हमने 9 में से 7 ठिकानों को पूरी तरह नेस्तनाबूद कर दिया’
पाकिस्तान को आर्मी चीफ की बड़ी चेतावनी, जनरल द्विवेदी ने बताया कि अप्रैल 2025 में पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोगों की जान गई थी। इसके जवाब में उच्च स्तर पर फैसला लिया गया कि निर्णायक कार्रवाई की जाएगी। इसी के तहत 7 मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर शुरू हुआ, जो आतंकवादियों के ठिकानों पर सटीक हमलों के रूप में चला। सेना प्रमुख ने कहा, ‘पहलगाम हमले के बाद उच्च स्तर पर स्पष्ट फैसला लिया गया कि निर्णायक जवाब दिया जाएगा। ऑपरेशन सिंदूर को बहुत सटीक तरीके से लागू किया गया। 7 मई को शुरूआत के 22 मिनट में और फिर 10 मई तक कुल 88 घंटों की कार्रवाई में हमने गहराई तक हमला कर आतंक के ढांचे को तोड़ा और पाकिस्तान की परमाणु धमकियों को भी चकनाचूर किया। हमने 9 में से 7 ठिकानों को पूरी तरह नेस्तनाबूद कर दिया।’
‘भविष्य में किसी भी दुस्साहस का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा’
जनरल द्विवेदी ने जोर देकर कहा कि ऑपरेशन सिंदूर अभी भी जारी है। उन्होंने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा, ‘भविष्य में कोई भी दुस्साहस किया गया तो उसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।’ सेना प्रमुख ने सभी संबंधित विभागों जैसे CAPF, खुफिया एजेंसियां, नागरिक प्रशासन, गृह मंत्रालय, रेलवे आदि की सक्रिय भूमिका की सराहना की। उन्होंने 2025 में दुनिया भर में बढ़ते सशस्त्र संघर्षों का जिक्र करते हुए कहा कि तैयार रहने वाली राष्ट्र ही जंग में जीतते हैं। उन्होंने कहा, ‘ऑपरेशन सिंदूर ने भारत की तैयारियों, सटीकता और रणनीतिक स्पष्टता को दिखाया। प्रधानमंत्री के जॉइंटनेस, आत्मनिर्भरता और इनोवेशन (JAI) के नारे, रक्षा मंत्री द्वारा 2025 को सुधार का वर्ष घोषित करने और सेना के परिवर्तन के दशक के तहत कई कदम उठाए गए हैं। 2025 में हुई प्रगति से हमें संतुष्टि है।’
