प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को पश्चिम बंगाल के बारासात में संदेशखाली की पीड़ित आदिवासी महिलाओं से मिले। BJP के नॉर्थ 24 परगना जिले के अध्यक्ष ने दैनिक भास्कर को बताया- संदेशखाली की 5 महिलाओं ने PM से मुलाकात की। PM ने कहा- चिंता ना करें, हम आपका ध्यान रखेंगे। प्रोटोकॉल की वजह से कुछ बसें समय से बारासात नहीं पहुंच सकीं।
इससे पहले प्रधानमंत्री ने कोलकाता में देश की पहली अंडर वाटर मेट्रो टनल समेत 15 हजार 400 करोड़ की योजनाओं का इनॉगरेशन किया। इसके बाद वे नॉर्थ 24 परगना जिले के बारासात में भाजपा की नारी शक्ति अभिनंदन रैली में शामिल हुए। रैली में 85 किलोमीटर दूर से संदेशखाली की महिलाएं भी शामिल होने पहुंची थीं।
PM ने यहां 38 मिनट का भाषण दिया, जिसमें INDI गठबंधन, पश्चिम बंगाल सरकार, संदेशखाली और केंद्र सरकार की योजनाओं पर बोले। PM ने कहा- इंडी गठबंधन के भ्रष्टाचारी लोग आजकल मेरे परिवार के बारे में पूछ रहे हैं। ये लोग कह रहे हैं कि मोदी का खुद का परिवार ही नहीं हैं, इसलिए मैं परिवारवाद के खिलाफ बात करता हूं।
PM ने पश्चिम बंगाल की ममता सरकार पर केंद्र सरकार की योजनाओं को राज्य में लागू नहीं होने देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा- महिला सुरक्षा, बेटी बचाओ-बेटी बढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, सस्ते सिलेंडर की योजना भी नहीं लागू हुई।
आखिर में PM ने संदेशखाली का जिक्र किया। उन्होंने कहा- संदेशखाली में गरीब आदिवासी बहनों पर अत्याचार हो रहा है। बंगाल सरकार अत्याचारियों को बचाने के लिए पूरी ताकत से लगी है, लेकिन संदेशखाली की महिलाओं का गुस्सा ज्वार बन चुका है। टीएमसी के माफिया राज को ध्वस्त करने के लिए बंगाल की नारी शक्ति निकल चुकी है।
संदेशखाली की महिलाओं ने TMC के नेता शाहजहां शेख पर रेप और जमीन हड़पने का आरोप लगाया है। हाईकोर्ट की फटकार के बाद पुलिस ने शाहजहां शेख को 29 फरवरी को गिरफ्तार किया था।हालांकि शेख की गिरफ्तारी ED की टीम पर 5 जनवरी को छापेमारी के दौरान जानलेवा हमले को लेकर हुई है।
PM की स्पीच मिनट टु मिनट पढ़ें…
बंगाल पर TMC नाम का जो ग्रहण है, वो राज्य के विकास को आगे नहीं बढ़ने दे रहा है। आपको इंडी गठबंधन को हराना है। देश के कोने-कोने में कमल खिलाना है। नारी वंदन का इतना बड़ा भव्य समारोह, नारी सम्मान में कमल के सम्मान में सब माताओं-बहनों से आग्रह है कि अपना मोबाइल फोन निकालिए फ्लैश लाइट चालू कीजिए।
ये नारी सम्मान, नारी शक्ति के सामर्थ्य का परिचय है। आज नारी शक्ति पूरे देश को अपने सामर्थ्य का परिचय दे रही है।
भारत को विकसित बनाने के लिए नारी शक्ति को ज्यादा से ज्यादा अवसर देना जरूरी है। भाजपा सरकार के चलते आज हर सेक्टर में महिलाओं के लिए नए रास्ते बन रहे हैं। जहां जहां इंडी गठबंधन वालों की सरकार है, वहां महिलाओं पर उतना ही अत्याचार है।
आज देश की पहली नागरिक हमारी राष्ट्रपतिजी आदिवासी समाज में पैदा हुई एक बेटी हैं। लोकसभा में महिलाओं को आरक्षण की गारंटी दी थी, पूरी हो चुकी। मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक से मुक्ति की गारंटी दी थी, वो भी पूरी हुई। TMC, लेफ्ट और कांग्रेस तब भी कट्टरपंथियों के साथ खड़े थे और आज भी उनके साथ हैं।
यहां टीएमसी सरकार ने कभी बेटी बचाओ-बेटी बढ़ाओ लागू नहीं होने दिया। उज्ज्वला योजना, सस्ते सिलेंडर की योजना भी नहीं लागू हुई। 14 लाख से ज्यादा एप्लीकेशन यहां की सरकार के पास पेंडिंग पड़ी हैं। भाजपा सरकार बहन-बेटियों की छोटी-छोटी समस्याओं को दूर करने में जुटी हुई है। हमने अभियान चलाए, योजनाएं बनाईं। सस्ते सेनेटरी पैड बनाने की योजना लाए। हमने मुफ्त टीकाकरण और गर्भवती को 5 हजार रुपए की मदद देने की योजना बनाई। आशा और आंगनवाली कार्यकर्ताओं को 5 लाख की बीमा योजना का फैसला लिया। हर जगह बेटियों के लिए टॉयलट का निर्माण किया। गरीबों को जो घर दिए जा रहे हैं, रजिस्ट्री महिलाओं के नाम होती है। बंगाल में 24 लाख घर ऐसे हैं।
भाजपा महिलाओं के लिए एक और बड़ी योजना लेकर आई है। मोदी ने गांव की बहनों के लिए नमो ड्रोन दीदी योजना शुरू की है। इससे बहनों को ड्रोन पायलट की ट्रेनिंग दी जा रही है। इससे खेती आधुनिक होगी और बहनों को अतिरिक्त कमाई भी होगी। indi अलायंस क्या कर रहा है ये भी जानना जरूरी है। केंद्र जो योजना बनाती है, इस गठबंधन वाली राज्य सरकारें उस पर रोक लगा देती है।
बंगाल में 16 लाख से ज्यादा बहनें लखपती दीदी बन चुकी हैं। मुद्रा योजना से बिना गारंटी का कर्ज लेकर अपना बिजनेस शुरू करने वाली माताएं-बहने हैं। सवा लाख करोड़ से ज्यादा पैसे बंगाल की बहनों को मिले हैं। पीएम किसान सम्मान निधि से भी देश की लगभग 3 करोड़ महिला किसानों को पहली बार पैसा मिला है। यहां बहुत बड़ी संख्या में हमारी बहनें कारीगर हैं। इनके लिए पीएम विश्वकर्मा योजना है। इस पर 13 हजार करोड़ से ज्यादा खर्च किए जा रहे हैें।
भाजपा सरकार का प्रयास गांव में रहने वाली आप जैसी बहनों को लखपति दीदी बनाने का है। हमने देश में तीन करोड़ बहनों को लखपति बनाने का लक्ष्य रखा है। जब गांव-गांव में अनेकों लखपती दीदी होगी तो उस गांव की तस्वीर और तकदीर कैसे बदल जाएगी। अभी तक देश में एक करोड़ से ज्यादा लखपती दीदी बनाने में हम सफल हो चुके हैं।
10 साल में स्व-सहायता समूहों को स्वरोजगार के लिए 8 लाख करोड़ की मदद बैंकों को दिलवाई है। इसमें बंगाल को 90 हजार करोड़ की मदद मिली है। इन समूहों की ताकत देखते हुए मैंने एक मीटिंग में कहा था कि ये राष्ट्र सहायता समूह है। इस राशि से बंगाल की महिलाओं ने खेती, कुटीर उद्योग, मछली पालन, शहद पालन, हस्तशिल्प में एक से एक काम किए हैं।
संकट के समय बहनें आसानी से शिकायत कर सकें, इसके लिए महिला हेल्पलाइन बनाई गई हैं। टीएमसी सरकार इसे लागू नहीं होने दे रही है। ऐसी महिला विरोधी टीएमसी सरकार महिलाओं का कभी भला नहीं कर सकती है। साथियों भारत की नारी शक्ति विकसित भारत की एक सशक्त स्तंभ है। नारी शक्ति की आर्थिक शक्ति बढ़े इसके लिए बीते 10 साल में भाजपा सरकार ने लगातार काम किया है। जनधन योजना के तहत करोड़ों बहनों के बैंक खाते खोले हैं। इनमें से 3 करोड़ लाभार्थी बहनें अकेले बंगाल की हैं। इन 10 साल में देश में सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़ी महिलाओं की संख्या 10 करोड़ को पार कर गई है। बंगाल में ऐसी 1 करोड़ 25 लाख से ज्यादा बहने हैं।
मैं देख रहा हूं कि टीएमसी के माफिया राज को ध्वस्त करने के लिए बंगाल की नारी शक्ति निकल चुकी है। संदेशखाली ने सिखाया है कि पश्चिम बंगाल की बहन-बेटियों की बुलंद आवाज सिर्फ और सिर्फ भाजपा ही है।
तुष्टिकरण और तोलाबाजों के दबाव में काम करने वाली टीएमसी सरकार कभी भी बहन-बेटियों को सुरक्षा नहीं दे सकती है। दूसरी तरफ भाजपा की केंद्र सरकार है, जिसने बलात्कार जैसे संगीन अपराध के लिए फांसी की सजा तक की व्यवस्था की है।
टीएमसी सरकार में नारी पर अत्याचार हुआ। टीएमसी सरकार महिलाओं के गुनहगार को बचाने के लिए पूरी ताकत लगा रही है। पहले हाईकोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट से भी राज्य सरकार को झटका लगा है। गरीब आदिवासी बहनों के साथ टीएमसी नेता अत्याचार कर रहे हैं। लेकिन टीएमसी सरकार को अपने अत्याचारी लोगों पर भरोसा है। बांग्ला बहन-बेटियों पर भरोसा नहीं है। इस व्यवहार से बंगाल की महिलाएं, देश की महिलाएं आक्रोश में हैं। नारी शक्ति के आक्रोश का ये ज्वार संदेशखाली तक ही सीमित नहीं रहेगा।
मेरी जान नहीं, पहचान नहीं थी। कंधे पर झोला लेकर भटकता हुआ एक नौजवान था। उस वक्त देश में जहां गया, वहा गरीब से गरीब परिवार ने मेरी चिंता की है। आज मैं गरीबों और माताओं-बहनों के लिए जी-जान से कुछ करने के लिए लगा हुआ हूं। समर्पित भाव से लगा हुआ हूं। उसका कारण मैंने पूरे देश का परिवारभाव महसूस किया था।
जेब में एक पैसा नहीं होता था, ना भाषा जानता था। एक झोला लटकता था और मैं देखता था कि कोई ना कोई परिवार, कोई मां-बाप, बहन अकारण पूछ लेते थे कि भाई, बेटा कुछ खाया है कि नहीं। मैं आज देशवासियों को बता रहा हूं कि सालों तक परिव्राजक रहा। लेकिन मैं एक दिन भी भूखा नहीं रहा। इसीलिए मैं कहता हूं कि 140 करोड़ देशवासी, ये मेरा परिवार हैं।
मैं अपने जीवन का एक पहलू माताओं-बहनों के सामने बता रहा हूं। पहले मैंने कभी नहीं बताया। कुछ लोगों को लगता होगा कि किसी राजनेता ने गाली दी और इसलिए मैं सभी को मेरे परिवार-मेरे परिवार कह रहा हूं। मैं बहुत छोटी आयु में घर छोड़कर झोला लेकर निकल पड़ा था। परिव्राजक की तरह देश के कोने-कोने में भटक रहा था, कुछ खोज रहा था। मेरी जेब में कभी एक पैसा नहीं रहता था। आपको जानकर गर्व होगा कि मेरा देश कैसा है, माताएं-बहनें कैसी हैं, हर परिवार कैसा है।
यही माताएं, यही बहनें बेटियां कवच बनकर मोदी की रक्षा के लिए खड़ी हो जाती हैं। आज हर देशवासी खुद को मोदी का परिवार कह रहा है। आज देश का हर गरीब, हर किसान, हर नौजवान, हर बहन-बेटी कह रही है- मैं हूं मोदी का परिवार।
इन घोर परिवारवादियों को यहां आकर देखना चाहिए कि मेरे देश की ये बहनें यहां बहुत बड़ी संख्या में देश के कोने-कोने से जुड़ी हैं, यही तो है मोदी का परिवार। बंगाल की हर माता-बहनें मेरा परिवार हैं।
एनडीए की वापसी पक्की देखकर indi अलायंस के सारे नेता बौखला गए हैं। उन्होंने संतुलन खो दिया है। पूरी ताकत से मोदी को गाली देना शुरू कर दिया है। इंडी गठबंधन के भ्रष्टाचारी लोग आजतक मेरे परिवार के बारे में पूछ रहे हैं। ये कह रहे हैं कि मोदी का खुद का परिवार ही नहीे है इसलिए मैं परिवारवाद के खिलाफ बात करता हूं। ये लोग जानना चाहते हैं, कहां है मेरा परिवार।
मैं कोलकाता में एक कार्यक्रम में था, वहां मैंने भारत सरकार की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। देश के ट्रांसपोर्ट को आधुनिक बनाना भारत सरकार का लक्ष्य है। कोलकाता की मेट्रो को देखकर तो कितनी ही पीढ़ियां बड़ी हुई हैं। मैं पहली बार कोलकाता आया तो मेरे लिए ये एक आकर्षण था। बीते 10 साल में भाजपा ने बंगाल के विकास के लिए देश के विकास के लिए बहुत योगदान दिया है।
मैं भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की सभी बहनों को बधाई देना चाहता हूं। हमने पुरुषों की मैराथन तो सुनी है, हमारी महिला कार्यकर्ता नारी वंदन के लिए गांव-गांव दौड़ लगा रही थीं।
PM ने भाषण की शुरुआत भारत माता की जय, जय मां काली, जय मां दुर्गा के साथ की। उन्होंने कहा- पश्चिम बंगाल में स्वंय सहायता समूह से जुड़ी बहनों का सम्मान किया गया। इस कार्यक्रम में देश की लाखों बहनें भी टेक्नोलॉजी के माध्यम से जुड़ी हुई हैं। सभी का वंदन करता हूं।
कोलकाता में पानी से 13 मीटर नीचे चलेगी मेट्रो: PM मोदी ने किया इनॉगरेशन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कोलकाता में देश की पहली अंडरवाटर मेट्रो का उद्घाटन किया। यह मेट्रो जमीन से 33 मीटर नीचे और हुगली नदी के तल से 13 मीटर नीचे बनी ट्रैक पड़ दौड़ेगी।1984 में देश की पहली मेट्रो ट्रेन कोलकाता उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर (ब्लू लाइन) में दौड़ी थी। 40 साल बाद एक बार फिर यहीं से देश की पहली अंडरवाटर मेट्रो रेल चलेगी। पूरी खबर पढ़ें…
ममता सरकार की याचिका पर SC में तुरंत सुनवाई नहीं:शाहजहां केस में CBI जांच रोकने की मांग
सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को बंगाल सरकार की याचिका पर तुरंत सुनवाई से इनकार कर दिया। बंगाल सरकार ED टीम पर हमले की जांच CBI से कराने पर रोक की मांग कर रही है। बंगाल सरकार ने याचिका में कहा कि इस मामले की जांच SIT कर रही है। पुलिस पर निराधार आरोप लगाए जा रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें…
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
