देवरिया। कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल, मनरेगा समन्वयक सत्य प्रताप मिश्रा और शहर अध्यक्ष मिर्जा खुर्शीद ने संयुक्त प्रेसवार्ता कर केंद्र सरकार पर मनरेगा की आत्मा खत्म करने का आरोप लगाया। कहा कि भाजपा सरकार मनरेगा का नाम बदलकर विकसित भारत गारंटी रोजगार एवं आजीविका मिशन कर रही है, जिससे काम की वैधानिक गारंटी समाप्त हो जाएगी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 2005 में यूपीए सरकार द्वारा लाया गया मनरेगा ग्रामीण परिवारों को रोजगार का कानूनी अधिकार देता है और महिलाओं, दलितों व वंचित वर्गों के लिए जीवनरेखा रहा है। नए कानून में मजदूरी गारंटी, पंचायतों की भूमिका और केंद्र का वित्तीय योगदान कमजोर किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण संकट बढ़ेगा।
इसी के विरोध में कांग्रेस ने “मनरेगा बचाओ संग्राम” शुरू किया है। 11 जनवरी उपवास, 12 से 29 जनवरी तक पंचायतों में चौपालें, 30 जनवरी धरना और 31 जनवरी से 6 फरवरी तक जिला स्तरीय आंदोलन होगा।
