अधिशासी अभियंता कलेक्शन के संरक्षण में अविकसित कॉलोनियों को विकसित बनाने का खेल
कार्यवाही के नाम पर टालमटोली, अविकसित एरिया में दे डाले तीन और कनेक्शन
राजस्व को चपत, बिना विद्युतीकरण के ही बाँट दिए तीन नए कनेक्शन
बिना विद्युतीकरण के जारी हुए कनेक्शन, अमौसी जोन की कार्यशैली पर फिर सवाल
लखनऊ। अमौसी जोन के दुबग्गा क्षेत्र में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुराने मामले में कार्यवाही के नाम पर सिर्फ टालमटोली किए जाने के बाद अब उसी पैटर्न पर तीन नए कनेक्शन और जारी कर दिए गए हैं।
ताजा मामला बरावन कला के त्रिलोकी सिंह इंटर कॉलेज के पास मौरा ढाल का है। सूत्रों के अनुसार इस अविकसित एरिया में, जहाँ न तो नियमानुसार विद्युतीकरण हुआ है और न ही ट्रांसफार्मर लगा है, वहाँ तीन नए बिजली कनेक्शन जारी कर अमौसी जोन का नाम और खराब किया गया है।
बताया जा रहा है कि यह पूरा खेल अमौसी जोन के अधिशासी अभियंता कलेक्शन अनुभव कुमार के संरक्षण में हो रहा है। पूर्व में इसी स्थान पर मीटर नंबर CA 0653710 और CA 0653711 बिना विद्युतीकरण के जारी किए गए थे,बिना विद्युतीकरण के जारी हुए कनेक्शन, कुछ ही दिनों में हटाए गए मीटर’ शीर्षक से प्रकाशित की थी। उस मामले में भी मीटर लगने के 2-3 दिन बाद ही परिसर से हटवा दिए गए थे।
विभागीय सूत्रों का कहना है कि अविकसित कॉलोनियों को कागजों पर विकसित दिखाकर कनेक्शन जारी करने से सरकार और विभाग दोनों के राजस्व को सीधी चपत लग रही है। नियमानुसार अविकसित कॉलोनी में विद्युतीकरण के बाद ही कनेक्शन दिया जा सकता है, लेकिन यहाँ नियमों को दरकिनार कर दिया गया।
इस संबंध में जब अमौसी जोन के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो जिम्मेदार अधिकारी मामले से पल्ला झाड़ते नजर आए। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या नए अधिकारी इस पूरे प्रकरण को संज्ञान में लेकर कोई ठोस कार्यवाही करेंगे या यह मामला भी पुराने मामलों की तरह ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा।
