Lok Sabha Election 2024 : चुनावी मौसम में किसी का मिलना और बिछड़ना, किधर है झारखंड में सियासी हवा का रुख?.. – दैनिक जागरण (Dainik Jagran)

Spread the love

Lok Sabha Election 2024 Jharkhand Politics लोकसभा चुनाव के एलान के बाद से झारखंड में सियासी हवा का रुख बदल रहा है। ऐसे में पाला बदलने का क्रम भी शुरू हो गया है। बदलते सियासी घटनाक्रम के बीच पारिवारिक कलह भी सामने आने लगी हैं। चुनाव से पहले प्रदेश में मुख्यमंत्री बदलने के घटनाक्रम ने सियासी हलचल पैदा कर दी थी।
शशि शेखर, रांची। Jharkhand Lok Sabha Election 2024 : लोकसभा चुनाव का बिगुल बज गया है और लोगों की महत्वाकांक्षाएं भी आसमान छूने को बेताब नजर आ रही हैं। यह केवल चुनाव का पर्व नहीं, दल-बदल का पर्व भी है। करवट लेने की तरह रातोंरात लोगों की निष्ठाएं भी बदल जा रही हैं। इससे झारखंड भी अछूता नहीं है और यहां भी पाला बदलने का सिलसिला तेज है। पिछले महीने झारखंड में कांग्रेस के टिकट पर जीती इकलौती सांसद गीता कोड़ा कांग्रेस छोड़ भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने से शुरू हुई इस कड़ी में निरंतर नए नाम जुड़ रहे हैं।

prime article banner

तेजी से बदलते राजनीतिक घटनाक्रम के बीच झारखंड की राजनीति में धमक रखने वाले शिबू सोरेन के परिवार की कलह भी सतह पर आ गई है। शिबू सोरेन की बड़ी बहू विधायक सीता सोरेन ने दो दिन पहले ही झारखंड मुक्ति मोर्चा छोड़ कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। माना जा रहा है कि सीता सोरेन दुमका या राजमहल से चुनाव लड़ सकती हैं। हालांकि इन दोनों ही सीटों पर भाजपा प्रत्याशी की घोषणा कर चुकी है, लेकिन नई परिस्थितियों में पार्टी प्रत्याशी बदल सकती है। वहीं स्टार प्रचारक के तौर पर भी सीता सोरेन भारतीय जनता पार्टी के लिए आदिवासी वोट साधने में मददगार साबित हो सकती हैं।

सीता सोरेन पिछले चार वर्षों से अपने परिवार से असंतुष्ट चल रही थीं। भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद से वह लगातार झामुमो द्वारा स्वयं की उपेक्षा किए जाने और संघर्षों की राह से भटक जाने का आरोप लगा रही हैं। अपने दिवंगत पति दुर्गा सोरेन के संघर्षों की भी याद दिला रही हैं। उधर, पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की राजनीतिक विरासत संभालने के अभियान पर निकली उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी झारखंड मुक्ति मोर्चा की तरफ से मोर्चा संभाले हुए हैं। दुर्गा सोरेन के प्रति हेमंत सोरेन के आदर और हेमंत के प्रति दुर्गा सोरेन के प्रेम का उल्लेख भी वह इंटरनेट मीडिया पर अपने पोस्ट में कर चुकी हैं। सधे शब्दों में सीता सोरेन और उनकी दोनों बेटियों ने इसे सहानुभूति बटोरने की कोशिश बताया है। बताने की जरूरत नहीं कि यह लड़ाई अभी और आगे जाने वाली है। शिबू सोरेन के परिवार में सेंध लगाकर भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड की राजनीति में रणनीतिक तौर पर बड़ी बढ़त ली है।
हालांकि, चुनावी मौसम में कुछ झटके भाजपा को भी लग रहे हैं। भाजपा के मांडू क्षेत्र से विधायक जयप्रकाश पटेल एक दिन पहले ही पार्टी कांग्रेस में जा चुके हैं। उनके हजारीबाग क्षेत्र से लोकसभा चुनाव लड़ने की सूचना है। जयप्रकाश पटेल वर्ष 2019 में विधानसभा चुनाव से ऐन पहले ही झामुमो को छोड़ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए थे। उनके पिता स्वर्गीय टेकलाल महतो झारखंड मुक्ति मोर्चा के दिग्गज नेता थे। जयप्रकाश उन्हीं की राजनीतिक विरासत संभाल रहे हैं और पिछले तीन बार से मांडू क्षेत्र के विधायक हैं। इधर, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष राज पलिवार के भी पाला बदलने की खबर इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुई। हालांकि उन्होंने इसका खंडन किया है। कांग्रेस की विधायक दीपिका पांडेय सिंह, पूर्णिमा नीरज सिंह तथा राजद के विधायक सत्यानंद भोक्ता को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं।
झारखंड की 14 लोकसभा सीट है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा के हिस्से केवल एक सीट आई थी और कांग्रेस की गीता कोड़ा भी सिंहभूम से जीतकर लोकसभा पहुंची थीं। इस बार वह भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। भाजपा की सहयोगी पार्टी आजसू से चंद्रप्रकाश चौधरी गिरिडीह से चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंचे थे। इस तरह भाजपा के खाते में 11 तथा उसकी सहयोगी आजसू की एक सीट मिलाकर राजग के खाते में कुल 12 सीटें आई थीं। सभी पार्टियां जहां लक्ष्य के संधान में लगी हैं, वहीं अलग-अलग कारणों से अंसतुष्ट नेता बहती हवा का रुख भांप अपनी दिशा तय कर रहे हैं। देखना यह है कि अभी कौन किस पाले में जाता है।
यह भी पढ़ें
Lok Sabha Election 2024 : बड़े काम के हैं 20 एप : लोकसभा चुनाव 2024 से जुड़ा कोई सवाल है? आयोग दे रहा सारे ‘डिजिटल’ समाधान
झारखंड की एक ऐसी सीट… जहां BJP-कांग्रेस में रहती है कांटे की टक्कर; रोचक है जीत-हार का आंकड़ा

source

Previous post BJP की तीसरी लिस्ट जारी, तमिलनाडु के 9 उम्मीदवारों का ऐलान, के अन्नामलाई कोयंबटूर और एल. मुरुगन नीलगिरि से लड़ेंगे चुनाव – NBT नवभारत टाइम्स (Navbharat Times)
Next post जावेद ने अब तक क्या-क्या बताया? बदायूं हत्याकांड का आरोपी कोर्ट में पेश, रिमांड पर लेकर हो सकती है पूछताछ – Aaj Tak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *