एनसीपी नेता अजित पवार की विमान हादसे में मौत को शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने ‘रहस्यमय’ बताया है.
उन्होंने कहा, “अजित पवार का जो एक्सीडेंट हुआ, उस पर सवाल तो उठेंगे ही और उठने भी चाहिए…कुछ न कुछ गड़बड़ है.”
संजय राउत ने कहा कि अजित पवार जैसे बड़े नेता की जिस तरह से एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई, उस पर ‘जांच करेंगे’ और ‘रिपोर्ट देंगे’ जैसी बातें कहने से कुछ नहीं होगा.
उन्होंने कहा, “उनकी मौत रहस्यमय है. कुछ तो हुआ है पर्दे के पीछे.”
संजय राउत ने बीजेपी पर अजित पवार को धमकी देने का आरोप लगाया. राउत के हालिया बयान पर अब तक बीजेपी की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.
वहीं इससे पहले, एनसीपी (एससीपी) प्रमुख शरद पवार ने अजित पवार की मौत के पीछे किसी भी राजनीतिक साजिश से इनकार किया था. उन्होंने कहा था, “इसमें किसी तरह की राजनीति नहीं है. यह पूरी तरह एक दुर्घटना थी.”
