UP Weather Update उत्तर प्रदेश के कई शहरों में रविवार को बू्ंदाबादी का सिलसिला जारी रहा। सोमवार सुबह भी बादल छाए रहेंगे लेकिन दोपहर तक हल्की धूप रहने की संभावना है। मौसम एवं पूर्वानुमान कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष डा. आरके आनंद के अनुसार सोमवार को आंशिक बदरी रहने के साथ ही हवा पश्चिम की ओर चलने की संभावना है।
जागरण टीम, नई दिल्ली। (UP Weather Update) उत्तर प्रदेश के कई शहरों में रविवार को बू्ंदाबादी का सिलसिला जारी रहा। सोमवार सुबह भी बादल छाए रहेंगे लेकिन दोपहर तक हल्की धूप रहने की संभावना है। मौसम एवं पूर्वानुमान कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष डा. आरके आनंद के अनुसार सोमवार को आंशिक बदरी रहने के साथ ही हवा पश्चिम की ओर चलने की संभावना है।
नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम विज्ञान विभाग के शंखमाधव त्रिपाठी ने बताया कि सोमवार को मौसम शुष्क बने रहने एवं औसत तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। हवा दक्षिणी-पश्चिमी दिशा में चलने की संभावना है।
बदलते मौसम ने बढ़ाई किसानों की धुकधुकी
मौसम खराब होने की पूर्व सूचना से किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें बढ़ गई। किसान रविवार दिनभर अपनी गाढ़ी कमाई से तैयार की गई फसलों को सुरक्षित करने में जुटा रहा। किसान गेंहू काटकर खेत में रखी फसलों को ट्रैक्टरों से मड़ाई कर उसे अपने घरों में सुरक्षित करने की मशक्कत करते रहे।
गोविंदपुर गांव निवासी धनई निषाद मौसम विभाग के पूर्व अलर्ट की जानकारी पर तत्काल ट्रैक्टर से अपनी खेत में रखी डेढ़ बीघे में रोपी गई 100 बोझ गेहूं की फसल की मड़ाई कराकर उसे देर शाम तक घर में सजाने में जुटे रहे।
रामचंद्रपुर, अलावलपुर गांव निवासी किसान घनश्याम वर्मा करीब तीन बीघे खेत से काटकर रखी गई गेहूं की फसल को थ्रेसर से परिवार समेत जुटकर मड़ाई करवाई और ठेले पर गेहूं रखकर उसे अपने घर पहुंचाने में जुटे रहे।
किसान घनश्याम वर्मा ने बताया कि तीन बीघे में करीब 15 क्विंटल गेहूं की फसल की मड़ाई 1200 प्रति घंटा की दर से करा ली है। उसे घर पर रख ले रहा हूं। शोभीपुर निवासी अभयराज वर्मा ने कहा ऐसा न किया जाए तो साल भर की कमाई व्यर्थ हो जाने की संभावना है।
इसे भी पढ़ें: यूपी में कांग्रेस के लिए मुसीबत बना यह नेता, तीन हजार कांग्रेसियों को भाजपा में कराया शामिल

