प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तमिलनाडु में अपने दिवंगत साथियों को याद करके भावुक हो गए। तेलंगाना के स्टेट प्रेसिडेंट रहे केएन लक्ष्मण और पार्टी के ऑडिटर रहे रमेश का जिक्र करते ही पीएम 63 सेकेंड तक खामोश रहे। इसके बाद उन्होंने अपनी बात जारी रखी। मोदी मंगलवार को सेलम में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
मोदी ने कहा- तेलंगाना के स्टेट प्रेसिडेंट रहे केएन लक्ष्मण ने पार्टी के प्रचार के लिए बहुत काम किया। पार्टी के ऑडिटर रहे रमेश को भी मैं नहीं भूल सकता। उन्होंने पार्टी के लिए काफी काम किए हैं। आज वे हमारे साथ नहीं हैं। उनकी हत्या कर दी गई। मैं उन्हें श्रद्धांजलि देता हूं।
प्रधानमंत्री मोदी 5 दिन के दक्षिण भारत के दौरे पर हैं। आज 19 मार्च को सुबह उन्होंने केरल के पलक्कड़ में रोड शो किया था। इसके बाद तमिलनाडु के सेलम में उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए 17 मार्च की INDI अलायंस की रैली का जवाब दिया। उन्होंने कहा- I.N.D.I.A वाले हिंदू धर्म का बार-बार अपमान करते हैं। हिंदू धर्म की जिस शक्ति में आस्था होती है, DMK और कांग्रेस इस शक्ति का विनाश करना चाहते हैं।
राहुल के शक्ति वाले बयान से शुरू हुआ था विवाद
दरअसल, 17 मार्च को I.N.D.I.A. की मुंबई में रैली हुई थी, जिसमें राहुल गांधी ने कहा था कि उनकी लड़ाई शक्ति के खिलाफ है। 18 मार्च को तेलंगाना के जगतियाल में मोदी ने राहुल गांधी के बयान का जवाब देते हुए कहा था कि मेरे लिए तो हर मां-बेटी शक्ति का रूप है। मैं इनकी रक्षा के लिए जान की बाजी लगा दूंगा। मोदी के इस बयान के बाद राहुल ने सोशल मीडिया X पर लिखा- पीएम को मेरी बातें अच्छी नहीं लगती हैं इसीलिए वो बातों का गलत अर्थ निकालते हैं।
मोदी की स्पीच की मुख्य बातें…
1. राहुल गांधी के शक्ति वाले बयान पर
अभी तो चुनाव अभियान की शुरुआत हुई है, लेकिन INDI अलायंस के प्लान मुंबई में हुई उनकी पहली रैली में ही खुलकर सामने आ गए हैं। ये कह रहे हैं कि हिंदू धर्म की जिस शक्ति में आस्था होती है, उन्हें इस शक्ति का विनाश करना है।
हिंदू धर्म में शक्ति किसे कहते हैं, ये तमिलनाडु का हर व्यक्ति जानता है। शक्ति का मतलब होता है मातृ शक्ति, नारी शक्ति, लेकिन इंडी अलायंस वाले कांग्रेस और डीएमकी कहती हैं कि वे इस शक्ति को खत्म कर देंगे।
2. DMK-कांग्रेस पर हिंदू धर्म के अपमान का आरोप
मोदी बोले- DMK और कांग्रेस बार-बार हिंदू धर्म का अपमान करते हैं। हिंदू धर्म के खिलाफ इनका हर बयान बहुत सोचा-समझा होता है। आप देखिए और किसी धर्म का अपमान DMK-कांग्रेस का INDI अलायंस कभी नहीं करता है। किसी और धर्म के खिलाफ इनकी जुबान से एक शब्द नहीं निकलता, लेकिन हिंदू धर्म के खिलाफ बोलने के लिए ये एक सेकेंड नहीं लगाते हैं।
3. तमिलनाडु के लिए केंद्र की योजनाओं का जिक्र
NDA सरकार देश में 2 डिफेंस कॉरिडोर बना रही है। इनमें से एक तमिलनाडु में बन रहा है। बीजेपी सरकार 7 मेगा टेक्सटाइल पार्क बना रही है। इनमें से एक हमारे तमिलनाडु में तैयार हो रहा है। हमने तमिलनाडु के लिए कई योजनाएं चलाई हैं। यहां वंदे भारत एक्सप्रेस भी चल रही है।
4. तमिल दुनिया की सबसे पुरानी भाषा
दुनिया की सबसे पुरानी भाषा तमिल भाषा है। देश का दुर्भाग्य देखिए कि आजादी के 75 साल बाद भी दुनिया में कोई भारतीय गर्व से नहीं बोलता कि हमारे देश में दुनिया की सबसे पुरानी भाषा बोली जाती है। मैं दुनिया को गर्व से बताना चाहता हूं कि सबसे पुरानी भाषा यहीं की है। कांग्रेस ने आजादी के बाद से इस भाषा को बढ़ाने के लिए कुछ नहीं किया, लेकिन अब मैं ऐसा नहीं होने दूंगा।
राहुल के ‘शक्ति’ बयान पर अब तक के घटनाक्रम को सिलसिलेवार पढ़ें…
17 मार्च : राहुल ने कहा था- शक्ति के खिलाफ लड़ रहा हूं
रविवार 17 मार्च को राहुल की न्याय यात्रा का समापन हुआ था। इस मौके पर मुंबई के शिवाजी पार्क में INDIA गठबंधन की रैली आयोजित की गई। जिसमें 15 दलों के नेता शामिल हुए। इस रैली में कांग्रेस नेताओं ने भी शिरकत किया। रैली में राहुल गांधी ने कहा, हिंदू धर्म में शक्ति शब्द होता है। हम शक्ति से लड़ रहे हैं। अब सवाल उठता है कि वो शक्ति क्या है। जैसे किसी ने यहां कहा कि राजा की आत्मा EVM में है। ये सही है, राजा की आत्मा ईवीएम में है।
18 मार्च : PM का पलटवार, बोले- कांग्रेस ने शक्ति का अपमान किया
PM ने कर्नाटक के शिवमोगा में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा- I.N.D.I. अलायंस के लोग हिंदू धर्म में समाहित शक्ति को समाप्त करना चाहते हैं। हिंदू समाज जिन्हें शक्ति मानता है, उस शक्ति के विनाश का ऐलान कर दिया है। अगर शक्ति विनाश का उनका ऐलान है तो शक्ति उपासना का मेरा भी ऐलान है।
मोदी ने आगे कहा- कई राजनीतिक जानकार कहते रहे हैं कि नारी शक्ति मोदी की साइलेंट वोटर है। लेकिन मेरे देश की नारी शक्ति वोटर नहीं, बल्कि मां शक्ति स्वरूपा है।
18 मार्च: राहुल का स्पष्टीकरण, मेरी बातों को गलत समझा
सोमवार को मोदी की स्पीच के बाद राहुल ने सोशल मीडिया पर अपने शक्ति वाले बयान का स्पष्टीकरण जारी करते हुए X पर लिखा- मोदी जी को मेरी बातें अच्छी नहीं लगतीं, किसी न किसी तरह उन्हें घुमाकर वह उनका अर्थ हमेशा बदलने की कोशिश करते हैं, क्योंकि वह जानते हैं कि मैंने एक गहरी सच्चाई बोली है।
साउथ में भाजपा की क्या है स्थिति?
केरल में पिछले 3 लोकसभा चुनाव की बात करें तो यहां NDA को एक भी सीट नहीं मिली। हालांकि, उनका वोटिंग प्रतिशत बढ़ा है। तमिलनाडु में सहयोगी पार्टी अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) के अलग होने के बाद भाजपा यहां अलग-थलग पड़ गई है। तेलंगाना में 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 4 सीटें जीती थीं, लेकिन विधानसभा चुनाव हारने के बाद यहां कांग्रेस मजबूत नजर आ रही है।
पिछले 4 दिनों में दक्षिण राज्यों में PM की रैलियां…
पीएम मोदी का 5 दिन का दक्षिण भारत के राज्यों का दौरा 16 मार्च को तेलंगाना से शुरू हुआ था। इसके बाद उन्होंने आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल के दौरे किए। उनकी पिछली 4 दिनों की रैलियों के बारे में जानिए…
15 मार्च- केरल में PM मोदी बोले: यहां लोग डरे हुए हैं, चर्च के पादरी भी हिंसा के शिकार हो रहे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 मार्च को केरल के पथनमथिट्टा में जनसभा की। PM ने कहा- इस बार केरल में कमल खिलने जा रहा है। भाजपा यहां की युवा ऊर्जा को बढ़ावा दे रही है। इसलिए केरल के लोग कह रहे है कि अबकी बार 400 पार। केरल में इस वक्त कानून व्यवस्था की स्थिति खराब होती जा रही है। चर्च के पादरी भी हिंसा के शिकार हो रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें
15 मार्च- तमिलनाडु में PM बोले: BJP का प्रदर्शन I.N.D.I. गठबंधन का घमंड तोड़ देगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 मार्च को तमिलनाडु के कन्याकुमारी में भी जनसभा की। PM ने कहा- आज कन्याकुमारी से देश के इस दक्षिणी छोर से जो लहर उठी है, ये लहर बहुत दूर तक जाने वाली है। तमिलनाडु में भाजपा का प्रदर्शन इस बार DMK और कांग्रेस के INDI गठबंधन का सारा घमंड तोड़ कर रख देगा। पूरी खबर पढ़ें…
16 मार्च- तेलंगाना में PM बोले: लोग BRS के खिलाफ गुस्से से भरे, जनता फिर से मोदी को लाएंगे
लोकसभा चुनाव 2024 में NDA को प्रचंड जीत दिलाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16 मार्च को तेलंगाना के नगरकुर्नूल में रैली की। पीएम ने यहां लोगों से कहा कि तेलंगाना के लोग BRS के खिलाफ गुस्से से भरे हुए हैं। लोगों ने मोदी को फिर से लाने का फैसला सुना दिया है। पूरी खबर पढ़ें…
17 मार्च- आंध्र में मोदी बोले: कांग्रेस गठबंधन को इस्तेमाल करके फेंक देती है, इसीलिए INDI गठबंधन बना
आंध्र प्रदेश के पलनाडु में 17 मार्च को NDA की रैली में PM नरेंद्र मोदी ने कहा- NDA में हम सबको साथ लेकर चलते हैं, दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी है जिसका एक ही एजेंडा है गठबंधन के लोगों को यूज एंड थ्रो करना। आज कांग्रेस के लोगों को भले ही मजबूरी में INDI गठबंधन बनाना हो, लेकिन इनकी सोच वही है। पूरी खबर पढ़ें…
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
