love

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के दो दिन के दौरे के दूसरे दिन नदिया जिले के कृष्णानगर में 15 हजार करोड़ की रेल, बिजली और सड़क क्षेत्र से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया। PM ने पहले दिन हुगली के आरामबाग में जनसभा को संबोधित किया और फिर राजभवन में ममता बनर्जी से मुलाकात की।
कृष्णानगर में उन्होंने जय श्रीराम के नारे के साथ कहा- बंगाल में TMC ने मां, माटी और मानुष का नारा लगाकर यहां की माताओं-बहनों का वोट लिया और उन्हें गुमराह किया। आज मां, माटी और मानुष सभी TMC के कुशासन में रो रहे हैं। संदेशखाली की बहनें इंसाफ की गुहार लगाती रहीं, लेकिन TMC सरकार ने उनकी एक नहीं सुनी।
मोदी बोले- बंगाल में स्थिति ये है कि यहां पुलिस नहीं, बल्कि अपराधी तय करते हैं कि उन्हें कब सरेंडर करना है, कब गिरफ्तार होना है। राज्य सरकार चाहती ही नहीं थी कि संदेशखाली का गुनहगार कभी गिरफ्तार हो, लेकिन ये तो बंगाल की नारी शक्ति दुर्गा बनकर खड़ी हो गईं। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता उनके साथ खड़ा हो गया, तब मजबूरन सरकार को झुकना पड़ा।
PM की 24 मिनट की स्पीच, 5 बातें…
1. ऐई बार NDA सरकार 400 पार का नारा लगाया
PM ने कहा- ये धरती भगवान श्रीकृष्ण के परम प्रचारक चैतन्य महाप्रभु की जन्मस्थली है। मैं महाप्रभु के चरणों में नमन करता हूं। मेरा सौभाग्य है कि भगवान श्री कृष्ण ने जो द्वारका नगरी बसाई थी, जो समंदर के अंदर डूब चुकी थी। मुझे कुछ दिनों पहले समंदर की गहराई में जाकर उस पुरातन श्री कृष्ण की भूमि को नमन करने का सौभाग्य मिला।
साथियों, आप सभी ईश्वरतुल्य जनता जनार्दन, माताओं-बहनों और बेटियों को भी मेरा प्रणाम। आपका इतनी बड़ी संख्या में आना साफ संदेश दे रहा है कि ऐई बार- NDA सरकार 400 पार।
2. TMC के लिए भ्रष्टाचार और परिवारवाद ही प्राथमिकता
PM ने कहा- यहां जिस तरह TMC की राज्य सरकार चल रही है, उसने आपको निराश किया है। बंगाल की जनता ने बहुत उम्मीदों के साथ TMC को बार-बार कितना बड़ा जनादेश दिया है, लेकिन TMC अत्याचार और विश्वासघात का दूसरा नाम बन गई है। TMC के लिए बंगाल का विकास नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार और परिवारवाद ही प्राथमिकता है।
TMC माने भ्रष्टाचार, अत्याचार। TMC भ्रष्टाचार, परिवारवाद। वो बंगाल को गरीब बनाए रखना चाहती है ताकि उसकी राजनीति चलती रहे, उसका खेल चलता रहे। यहां की राज्य सरकार क्या काम कर रही है, इसका उदाहरण बंगाल का पहला एम्स है। मोदी ने बंगाल को पहला एम्स देने की गारंटी दी थी। आमार बांग्लार मानुस बोलले- गारंटी पूर्ण होबार गारंटी।
3. TMC की सरकार में पहले कमीशन फिर परमिशन
PM ने कहा- नदिया जिले के कल्याणी में बने एम्स का वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मैंने लोकार्पण किया है। लगभग एक हजार बेड्स का ये आधुनिक अस्पताल बहुत सारी सुविधाएं लेकर आया है। रोजगार के अवसर लेकर आया है, लेकिन बंगाल सरकार को एम्स के बन जाने से दिक्कत है। उसे परेशानी है। वो कह रही है कि इसकी परमिशन क्यों नहीं ली।
बंगाल में TMC के लोगों को लूट की गुंडागर्दी की परमिशन है। इतने बड़े एम्स पर बंगाल सरकार पर्यावरण संरक्षण का अड़ंगा लगा रही है। कमीशन ना मिले तो TMC हर चीज रोक देती है। पहले कमीशन फिर परमिशन। भाजपा सरकार 5 लाख तक इलाज की मुफ्त सुविधा करती है। बंगाल की TMC सरकार इसे भी यहां लागू नहीं होने दे रही है।
4. TMC सरकार ने संदेशखाली की बहनों की एक नहीं सुनी
PM ने कहा- साथियों बंगाल में TMC ने मां, माटी और मानुष का नारा लगाकर यहां की माताओं-बहनों का वोट लिया और उन्हें गुमराह किया। आज मां, माटी और मानुष सभी TMC के कुशासन में रो रहे हैं। संदेशखाली की बहनें इंसाफ की गुहार लगाती रहीं, लेकिन TMC सरकार ने उनकी एक नहीं सुनी।
बंगाल में स्थिति ये है कि यहां पुलिस नहीं, बल्कि अपराधी तय करते हैं कि उन्हें कब सरेंडर करना है, कब गिरफ्तार होना है। राज्य सरकार चाहती ही नहीं थी कि संदेशखाली का गुनहगार कभी गिरफ्तार हो, लेकिन ये तो बंगाल की नारी शक्ति दुर्गा बनकर खड़ी हो गई। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता उनके साथ खड़ा हो गया, तब मजबूरन इस राज्य सरकार को झुकना पड़ा।
5. केंद्र सरकार की एक भी योजना TMC लागू नहीं होने देती
प्रधानमंत्री ने कहा- महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान बंगाल में लागू नहीं होने दिया गया। पूरे देश में महिला हेल्पलाइन लागू की गई, TMC सरकार इसे लेकर भी गंभीर नहीं है। पूरे देश में 10 करोड़ मुफ्त उज्ज्वला कनेक्शन दिए जा चुके हैं। सस्ता सिलेंडर दे रहे हैं।
बंगाल में भी 13 लाख एप्लिकेशन आई हैं, लेकिन हर जिले में बनने वाली उज्ज्वला कमेटी TMC सरकार नहीं बना रही है। ये चाहते हैं कि केंद्र की योजनाओं का लाभ किसे मिले, ये भी TMC के तोलाबाज ही तय करेंगे। गरीब की योजना को भी ये लोग तोलाबाजों के अधीन देना चाहते हैं। हर घर जल योजना में भी दखल देना चाहते हैं।
यहां 25 लाख, नौजवान घर-घर जाकर बताएं कि मनरेगा में 25 लाख मनरेगा जॉब कार्ड बनाए गए। जो पैदा नहीं हुआ था, उसका कार्ड बना दिया। जो पैसा गरीब मजदूर को मिलना चाहिए था, उसे TMC के तोलाबाजों ने लूट लिया।
PM बोले- किसी ने तो संदेशखाली के आरोपी को छिपाया
हुगली के आरामबाग में मोदी ने शुक्रवार (1 मार्च) को कहा, ‘मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मुझे दुश्मन नंबर-1 मानती हैं। आज बंगाल की जनता मुख्यमंत्री दीदी से पूछ रही है- कुछ लोगों का वोट आपके लिए संदेशखाली की पीड़ित महिलाओं से भी ज्यादा हो गया। आपको शर्म आनी चाहिए।’ उन्होंने कहा, ‘हमारे नेताओं ने लाठियां खाईं, मुसीबत झेली। तब कहीं जाकर बंगाल पुलिस को आपकी ताकत के सामने झुककर उस आरोपी (शेख शाहजहां) को गिरफ्तार करना पड़ा। ये करीब दो महीने फरार रहा। कोई तो होगा, जो उसको बचा रहा होगा। पूरी खबर पढ़ें…
PM दोबारा कर सकते हैं बंगाल का दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 मार्च को पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले के संदेशखाली जा सकते हैं। वे यहां यौन उत्पीड़न की शिकार महिलाओं से बात कर सकते हैं। बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने गुरुवार (22 फरवरी) को इसकी जानकारी दी थी।
मजूमदार ने बताया कि PM मोदी 6 मार्च को नॉर्थ 24 परगना जिले के बारासात में एक महिला रैली को संबोधित करेंगे। अगर संदेशखाली की पीड़ित महिलाएं प्रधानमंत्री से मिलने की इच्छा जताएंगी, तो पार्टी इसकी व्यवस्था करेगी।
ये खबर भी पढ़ें…
गिरफ्तारी के बाद शेख शाहजहां को TMC ने सस्पेंड किया:कहा- एक पार्टी सिर्फ बोलती है, तृणमूल जो कहती है वो करती है
पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में महिलाओं से यौन उत्पीड़न और जमीन हड़पने के आरोपी TMC नेता शेख शाहजहां को टीएमसी ने 6 साल के लिए पार्टी से सस्पेंड कर दिया है। पार्टी के फैसले का ऐलान करते हुए टीएमसी लीडर डेरेक ओ’ ब्रायन ने कहा कि एक पार्टी है, जो सिर्फ बोलती रहती है। तृणमूल जो कहती है, वो करती है। शेख को बंगाल पुलिस ने गुरुवार 29 फरवरी की सुबह नॉर्थ 24 परगना के मीनाखान इलाके से उसे गिरफ्तार किया गया। वह 55 दिन से फरार था। पूरी खबर पढ़ें…
झारखंड में PM का पूर्व CM सोरेन पर तंज:धनबाद की सभा में कहा- नारा इतना जोर से लगाओ कि आवाज जेल तक जाए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के झारखंड और पश्चिम बंगाल दौरे पर हैं। 1 मार्च को पहले वे धनबाद पहुंचे और बरवाअड्डा में उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने JMM-कांग्रेस गठबंधन सरकार पर निशाना साधा। PM ने कहा कि JMM का मतलब- जमकर खाओ। पहले झारखंड में कोयले के ढेर मिलते थे, अब नोट के मिलते हैं। पूर्व CM हेमंत सोरेन पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि यहां हो रहे नारों की गूंज जेल तक जानी चाहिए। पूरी खबर पढ़ें…
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source

Previous post Lok Sabha Election 2024 Live News: पशुपति पारस ने केंद्रीय मंत्री पद से दिया इस्तीफा, सीट बंटवारे को लेकर थे नाराज – Jansatta
Next post PM addresses Viksit Bharat Viksit Jammu Kashmir programme in Srinagar, Jammu & Kashmir – Narendra Modi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *