Lok Sabha Election 2024 Live: लोकसभा चुनाव सिर पर हैं और दूसरे फेज के लिए उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर रहे हैं. वायनाड की लड़ाई के लिए कांग्रेस सांसद और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आज 12 बजे नामांकन दाखिल करेंगे. सीपीआई उम्मीदवार एनी राजा आज 10 बजे नामांकन दाखिल करेंगी. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी राहुल गांधी जी के चुनाव नामांकन में शामिल होंगी. राहुल कलपेट्टा में रोड शो का नेतृत्व करके अपने चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे.
चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव के दौरान समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए कई राज्यों में प्रशासनिक, सुरक्षा और व्यय निगरानी के मकसद से विशेष पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की. निर्वाचन आयोग का कहना है कि विशेष पर्यवेक्षकों (सामान्य और पुलिस) को पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और बिहार में तैनात किया गया है जहां की आबादी सात करोड़ से अधिक है. इनकी तैनाती आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भी की गई, जहां लोकसभा चुनाव के साथ विधानसभा चुनाव भी होना है. उसने कहा कि आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और ओडिशा में विशेष व्यय पर्यवेक्षक भी तैनात किए गए हैं.
इधर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ पर कटाक्ष करते हुए हुए मंगलवार (2 अप्रैल) को कहा कि यह पहला आम चुनाव है, जिसमें सारे भ्रष्टाचारी भ्रष्टाचार पर कार्रवाई रोकने के लिए रैलियां कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि परिवारवादी पार्टियां अपने परिवार को बचाने के लिए रैलियां कर रही हैं. मोदी कोटपूतली में एक चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा,‘‘यह पहला ऐसा चुनाव है जिसमें परिवारवादी पार्टियां अपने परिवार को बचाने के लिए रैलियां कर रही हैं. यह पहला ऐसा चुनाव है जिसमें सारे भ्रष्टाचारी मिलकर भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई रोकने के लिए रैली कर रहे है. मैं कहता हूं भ्रष्टाचार हटाओ, वे कहते हैं भ्रष्टाचारियों को बचाओ.’’ उन्होंने कहा,‘‘आज देश में भाजपा की मजबूत और निर्णायक सरकार की जरूरत और ज्यादा बढ़ गई है. मैं परिवारवादी पार्टियों व उनके भ्रष्टाचार पर सवाल उठाता हूं इसलिए मैं उनके निशाने पर हूं.’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि मोदी मौज करने के लिए नहीं जन्मा है, बल्कि मेहनत करने के लिए जन्म लिया है.
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और विदिशा लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार शिवराज सिंह चौहान ने देवास में कहा, “हमारे लिए प्रेम ही मुख्य मुद्दा है. अगर आप जनता से प्रेम करते हैं तो आप अच्छी संरचनाएं बनाएंगे, अच्छी व्यवस्थाएं करेंगे… बड़े स्तर पर देखें तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक जिस विकसित को भारत बनाने का संकल्प लिया है, उसके निर्माण के लिए जितनी भी हममें क्षमता है वो देंगे.”
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, “राज्य में लोगों के बीच उत्साह देखा जा सकता है. आगामी चुनावों में प्रधानमंत्री मोदी को 400 सीटें दी जाएंगी. वह बड़े जनादेश के साथ चुने जाएंगे और तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे. कांग्रेस और अन्य पार्टियों में चुनाव हारने का डर है इसलिए वे एक हो रहे हैं.”
मध्य प्रदेश के पन्ना में राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, “मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि भाजपा ने जैसे ही खजुराहो से प्रत्याशी घोषित किया वैसे ही कांग्रेस के लोगों ने मैदान छोड़ दिया और कांग्रेस ने अपनी हार को देखते हुए यह सीट समाजवादी पार्टी के गले में डाल दी. दोनों को ही यहां से प्रत्याशी नहीं मिल रहा है… जनता का प्यार बता रहा है कि यहां भाजपा की जीत तय है.”
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने पश्चिम बंगाल के बालुरघाट निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार और पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष डॉ. सुकांता मजूमदार के समर्थन में ‘मेगा रैली’ में हिस्सा लिया.
राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने बाड़मेर में कहा, “अगर भाजपा को अपने पर इतना विश्वास होता तो विपक्ष के सब नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल न करते. राजस्थान में इस बार माहौल ऐसा है कि लगातार लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं. नौजवान रोजगार चाहते हैं. किसान अपने भविष्य को बेहतर देखना चाहता है. क्या भाजपा के नेताओं के बेटे सांसद और विधायक नहीं है? उनके बच्चे चुनाव लड़ते हैं तो उन्हें वो ठीक लगता है.”
शिवसेना UBT ने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है. कल्याण डोम्बीवली से वैशाली दरेकर, हथकंगले से सत्यजीत पाटिल, जलगांव से करण पवार और पालघर से भारती कामडी को टिकट मिला है.
उत्तर प्रदेश की मथुरा सीट से बीजेपी उम्मीदवार हेमा मालिनी ने नामांकन करने से पहले यमुना पूजा की. वह इस सीट से लगातार 2 बार सांसद बन चुकी हैं.
राहुल गांधी अपने चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं. वह केरल के कलपेट्टा में रोड शो कर रहे हैं.
कांग्रेस के ‘घर-घर गारंटी अभियान’ पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, “यहां से हमारी घर-घर गारंटी अभियान की शुरुआत हो रही है. आज राहुल गांधी भी वायनाड में इस अभियान में शामिल होंगे. हम 8 करोड़ परिवारों तक गारंटी कार्ड पहुंचाएंगे. हमारे 5 न्याय 25 गारंटी, जिसकी घोषणा भारत जोड़ो न्याय यात्रा के समय में कांग्रेस अध्यक्ष और राहुल गांधी ने की थी उस कार्ड का वितरण आज से किया जाएगा.”
राजस्थान की कोटा-बूंदी लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार ओम बिरला ने कहा, “प्रधानमंत्री के नेतृत्व में तीसरी बार सरकार बनने जा रही है. पीएम ने देश में जिस प्रकार से प्रत्येक क्षेत्र में परिवर्तन किया है उससे जनता उत्साहित है. मुझे कोटा की जनता ने काफी आशीर्वाद दिया है… मैं आज नामांकन दाखिल करने जा रहा हूं, कोटा की जनता से फिर से आशीर्वाद मांगने जा रहा हूं.”
