भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने शुक्रवार को फैंस को टी20 विश्व कप का खिताब जीतने के बाद एक स्पेशल मैसेज शेयर है। भारत ने टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरा बार खिताब अपने नाम किया। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने विश्व कप 2026 की ऐतिहासिक जीत के बाद देश भर के फैंस को दिल से धन्यवाद दिया है। भारत इतिहास की पहली टीम बन गई है, जिसने टाइटल को रिटेन किया है। इससे पहले भारत ने 2007 और 2024 में टी20 विश्व कप की ट्रॉफी जीती थी।
बीसीसीआई ने प्रशंसकों के लिए एक खास वीडियो जारी किया है, जिसमें भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पूरे सफर के दौरान मिले प्यार और दुआओं के लिए फैंस का शुक्रिया अदा किया है। कप्तान ने कहा कि यह ट्रॉफी सिर्फ टीम की नहीं, बल्कि पूरे हिंदुस्तान की है। सूर्यकुमार यादव ने बीसीसीआई द्वारा शेयर वीडियो में कहा, ”मेरे प्यारे टीम इंडिया के प्रशंसकों। आप सभी का तहे दिल से शुक्रिया। आपका सपोर्ट और आशीर्वाद है तो ही हम हैं। ये वर्ल्ड कप ट्रॉफी पूरे भारत की है। हम जीते तो सिर्फ हमारा नहीं, उन बच्चों का सपना था जो रात-रात भर जागकर मैच देखते हैं। हम पर भरोसा बनाए रखने के लिए शुक्रिया। ट्रॉफी घर आ गई है।”
नॉकआउट मैचों में भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा। टीम ने सेमीफाइनल में को इंग्लैंड को रोमांचक मुकाबले में हराया, जबकि फाइनल में टीम ने न्यूजीलैंड को धूल चटाई। भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए, इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 159 रन ही बना सकी।
सूर्यकुमार ने कहा, ”2024 और अब 2026 में ट्रॉफी जीतकर बहुत अच्छा लग रहा है। यह बहुत ही खास अहसास है। जब हमने 2024 में जीत हासिल की थी, तब हमने सोचा था कि 2026 में अपने घरेलू मैदान पर इसे दोहराना कितना खास होगा।” उन्होंने कहा, ”हमारा अगला लक्ष्य 2028 में ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतना है। टीम अच्छी लय में है। अगर भारत उसी साल (2028 में) टी20 विश्व कप जीत जाता है, तो यह बहुत बड़ी उपलब्धि होगी।”
रोहित और धोनी जैसे दिग्गजों से अपनी तुलना किए जाने पर सूर्यकुमार ने कहा, ”उस एलीट क्लब में शामिल होकर अच्छा लग रहा है। मैं धीरे-धीरे इसे महसूस कर रहा हूं। इतने महान खिलाड़ियों के साथ मेरा नाम आना बहुत ही खास अहसास है। मैं भविष्य में भी ऐसा करने की कोशिश करूंगा और भारत को और अधिक ट्रॉफियां दिलाने में मदद करना चाहूंगा।”
