पश्चिम उत्तर प्रदेश की आठ सीटों के लिए हो रहे पहले चरण के चुनाव की अधिसूचना बुधवार 20 मार्च को जारी होगी। पिछले लोकसभा चुनाव की तरह इस बार भी प्रदेश में चुनाव की शुरुआत पश्चिम यूपी से हो रही है। पहले चरण में लोकसभा की आठ सीटों सहारनपुर कैराना मुजफ्फरनगर बिजनौर (एससी) नगीना मुरादाबाद रामपुर व पीलीभीत के लिए चुनाव होगा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। सात चरणों में हो रहे लोकसभा चुनाव के पहले चरण का बिगुल बुधवार को बजेगा। पश्चिम उत्तर प्रदेश की आठ सीटों के लिए हो रहे पहले चरण के चुनाव की अधिसूचना बुधवार 20 मार्च को जारी होगी। इसके साथ ही पहले चरण की सीटों के नामांकन की भी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। नामांकन 27 मार्च तक होंगे। 19 अप्रैल को इन सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे।
पिछले लोकसभा चुनाव की तरह इस बार भी प्रदेश में चुनाव की शुरुआत पश्चिम यूपी से हो रही है। पहले चरण में लोकसभा की आठ सीटों सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर (एससी), नगीना, मुरादाबाद, रामपुर व पीलीभीत के लिए चुनाव होगा।
27 मार्च तक होंगे नामांकन
बुधवार को अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन भी शुरू हो जाएंगे। 27 मार्च तक नामांकन के बाद 28 को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 30 मार्च को नाम वापसी का अंतिम दिन है। 19 अप्रैल को यहां मतदान होगा।
वर्ष 2019 के चुनाव में पहले चरण की इन आठ सीटों में से तीन भाजपा (कैराना, मुजफ्फरनगर व पीलीभीत), तीन बसपा (सहारनपुर, बिजनौर व नगीना) व दो सपा (मुरादाबाद व रामपुर) ने जीती थीं। हालांकि, रामपुर लोकसभा सीट पर बाद में हुए उपचुनाव में यह सीट भाजपा ने सपा से झटक ली थी।
पिछले चुनाव में सपा, बसपा और रालोद थे साथ
पिछले चुनाव में सपा, बसपा व रालोद ने मिलकर चुनाव लड़ा था। इसलिए इन आठ सीटों में से पांच पर उसका कब्जा था। इस बार रालोद भाजपा के साथ है जबकि सपा व कांग्रेस मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। बसपा ने अलग चुनाव लड़ने का एलान किया है।
लोकसभा क्षेत्र 2019 के विजेता जानने के लिए लोकसभा क्षेत्र के नाम पर क्लिक करें

