आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव की बेटी मीसा भारती ने गुरुवार (11 अप्रैल) को कहा- अगर जनता का आशीर्वाद मिला और हमारी सरकार आई तो पीएम मोदी समेत बीजेपी के कई नेता जेल में होंगे। इस पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि 2029 तक तो सब फिक्स है। इसके बाद ही कुछ सोचेंगे।
मीसा भारती पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से आरजेडी के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। उन्होंने दो बार पीएम मोदी के जेल जाने को लेकर बयान दिया है। पहली बार उन्होंने एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में ये बयान दिया। वहीं, दूसरी बार चुनावी रैली के दौरान ये बात कही। पूरी खबर पढ़ें…
उधर, कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री एके एंटनी ने बुधवार (10 अप्रैल) को कहा कि नेहरू परिवार से कोई नेता जरूर उत्तर प्रदेश की सीट से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि रायबरेली या अमेठी सीट से पार्टी राहुल गांधी या प्रियंका गांधी को चुनाव में उतारेगी। वहीं, रॉबर्ट वाड्रा के चुनाव लड़ने की अटकलों को उन्होंने खारिज कर दिया। एंटनी ने कहा कि देश की सभी सेक्युलर पार्टियों में गांधी परिवार पर पूरा भरोसा है।
इसके अलावा मंगलवार रात को कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए महाराष्ट्र की दो सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की। कांग्रेस ने धुले सीट से शोभा दिनेश बच्छाव को उम्मीदवार बनाया। वहीं, जालना संसदीय क्षेत्र से कल्याण काले को टिकट दिया है।
देशभर में लोकसभा चुनाव से जुड़े अपडेट्स यहां पढ़ें…
कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला ने अलप्पुझा में कहा- अगर उनका (पीएम मोदी) का चेहरा यहां (केरल में) दिखेगा तो दिन पर दिन हमारी स्थिति मजबूत होगी। नरेंद्र मोदी और अमित शाह के दौरे केरल में होने चाहिए, इससे हमारी स्थिति अच्छी होगी। लोग उनकी योजनाएं समझ चुके हैं। चुनाव के बाद उन्हें कोई सीट नहीं मिलेगी।
कांग्रेस नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चह्वाण ने मुंबई में कहा- मुझे खुशी होगी, अगर वे (पीएम नरेंद्र मोदी) कांग्रेस के मेनिफेस्टो पर बात करें और उसके पॉइंट्स की आलोचना करें। लेकिन वे कांग्रेस मेनिफेस्टो पर सकारात्मक चर्चा नहीं करना चाहते। हमारे मेनिफेस्टो को मुस्लिम लीग मेनिफेस्टो कहना बचकाना है। प्रधानमंत्री को विपक्ष से मुद्दों पर आधारित, अपनी सरकार के 10 साल के काम पर बात करनी चाहिए। हम भाजपा से इसी आधार पर बात करेंगे।
आंध्र प्रदेश के ईस्ट गोदावरी में तेलुगु देशम पार्टी (TDP) प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू और जनसेना पार्टी के पवन कल्याण ने रोड शो किया।
मीसा भारती के बयान पर उनके भाई और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा- किसी ने क्या बोला, क्या नहीं बोला, इससे क्या करना। मैं तो ये कहना चाहता हूं कि काम क्या हो रहा है। देश में काम होना चाहिए। अगर प्रधानमंत्री यहां आ रहे हैं तो बताएं कि वे 5 साल में बिहार के लिए क्या करेंगे?
कर्नाटक के मंत्री और कांग्रेस नेता प्रियांक खड़गे ने कहा- राहुल गांधी के नेतृत्व पर सवाल उठाने के बजाय बीएस येदियुरप्पा को ये बताना चाहिए कि उन्हें मुख्यमंत्री की कुर्सी क्यों छोड़नी पड़ी। पूरी भाजपा कह रही है कि राज्य भाजपा इकाई को शुद्धिकरण (प्यूरीफिकेशन) की जरूरत है। RSS का आंतरिक सर्वे कहता है कि भाजपा 200 सीटों से ज्यादा नहीं जीतेगी। लोग मोदी शासन से परेशान हैं। मोदी नारे देते हैं और प्रचार करते हैं। केंद्र में हम सरकार बनाने जा रहे हैं।
कर्नाटक के पूर्व सीएम बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि भाजपा को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। पीएम मोदी की लोकप्रियता बढ़ी है। हम कर्नाटक की 28 में से 26 सीटें जीतेंगे। जेडीएस और भाजपा साथ हैं। मुझे 100% विश्वास है कि भाजपा जीतेगी।
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने हुबली में कांग्रेस पर तंज कसा- अगर अच्छी बारिश होती है, यदि बच्चा पैदा होता है तो वे (कांग्रेस) कहेंगे कि ये सब गृह लक्ष्मी योजना के 2000 रुपए के चलते हो रहा है। कांग्रेस यही सब बताने की कोशिश कर रही है।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा- वे (मीसा भारती) कह रही हैं कि अगर हम (INDI गठबंधन) सत्ता में आए तो…। पहले तो मैं ये पूछना चाहूंगा कि आपको क्या लगता है? 2029 तक तो सब फिक्स है। इसके बाद देखेंगे। उनका (RJD) का चारा घोटाला था। उन्होंने कागज पर रोड बना दी थी, जमीन पर कुछ भी इम्प्लीमेंट नहीं हुआ।
कुल्लू में कंगना रणोट ने कहा- जो नए लोग हैं, आउटसाइडर्स हैं, उनको मौका मिलना चाहिए। फिल्म इंडस्ट्री पर भी ये लागू होता है। अभी तक उन्होंने (INDI अलायंस) यहां (मंडी) से कैंडिडेट का ऐलान नहीं किया। वे काफी नर्वस और डरे हुए हैं। अगर वे डरे हुए नहीं रहते तो महिलाओं को खिलाफ अनाप-शनाप नहीं कहते। मुझे हमेशा वंशवाद से जूझना पड़ा है तो यहां भी जूझना पड़ेगा। उनके पास राजनीतिक मुद्दा नहीं है, वे हर लेवल पर फेल हो गए हैं। हिमाचल प्रदेश में टूटती-फूटती सरकार है, जो कभी भी जा सकती है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ‘भाजपा वाले हिंदू-मुसलमान नहीं करते, सभी धर्मों की बात करते हैं।’ कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा- मैं इन्हें हमारी योजनाएं गिनाना शुरू करूंगा तो घंटों निकल जाएंगे।
राजनाथ सिंह गुरुवार को रीवा के मऊगंज पहुंचे। उन्होंने यहां देवतालाब विधानसभा क्षेत्र में सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा, मध्यप्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं रहा। देश के विकास का चक्का जो मोदी जी के नेतृत्व में घूम रहा है, उसमें ग्रोथ इंजन की भूमिका मध्यप्रदेश निभा रहा है।
राजनाथ सिंह रीवा से सतना के नागौद जाएंगे। यहां अगोल मैदान में जनसभा में शामिल होंगे। रक्षा मंत्री दोपहर 3 बजकर 45 मिनट पर हेलिकॉप्टर से प्रयागराज रवाना होंगे। पूरी खबर पढ़ें…
पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर गोलियां चलाने वाले बेअंत सिंह के बेटे ने लोकसभा चुनाव 2024 में उतरने का फैसला किया है। बेअंत सिंह के बेटे सर्बजीत सिंह खालसा ने स्टार उम्मीदवारों की सीट बन चुके फरीदकोट (SC) से निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की है। यहां से अभी तक आम आदमी पार्टी के कर्मजीत सिंह अनमोल और BJP ने हंस राज हंस को उतारा है। पढ़ें पूरी खबर…
गुजरात के कांग्रेस नेता रोहन गुप्ता ने गुरुवार को नई दिल्ली में भाजपा की सदस्यता ले ली। उन्होंने 22 मार्च को कांग्रेस नेताओं पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस छोड़ दी थी।
पश्चिम बंगाल के हुगली से भाजपा प्रत्याशी लॉकेट चटर्जी ने गुरुवार को लोकल ट्रेन में प्रचार किया।
भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार (11 अप्रैल) को लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की 11वीं लिस्ट जारी की है। इसमें पार्टी ने उत्तर प्रदेश की भदोही लोकसभा सीट से डॉ. विनोद कुमार बिंद को उम्मीदवार बनाया है।
इससे पहले पार्टी ने बुधवार को 10वीं लिस्ट जारी की थी। इसमें 9 उम्मीदवारों का नाम था।
बिजनौर से सांसद मलूक नागर ने गुरुवार सुबह 9 बजे बसपा से इस्तीफा दिया। इसके ठीक एक घंटे बाद यानी 10 बजे वो राष्ट्रीय लोकदल अध्यक्ष जयंत चौधरी के दिल्ली आवास पर पहुंच गए।
वहां जयंत चौधरी ने पहले से प्रेस कॉफ्रेंस बुला रखी थी। जयंत ने मलूक नागर के साथ ही उनकी पत्नी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुधा नागर और UP सरकार में मंत्री रहे लखीराम नागर को रालोद जॉइन कराई। पूरी खबर पढ़ें…
पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी ने कोलकाता में ईद के मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए कहा- मैं राज्य में CAA, NRC, UCC लागू नहीं होने दूंगी। अगर हम एक साथ मिलकर रहेंगे तो कोई भी हमें नुकसान नहीं पहुंचा पाएगा। कुछ लोग चुनाव के दौरान दंगा कराने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन आप लोग इस साजिश का शिकार मत होइएगा।
ममता ने आगे कहा- TMC की लड़ाई भाजपा के खिलाफ है। हमने I.N.D.I.गठबंधन बनाया है, लेकिन राज्य में किसी अन्य पार्टी को वोट नहीं जाना चाहिए।
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने बेंगलुरु में गुरुवार (11 अप्रैल) को कहा कि “कांग्रेस भूल गई है कि उसे लोकसभा चुनाव लड़ना है। राहुल गांधी का नेतृत्व पूरी तरह विफल रहा है।
बीजेपी ने पिछले 10 सालों में 7 करोड़ लोगों को रोजगार दिया है, जबकि सिद्धारमैया की सरकार ने पिछले 10 महीनों में एक भी व्यक्ति को रोजगार नहीं दिया है। हम पीएम नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों के आधार पर चुनाव लड़ रहे हैं।
बसपा से इस्तीफा देने पर लोकसभा सांसद मलूक नागर बोले- देश के लिए कुछ करना है इसीलिए आज मैंने पार्टी से इस्तीफा दिया है।
BSP का यह इतिहास रहा है कि एक कार्यकाल के बाद या तो आपको पार्टी से बाहर कर दिया जाता है या फिर लोग पार्टी छोड़कर चले जाते हैं। हम देश के लिए और देश के लोगों के लिए काम करना चाहते हैं।
बिजनौर के सांसद मलूक नागर ने गुरुवार को बसपा से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने बसपा प्रमुख मायावती को भेजे इस्तीफे में लिखा- ’39 वर्षों में ऐसा पहली बार हुआ है जब हम विधायकी भी नहीं लड़ पाए और सांसद भी नहीं लड़ पाए। हमारे परिवार की सामाजिक-राजनैतिक हैसियत या देश स्तर पर पहचान वाला कोई भी व्यक्ति नहीं, जो हमारे जितना लंबा समय के लिए बसपा में रहा हो। आज के परिवेश व कई राजनीतिक कारणों से हम बसपा की सदस्यता से इस्तीफा देते हैं। आपके साथ 18 वर्ष रहकर जो समय गुजरा, उसके लिए आभारी रहेंगे।’ दरअसल, इस बार बसपा ने मलूक नागर का टिकट काट दिया था।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सिक्किम के गंगटोक में कहा- जो पहले की सरकारें थीं वो अलगाव और अज्ञानता में विश्वास करती थीं। इन लोगों को अलग रखों और अज्ञानता में रखों और अपना वोट बैंक बढ़ाओ, लेकिन जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पीएम बने तो उन्होंने कहा कि पूर्व की ओर देखें, पूर्व की ओर कार्य करें, तेजी से कार्य करें और पहले कार्य करें। इसलिए पीएम मोदी ने कहा कि यदि हमारे देश का उत्तरपूर्वी भाग कमजोर रहेगा तो भारत आगे नहीं बढ़ेगा।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ओडिशा के संबलपुर में बोले- कांग्रेस ने संविधान को तार-तार किया था। सभी प्रकार की संवैधानिक संस्थाओं को कुचलने का काम कांग्रेस पार्टी ने ही किया है। भाजपा संविधान को सर्वोपरि मानती है। कांग्रेस पार्टी को इस बार पराजय का सामना करना पड़ेगा।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव के भाजपा उम्मीदवारों के साथ सिक्किम के गंगटोक में बातचीत की।
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने लखनऊ में कहा, “भाजपा झूठ का सहारा लेकर काम कर रही है। इन्होंने जनता से झूठे वादे किए हैं। इससे ज्यादा खतरनाक काम लोकतंत्र में क्या हो सकता है। 10 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी बढ़ी है
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राजस्थान के तिजारा से भाजपा उम्मीदवार बाबा बालकनाथ के समर्थन में एक चुनावी रैली को संबोधित किया।
लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने बुधवार को 10वीं लिस्ट जारी की। इसमें उत्तर प्रदेश से 7, पश्चिम बंगाल से एक और चंडीगढ़ लोकसभा सीट से प्रत्याशियों के नाम हैं। चंडीगढ़ की मौजूदा सांसद किरण खेर का टिकट काटकर पार्टी ने संजय टंडन को उम्मीदवार बनाया है।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश की बलिया सीट से पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बेटे नीरज शेखर को मौका दिया गया है। 2019 में यहां से वीरेंद्र सिंह को उम्मीदवार बनाया गया था। इसके अलावा इलाहाबाद से रीता बहुगुणा जोशी का भी टिकट काट दिया गया है।
UP के छह और नामों में कोशांबी से विनोद सोनकर, मैनपुरी से जयवीर सिंह ठाकुर, फूलपुर से प्रवीण पटेल, इलाहाबाद से नीरज त्रिपाठी, मछलीशहर से बीपी सरोज और गाजीपुर से पारसनाथ राय को टिकट दिया है। भाजपा ने अब तक 413 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं।
इसके अलावा पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री एसएस अहलुवालिया को टिकट दिया गया है। आसनसोल से पहले भोजपुरी सिंगर पवन सिंह को टिकट दिया गया था, लेकिन उन्होंने इस सीट से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया। अहलुवालिया 2019 में दुर्गापुर से चुनाव जीते थे। 2014 में वे दार्जिलिंग सीट से भी सांसद रह चुके हैं।
लोकसभा चुनाव के लिए NCP शरदचंद्र पवार ने तीसरी लिस्ट जारी कर दी है। महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीट में 10 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली पार्टी NCP (SCP) की तीसरी लिस्ट में 2 नामों का एलान किया गया है।
पार्टी ने सतारा लोकसभा सीट से रिशिकांत शिंदे और रावेर से श्रीराम पाटिल को टिकट दिया है। अब तक पार्टी ने कुल 9 सीटों का एलान किया है।
RJD ने मंगलवार को लोकसभा चुनाव के लिए 22 उम्मीदवारों के नामों की सूची जारी कर दी है। सारण और पाटलिपुत्र सीट से लालू प्रसाद की बेटी चुनाव लड़ेंगी। रोहिणी आचार्य सारण तो पाटलिपुत्र से तीसरी बार मीसा भारती को प्रत्याशी बनाया है।
इससे पहले लालू प्रसाद कई सीटों पर सिंबल बांट चुके हैं। हालांकि, आज पहली बार पार्टी की ओर से आधिकारिक सूची जारी की गई है। वहीं, सीवान से किसी प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं की गई है। चिराग पासवान के मुकाबले हाजीपुर से शिवचंद्र राम पर पार्टी ने भरोसा जताया है।
तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने 10 मार्च को पश्चिम बंगाल की 42 लोकसभा सीटों पर अपने कैंडिडेट्स की घोषणा कर दी। पार्टी ने बहरामपुर सीट से कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी के खिलाफ क्रिकेटर यूसुफ पठान को उतारा है।
इसके अलावा आसनसोल से अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा और दुर्गापुर से पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद का नाम शामिल है। TMC ने बशीरहाट लोकसभा सीट से एक्ट्रेस नुसरत जहां और जादवपुर सीट से एक्ट्रेस मिमी चक्रवर्ती का टिकट काट दिया है।
TMC ने 2024 लोकसभा चुनाव के लिए 16 मौजूदा सांसदों को टिकट दिया है। इनमें 12 महिलाएं भी शामिल हैं। इसके अलावा बंगाली फिल्म इंडस्ट्री के दो बड़े चेहरे रचना बनर्जी को हुगली और दीपक अधिकारी देव को घाटल से टिकट दिया है। पूरी खबर पढ़ें …
चुनाव आयोग ने 16 मार्च को लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान किया। इसी के साथ आचार संहिता भी लागू हो गई। 543 सीटों के लिए चुनाव सात फेज में होगा। पहले फेज की वोटिंग 19 अप्रैल को और आखिरी फेज की वोटिंग 1 जून को होगी। 4 जून को नतीजे आएंगे। आचार संहिता से लेकर नतीजे तक इसमें 80 दिन लगेंगे।
लोकसभा के साथ 4 राज्यों- आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के विधानसभा चुनाव की तारीखें भी जारी कर दी गई हैं। ओडिशा में 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून को वोटिंग होगी। बाकी तीन राज्यों में एक फेज में चुनाव होंगे। अरुणाचल और सिक्किम में 19 अप्रैल, आंध्र प्रदेश में 13 मई को वोट डाले जाएंगे।
इलेक्शन शेड्यूल में सीटों की संख्या 543 से बढ़कर 544 सीटें हो गई है। इसकी वजह मणिपुर की आउटर मणिपुर लोकसभा सीट है। इस लोकसभा सीट में 28 विधानसभा सीटें है। 15 विधानसभा सीटों में 19 अप्रैल को और 13 विधानसभा सीटों में 26 अप्रैल को मतदान होगा। पूरी खबर पढ़ें …
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
