ठीक एक हफ्ते बाद 19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग है। भाजपा 14 अप्रैल को दिल्ली में पार्टी का घोषणापत्र जारी करेगी। इसमें पीएम नरेंद्र मोदी मौजूद रह सकते हैं।
इस बीच, मंडी से भाजपा उम्मीदवार कंगना रनोट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भगवान राम का अंश बताया। ये भी कहा कि हम सब उनकी (पीएम मोदी) चेतना, उनके त्याग और उनके चरित्र का अंश हैं।
वहीं, गया में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान ने मीसा भारती पर निशाना साधा। चिराग ने कहा- ये किस तरह की भाषा है? इस तरह की भाषा से आप देश और दुनिया को किस तरह का मैसेज दे रही हैं? इस तरह की भाषा वे लोग इस्तेमाल कर रहे हैं, जो खुद भ्रष्टाचार में आरोपी हैं। उनके परिवार के कई सदस्य भ्रष्टाचार के मामलों में आरोपी हैं। यह बदले की भाषा है।
हाल ही में लालू प्रसाद यादव की बड़ी बेटी मीसा भारती ने कहा था कि हमारी (I.N.D.I. गठबंधन) की सरकार बनी तो पीएम मोदी जेल जाएंगे। RJD ने मीसा भारती को पाटलिपुत्र और उनकी छोटी बहन रोहिणी आचार्य को सारण से टिकट दिया है।
देशभर में लोकसभा चुनाव से जुड़े अपडेट्स सिलसिलेवार यहां पढ़ें…
मणिपुर की इनर मणिपुर लोकसभा सीट पर पहले चरण में 19 अप्रैल को वोटिंग होगी। यहां पर चुनाव आयोग ने खास इंतजाम किए हैं। मणिपुर हिंसा में विस्थापित हुए लोगों के लिए 29 स्पेशल पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। रिटर्निंग ऑफिसर ठा. किरण कुमार ने कहा कि चुनाव के लिए तैयारियां जारी हैं।
केंद्रीय मंत्री और कूच बिहार से भाजपा उम्मीदवार निशीथ प्रमाणिक ने कहा- तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी है। तृणमूल कांग्रेस का पश्चिम बंगाल में एक संगठन के रूप में देहांत हो चुका है। पुलिस और कुछ गुंडों द्वारा पार्टी चलाने का प्रयास किया जा रहा है। ममता मुख्यमंत्री हैं, वे जितना बार चाहें, कूच बिहार आ सकती हैं, लेकिन उससे कुछ भी फायदा नहीं होगा। जितनी बार वे आएंगी, तृणमूल कांग्रेस उतने ज्यादा वोट से हारेगी।
भाजपा 14 अप्रैल सुबह 11:30 बजे अपना मेनिफेस्टो जारी करेगी। दिल्ली स्थित भाजपा विस्तार कार्यालय में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा घोषणापत्र जारी करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसमें मौजूद रह सकते हैं।
यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- सपा समाप्तवादी पार्टी है। यूपी में उसका खाता भी नहीं खुलेगा। उन्हें (अखिलेश यादव) और उनके परिवार के हर सदस्य को पता है कि वे चुनाव हार चुके हैं। वे चुनाव लड़ने की फॉर्मेलिटी कर रहे हैं। भाजपा को 370 और NDA को 400 सीटें मिलेंगी।
राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने शुक्रवार को X पर ट्वीट कर PM मोदी पर निशाना साधा। लालू ने लिखा- ऐपीटाइजर लाते-लाते 10 साल लगा दिए। मेन कोर्स लाते-लाते तो 100 साल लगा देंगे। बंदा इंतजार करते-करते मर जाएगा। दूसरा- जब इनके ऐपीटाइजर में ही गरीबी, महंगाई और बेरोजगारी रिकॉर्ड तोड़ स्तर पर है तो थाली में क्या होगी? आपके हाथ में थाली नहीं बल्कि कटोरा होगा। इसलिए वोट की चोट दीजिए और नौकरी देने वाली सरकार चुनिए।
हैदराबाद से सांसद और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी कमाटीपुरा, उस्मान बाग और बंडलगुड़ा इलाके में घर-घर जाकर प्रचार किया।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने काशीपुर में कहा- सभी जानते हैं कि अगली सरकार भी NDA की ही होगी। पीएम मोदी ही फिर से प्रधानमंत्री बनेंगे।
राहुल ने तमिलनाडु के तिरुनेलवेली में कहा- देश में विचारधारा की लड़ाई चल रही है। एक तरफ पेरियार के विचार है, सामाजिक न्याय, स्वतंत्रता-समानता हैं, दूसरी तरफ नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार है। देश में कई भाषाएं और संस्कृतियां हैं, हम सबका सम्मान करते हैं। मोदी कहते हैं- एक देश, एक नेता और एक भाषा होनी चाहिए। पूरी खबर पढ़ें…
मथुरा सांसद व लोकसभा प्रत्याशी हेमा मालिनी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में हेमा मालिनी चुनाव प्रचार के दौरान महिला किसानों के साथ गेहूं काटते दिख रही हैं।
हेमा मालिनी गुरुवार (11 अप्रैल) को बलदेव विधानसभा के गढ़ी गोहनपुर गांव में चुनाव प्रचार कर रही थीं। हेमा मालिनी खेतों में फसल काट रही महिलाओं से मिलने खेत में पहुंच गईं। उनसे हालचाल पूछा। इसके बाद वोट देने की अपील की और केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। हाथ में हंसिया लेकर गेहूं की फसल भी काटी।
कंगना रनोट ने कुल्लू में कहा- हम दिलों में धर्म की चिंगारी पीएम नरेंद्र मोदी ने जगाई है। आज के चिंगारी आग बन चुकी है। हमारे प्रधानमंत्री साक्षात श्रीराम का अंश हैं। श्रीराम की पूजा उनके शरीर या मूर्ति की ही नहीं होती, उनके चरित्र की होती है। उनमें (पीएम मोदी) में वही संयम, वही त्याग, वही परिश्रम, वही करुणा, वही क्षमा, वही भाव देखने को मिलते हैं। मैं भी रामसेतु की एक गिलहरी हूं। आप-मैं हम लोगों का कोई अस्तित्व होना ही नहीं चाहिए। हम सब नरेंद्र मोदी हैं। हम सब उनकी चेतना, उनके त्याग और उनके चरित्र का अंश हैं। नरेंद्र मोदी की जो योजनाएं हैं, जो मकसद हैं, हम उसके लिए लड़ेंगे।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने छिंदवाड़ा में कहा- मध्य प्रदेश पहले बीमारू राज्य था। 2014 के पहले देश क्या था? आए दिन आतंकवादियों का अटैक होता था। हर दिन घोटाले हुआ करते थे। एयर कंडीशंड कमरों में नीतियां बना करती थीं। जमीनी स्तर से किसी का कोई लेना-देना नहीं था। विकास रुक गया था, किसान आत्महत्या कर रहे थे। युवा लाचार था।
तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस उम्मीदवार शशि थरूर ने कहा कि भाजपा यहां पर दो चुनावों में दूसरे नंबर पर रही। 2009 में मैंने ये सीट कम्युनिस्ट पार्टी से जीती। इसके बाद भाजपा यहां दूसरे नंबर पर रही। इसमें कोई आश्चर्य नहीं है कि वे एक मजबूत खिलाड़ी बनकर उभरे हैं। वे चुनाव को गंभीरता से लेते हैं। कम्युनिस्ट पार्टी का कैंपेन धीमा है। भाजपा तिरुवनंतपुरम को मजबूत सीट मानती है। अगर उन्हें यहां से उम्मीद है तो हम भी उतने ही जोश और आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी कर रहे हैं।
राजनाथ सिंह ने उत्तराखंड के चंपावत में पूछा- आप लोगों ने डायनासौर के बारे में सुना है? डायनासौर को देखा है? जैसे धरती से डायनासौर लुप्त हो गए, वैसे ही अब कांग्रेस लुप्त होती जा रही है।
अखिलेश यादव ने पीलीभीत में कहा- चीनी सेनाएं हमारे देश के अंदर तक आ गईं। उन्होंने रेजांग ला का मेमोरियल तोड़ दिया। ये गंभीर मसला है। क्या आप इस तरह दुनिया में विश्वगुरु बनेंगे? क्या आपकी दुनिया में पहचान इसलिए बनेगी कि आपने अपनी सीमाएं सिकोड़ ली हैं। हमारी सरकार कहती है कि अगर उन्होंने हमारे गांव के नाम (चीन अरुणाचल के नाम बदल देता है) बदल दिए तो हम चीन का नाम बदल देंगे। इससे काम नहीं चलेगा। अगर चीन से कारोबार रोक देंगे तो हमारा देश दुनिया में सबसे आगे दिखाई देगा।
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में पीएम नरेंद्र मोदी ने चुनावी जनसभा में बिना नाम लिए राहुल गांधी और लालू परिवार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये लोग सावन के महीने में मटन बनाते हैं, इसका वीडियो भी बनाते हैं और जारी करते हैं।
देश का कानून किसी को भी कुछ भी खाने से नहीं रोकता, ना ही ये मोदी किसी को रोकता है। ये लोग वीडियो जारी कर देश के लोगों को चिढ़ाते हैं। ये लोग सावन के महीने में वीडियो दिखाकर, मुगल मानसिकता के द्वारा लोगों को चिढ़ाना चाहते हैं।
7 महीने पहले सावन के महीने में राहुल गांधी ने लालू यादव से मटन बनाना सीखा और इसका वीडियो अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया था। वहीं चैत्र नवरात्र के पहले दिन 9 अप्रैल को तेजस्वी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल x पर एक वीडियो शेयर किया था। जिसमें वो हेलिकॉप्टर में VIP प्रमुख मुकेश सहनी के साथ में लंच में चेचरा मछली और रोटी खाते दिखाई देते दिख रहे थे। पढ़ें पूरी खबर…
उत्तराखंड में चुनावी रैली के दौरान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बिग बॉस के घर जैसा है। वहां लोग रोज एक-दूसरे के कपड़े फाड़ रहे हैं। अगर कांग्रेस ने लोगों को दिए आश्वासनों में से 50% भी पूरे किए होते तो भारत एक विकसित देश होता।
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए तीसरे चरण के लिए नामांकन आज से शुरू हो रहे हैं। इसमें 12 राज्यों की 94 सीटों पर प्रत्याशी अपना नॉमिनेशन दाखिल करेंगे। 19 अप्रैल नामांकन जमा करने आखिरी तारीख है।
पहले चरण के लिए जिन कैंडिडेट्स ने नामांकन दाखिल कर दिया है, उनमें सबसे अमीर कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ हैं। उनकी चल-अचल संपत्ति 717 करोड़ है।2024 का लोकसभा चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों की दौलत अचल से ज्यादा चल संपत्तियों के रूप में है। पहले चरण के 10 सबसे अमीर प्रत्याशियों की कुल संपत्ति 2,664 करोड़ रुपए है।
इसमें चल संपत्ति 1,815 करोड़, जबकि अचल संपत्ति 849 करोड़ रुपए की ही हैं। यह बात एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की रिपोर्ट के विश्लेषण में सामने आई है।
हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने एक मामले के फैसले में कहा है कि प्रत्याशियों को सभी चल संपत्ति का खुलासा करना जरूरी नहीं है। कोर्ट ने कहा, ‘हर केस की अपनी खासियत है। कोई प्रत्याशी अपनी सभी चल संपत्ति का खुलासा नहीं करता तो उसे तत्काल कठघरे में खड़ा नहीं किया जा सकता। यह कोई अहम दोष नहीं माना जा सकता।’ 2004 में 10% करोड़पति थे, इस बार अब तक 28%
पिछले 20 साल के आम चुनाव में अमीर प्रत्याशियों की संख्या देखें तो 2004 केवल 10% करोड़पति प्रत्याशी थे। 2009 में संख्या बढ़कर 16% और 2019 में 29% तक पहुंची। 2024 में यह 28% (पहला चरण) है।
भरतपुर में जाट आरक्षण आंदोलन निर्णायक साबित हो सकता है। 2 सीटों पर कांटे की टक्कर है। हवा का रुख जानने के लिए भास्कर टीम 5 लोकसभा सीटों जयपुर, जयपुर ग्रामीण, दौसा, भरतपुर और करौली-धौलपुर पहुंची।
समीकरण तो मोदीजी के पक्ष में हैं, लेकिन मैं केंद्र के काम से खुश नहीं हूं। बीजेपी राज में नोटबंदी से मिडिल क्लास व्यापारियों का बिजनेस आधा भी नहीं रहा है। ये कहना है जयपुर के सांगानेर में व्यापारी रामप्रसाद जांगिड़ का।
शहर के दूसरे हिस्से चांदपोल बाजार के व्यापारी देवेंद्र शास्त्री रामप्रसाद की बात को सिरे से खारिज करते हुए कहते हैं- मोदी की लहर है…देख लेना चुनाव में राम मंदिर और हिंदुत्व का मुद्दा सब पर भारी पड़ेगा।
हर जगह वोटर की राय एक जैसी नहीं है। दौसा के रामचंद्र मीणा बीजेपी को अमीरों की पार्टी बताते हैं तो भरतपुर के गोपाल सिंह का तर्क है उन्हें केंद्र की स्कीमों ने बड़ी राहत दी है। वोटर के मन में क्या है… पढ़िए पूरी खबर…
नेशनल कॉन्फ्रेंस ने शिया नेता आगा सैयद रूहुल्लाह मेहदी को भी श्रीनगर से उम्मीदवार बनाया है।
दिग्गज कांग्रेस नेता ने एक बार फिर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों पर सवाल उठाया है। दिग्विजय सिंह ने राजगढ़ में मीडिया से कहा कि उन्होंने भारत के चुनाव आयोग (ईसीआई) से संपर्क किया था, लेकिन चुनाव आयोग ने उनके सवालों का जवाब नहीं दिया। न ही उसे मिलने का समय दिया है।
गुरुवार को राजगढ़ में एएनआई से बात करते हुए, सिंह ने कहा, “मुझे चुनाव आयोग से शिकायत है, वे हमें किसी भी मुद्दे पर जवाब नहीं देते हैं और हमें मिलने का समय नहीं देते हैं। मैंने यह संसद में और बाहर कहा है।”
बहुजन समाज पार्टी ने उत्तर प्रदेश से 9 सीटों पर प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया है। इनमें आजमगढ़ से भीम राजभर, घोसी से बालकृष्ण चौहान, एटा से मोहम्मद इरफान, धौरहरा से श्याम किशोर अवस्थी को टिकट दिया गया है।
फैजाबाद से सच्चिदानंद पांडेय, बस्ती से दयाशंकर मिश्रा, गोरखपुर से जावेद सिमनानी, रॉबर्ट्सगंज से धनेश्वर गौतम और चंदौली से सत्येंद्र कुमार मौर्य को टिकट मिला है।
गुजरात में चुनाव अधिकारी आगामी लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने की कोशिशों के तहत राज्य भर में मतदाताओं, विशेषकर महिलाओं को 20 लाख से अधिक निमंत्रण भेजेंगे। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। ये आमंत्रण 13,000 से ज्यादा पोलिंग बूथ में भेजे जाएंगे, जहां पिछले विधानसभा चुनावों के दौरान कुल मतदान 50% से कम था।
कांग्रेस के राहुल गांधी शुक्रवार को तमिलनाडु में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। राहुल के साथ DMK अध्यक्ष और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के साथ कोयंबटूर में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करेंगे। वह तिरुनेलवेली में एक रैली करेंगे।
उत्तर दिनाजपुर से TMC विधायक हमीदुर रहमान ने बयान दिया है। 11 अप्रैल को एक सभा के दौरान उन्होंने कहा, “कुछ भाजपा, कांग्रेस और CPM के लोग ताक में है, मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि सेंट्रल फोर्स 26 तारीख तक हैं उसके बाद हमारी ही फोर्स के साथ रहना है। अगर भाजपा, कांग्रेस या CPM के लोगों ने कुछ किया तो हम उसका जवाब देंगे। मैं भाजपा, कांग्रेस व CPM के लोगों से अनुरोध करता हूं कि मूल्यवान वोट नष्ट न करें, कोई बदनामी न करें, 26 तारीख को सेंट्रल फोर्स चली जाएगी उसके बाद हमारी ही फोर्स रहेगी तब वे अभियोग पंजीकृत कराने न आएं।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज तमिलनाडु में रोड शो करेंगे। दक्षिणी राज्य की पहली यात्रा पर पहुंचे शाह मदुरै के पेरियार बस स्टैंड से विलाक्कुथून जंक्शन तक रोड शो करेंगे।
भगवा पार्टी ने यहां से सीपीआई (एम) सांसद सु वेंकटेशन को टक्कर देने के लिए रामा श्रीनिवासन को मैदान में उतारा है।
भाजपा ने माढा लोकसभा क्षेत्र से रणजीत सिंह निंबालकर को अपना उम्मीदवार बनाया, इससे नाराज धैर्यशील मोहिते पाटिल ने भाजपा को अपना इस्तीफा सौंप दिया। इसके बाद धैर्यशील ने पुणे में शरद पवार से मुलाकात भी की। मोहिते पाटिल BJP के बाद अब NCP शरद चंद्र पवार की पार्टी में शामिल हो सकते हैं और मढा लोकसभा उम्मीदवार के रूप में अपनी दावेदारी पेश कर सकते हैं। 2023 में धैर्यशील मोहिते पाटिल ने PWPI (Peasant and Workers Party of India) से अलग होकर BJP का दामन थामा था।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
