Bhutan PM Thanked PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिलहाल दो दिवसीय दौरे पर भूटान गए थे और इस बीच भूटान में उनके समकक्ष ने कुछ ऐसी बात कह दी है जो पूरे भारत का दिल छू रहा है. ऐसा लगता है जैसे भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे भी ‘मोदी की गारंटी’ की मुरीद हो गए हैं. शनिवार (23 मार्च) को उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट किया.
इसके जरिए टोबगे ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भूटान की यात्रा के लिए धन्यवाद दिया है. उन्होंने लिखा, ‘मेरे भाई, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हमारे देश की यात्रा के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद. उन्होंने हमसे मिलने का वादा किया था और न तो उनका बिजी शेड्यूल और न ही खराब मौसम इसे पूरा करने से रोक पाया. यह #ModiKaGuarantee ही तो है!’
भूटान के राजा ने एयरपोर्ट तक की पीएम मोदी की अगवानी
पीएम मोदी भूटान की 2 दिवसीय यात्रा के बाद शनिवार को भारत रवाना हुए. इस दौरान भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक ने अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक अगवानी कर पीएम मोदी को विदा किया. उनके साथ टोबगे भी थे. इसके बाद ही उन्होंने पोस्ट कर पीएम मोदी को धन्यवाद दिया.
A big thank you to my brother, PM @narendramodi Ji, for visiting us. Neither his busy schedule nor inclement weather could prevent him from fulfilling his promise to visit us. This must be the #ModiKaGuarantee phenomenon! pic.twitter.com/mXkD5a4MUU
पीएम मोदी ने भूटान नरेश का जताया आभार
पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘मैं महामहिम भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक के दिल्ली के लिए प्रस्थान करते समय मुझे विदा करने के लिए हवाई अड्डे पर आने के विशेष भाव से सम्मानित महसूस कर रहा हूं. यह भूटान की बहुत खास यात्रा रही. मुझे भूटान नरेश, प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे और भूटान के अन्य विशिष्ट लोगों से मुलाकात करने का अवसर मिला. हमारी बातचीत से भारत-भूटान मित्रता में और भी मजबूती आएगी. मैं ऑर्डर ऑफ द ड्रुक ग्यालपो से सम्मानित करने के लिए आभारी हूं.’
पीएम मोदी ने किया है भारत के सहयोग से निर्मित अस्पताल का उद्घाटन
बता दें कि अपनी यात्रा के दौरान पीएम मोदी और शेरिंग टोबगे ने थिंपू में भारत के सहयोग से निर्मित आधुनिक अस्पताल का उद्घाटन किया है. ये अस्पताल महिलाओं व बच्चों को स्वास्थ्य देखभाल उपलब्ध कराएगा. ‘ज्ञाल्त्सुएन जेत्सुन पेमा वांगचुक मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल’ 150 बिस्तर वाला आधुनिक सुविधाओं से लैस अस्पताल है, जिसे थिंपू में भारत सरकार के सहयोग से बनाया गया है. प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘ज्ञाल्त्सुएन जेत्सुन पेमा वांगचुक मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल का उद्घाटन किया जो गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य देखभाल देते हुए कई परिवारों के लिए उम्मीद की किरण है. यह नया अस्पताल स्वस्थ भावी पीढ़ी के पोषण की प्रतिबद्धता का प्रतीक है.’
ये भी पढ़ें:Moscow Terrorist Attack: ‘उन्हें छोड़ेंगे नहीं’, मॉस्को कॉन्सर्ट हॉल अटैक पर बोले पुतिन
