पाकिस्तान को धोकर भारतीय खिलाड़ी इंडिया लौटे, अहमदाबाद में खेलेंगे अगला मुकाबला

Spread the love

भारतीय क्रिकेट टीम सोमवार को कोलंबो एयरपोर्ट पर भारत वापस आने के लिए पहुंची। भारत ने कोलंबो में पाकिस्तान को हराकर टी20 विश्व कप के सुपर-8 चरण में जगह बना ली है। सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व वाली भारतीय टीम कोलबों से अहमदाबाद पहुंचेगी, जहां टीम अपने आखिरी ग्रुप स्टेज मैच में नीदरलैंड के खिलाफ भिड़ेगी। भारत और नीदरलैंड के बीच बुधवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मैच खेला जाएगा। आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप ए में भारत ने लगातार तीन मैच जीतकर अगले चरण में जगह बना ली है।

भारत और श्रीलंका टी20 विश्व कप 2026 की मेजबानी कर रहे हैं और पाकिस्तान के सभी मुकाबले श्रीलंका में होने हैं, जिसके कारण भारतीय टीम कोलंबो पहुंची थी। भारत ने ईशान की 40 गेंद में 10 चौकों और तीन छक्कों से 77 रन की पारी और तिलक वर्मा (25) के साथ उनकी दूसरे विकेट की 87 रन की साझेदारी से सात विकेट पर 175 रन बनाए। भारत के 176 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम हार्दिक पंड्या (16 रन पर दो विकेट), वरुण चक्रवर्ती (17 रन पर दो विकेट), जसप्रीत बुमराह (17 रन पर दो विकेट) और अक्षर पटेल (29 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई।

ईशान किशन को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से नवाजा गया। इसी जीत के साथ ही 2023 विश्व कप फाइनल में हार के बाद भारत ने आईसीसी टूर्नामेंट में बिना हारे लगातार 16 मुकाबले जीत लिए हैं और उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की लगातार 15 जीत का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान (44) के अलावा कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाया। उनके अलावा सिर्फ शाहीन शाह अफरीदी (नाबाद 23) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाए। टी20 विश्व कप में यह भारत की पाकिस्तान के खिलाफ नौ मैचों में आठवीं जीत है जबकि उसे सिर्फ एक मैच में हार का सामना करना पड़ा है।

Previous post टी20 क्रिकेट में राशिद खान ने रचा इतिहास, 700 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बने
Next post UP Budget Session: सपा के PDA का मतलब CM योगी ने बताया, बोले- ‘पारिवारिक डेवलेपमेंट अथॉरिटी’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *