अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि रूस और चीन को ग्रीनलैंड पर क़ब्ज़ा करने से रोकने के लिए अमेरिका को उसे अपना बनाना होगा.
शुक्रवार को बीबीसी के एक सवाल पर ट्रंप ने कहा, “देशों के पास मालिकाना हक़ होना चाहिए और आप मालिकाना हक़ की रक्षा करते हैं, लीज की नहीं. और हमें ग्रीनलैंड की रक्षा करनी होगी.”
उन्होंने जोड़ा कि अमेरिका यह काम ‘आसान तरीके से’ या ‘कठिन तरीके से’ करेगा.
व्हाइट हाउस ने हाल ही में कहा था कि अमेरिकी प्रशासन नेटो के सदस्य देश डेनमार्क के इस अर्ध-स्वायत्त क्षेत्र को खरीदने के विकल्प पर विचार कर रहा है, लेकिन बल प्रयोग से उसे अपने में मिलाने के विकल्प को भी ख़ारिज़ नहीं किया गया है.
डेनमार्क और ग्रीनलैंड दोनों ने कहा है कि यह इलाका बिक्री के लिए नहीं है.
डेनमार्क ने यह भी कहा है कि किसी भी तरह की सैन्य कार्रवाई ट्रांस-अटलांटिक रक्षा गठबंधन के अंत की वजह बनेगी.
दुनिया का सबसे कम आबादी वाला इलाका होने के बावजूद, उत्तर अमेरिका और आर्कटिक के बीच होने की वजह से मिसाइल हमलों की स्थिति में अर्ली वॉर्निंग सिस्टम्स के लिए ग्रीनलैंड की स्थिति अहम मानी जाती है.
