First Phase Lok Sabha Election in MP: नवदुनिया राज्य ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के पहले चरण की नामांकन प्रक्रिया बुधवार को पूरी हो गई। इस चरण में हाई प्रोफाइल सीट छिंदवाड़ा भी शामिल है। यहां कांग्रेस के नकुल नाथ से भाजपा के विवेक बंटी साहू का मुकाबला होगा। यह सीट इन दिनों कांग्रेस से भाजपा में हो रहे दलबदल को लेकर खासी चर्चा में है।
इसके अलावा पहले चरण के चुनाव में मध्य प्रदेश की सीधी, शहडोल, मंडला, जबलपुर, बालाघाट लोकसभा सीटें शामिल हैं। नामांकन पत्रों की जांच गुरुवार को होगी। 30 मार्च तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। मतदान 19 अप्रैल और मतगणना पांच जून को होगी। सीधी सीट से भाजपा के बागी अजय प्रताप सिंह गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से मैदान में हैं। सीधी में भाजपा के डा.राजेश मिश्रा और कांग्रेस के कमलेश्वर पटेल मैदान में हैं। दोनों पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं।
लोकसभा चुनाव का पहला चरण आरंभ होते ही मध्य प्रदेश में सबसे अधिक चर्चा कमल नाथ और छिंदवाड़ा को लेकर है। छिंदवाड़ा सीट पर नाथ परिवार का कब्जा पिछले 44 वर्ष से है। पांच वर्ष पहले से ही इस सीट को जीतने के लिए भाजपा ने प्रयास आरंभ कर दिए थे। वहां बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भाजपा की सदस्यता दिलाई गई।
पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के भरोसेमंद पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना ने भी कांग्रेस के सभी पदों से त्यागपत्र दे दिया है। बुधवार को ऐसी अटकलें थीं कि वह भाजपा में शामिल हो सकते हैं। मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद सिंह पटेल समेत वरिष्ठ नेता उनके घर भी पहुंचे लेकिन मामला जमा नहीं, बाद में भाजपा ने इसे सौजन्य भेंट बताया।
प्रत्याशी हैं नकुल पर कमल नाथ की प्रतिष्ठा दांव पर
छिंदवाड़ा में भले ही कांग्रेस से नकुल नाथ लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं पर प्रतिष्ठा पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ की दांव पर लगी है। यही एक मात्र सीट ऐसी है जो पिछले चुनाव में कांग्रेस ने जीती थी। कांग्रेस की इस परंपरागत सीट पर जीत हासिल करने के लिए भाजपा ने वरिष्ठ नेताओं को दायित्व सौंपा है। मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और प्रहलाद सिंह पटेल लगातार दौरे कर रहे हैं। उधर, कमल नाथ ने मोर्चा संभाला है। वह अभी तक दो बार सभी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं से संवाद कर चुके हैं।
मंडला से केंद्रीय मंत्री कुलस्ते का मुकाबला कांग्रेस के मरकाम से
मंडला में केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते के सामने कांग्रेस के ओमकार सिंह मरकाम होंगे। दोनों के 2014 के लोकसभा चुनाव में भी आमने-सामने आ चुके हैं। कुलस्ते को हाल ही में विधानसभा चुनाव में पराजय का सामना करना पड़ा था इसलिए इस चुनाव में कड़ा संघर्ष होने की संभावना है।
वहीं, शहडोल में भाजपा की हिमाद्री सिंह के मुकाबले में कांग्रेस के फुंदेलाल सिंह मार्को हैं तो बालाघाट और जबलपुर में भाजपा और कांग्रेस ने नए चेहरों पर दांव लगाया है। बालाघाट में भाजपा ने भारती पारधी और कांग्रेस ने सम्राट सिंह सरस्वार, जबलपुर में भाजपा ने आशीष दुबे और कांग्रेस ने दिनेश यादव को प्रत्याशी बनाया है।
113 अभ्यर्थियों ने 153 नामांकन पत्र किए जमा
पहले चरण के चुनाव में शामिल छह लोकसभा सीटों के लिए कुल 113 अभ्यर्थियों ने 153 नामांकन पत्र जमा किए हैं। बुधवार को नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 27 मार्च को 64 अभ्यर्थियों ने 89 नामांकन पत्र जमा किए। सीधी में 22 अभ्यर्थियों ने 30, शहडोल में 10 अभ्यर्थियों ने 14, जबलपुर में 22 अभ्यर्थियों ने 33, मंडला में 16 अभ्यर्थियों ने 18, बालाघाट में 19 अभ्यर्थियों ने 27 और छिंदवाड़ा में 24 अभ्यर्थियों ने 31 नामांकन पत्र जमा किए।
दूसरे चरण के लिए नामांकन गुरुवार से
दूसरे चरण में शामिल टीकमगढ़, दमोह, खजुराहो, सतना, रीवा, नर्मदापुरम और बैतूल लोकसभा सीट के लिए नामांकन पत्र गुरुवार को अधिसूचना जारी होने के साथ जमा किए जा सकेंगे। चार अप्रैल को दोपहर तीन बजे तक नामांकन पत्र स्वीकार होंगे। पांच अप्रैल को इनकी जांच की जाएगी और आठ अप्रैल तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 26 अप्रैल को होगा।
बालाघाट के तीन विधानसभा क्षेत्रों में शाम चार बजे तक होगा मतदान
पहले चरण में शामिल बालाघाट सीट को छोड़कर शेष पांच सीटों पर मतदान सुबह सात से शाम छह बजे तक होगा। जबकि, बालाघाट के नक्सल प्रभावित विधानसभा क्षेत्रों में मतदान चार बजे तक होगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि सीधी, शहडोल, जबलपुर, मंडला, छिंदवाड़ा और बालाघाट लोकसभा क्षेत्र में आने वाले मतदान केंद्रों में मतदान सुबह सात बजे एक साथ प्रारंभ होगा। बालाघाट के अंतर्गत आने वाले तीन विधानसभा क्षेत्रों बैहर, लांजी और परसवाड़ा में मतदान शाम चार बजे समाप्त हो जाएगा। जबकि, बाकी स्थानों पर शाम छह बजे तक चलेगा।
नईदुनिया डॉट कॉम इंदौर में मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ डेस्क पर वरिष्ठ उप-संपादक। पत्रकारिता और जनसंचार में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर से बैचलर और विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन से मास्टर्स डिग्री। इंदौर में 2014 …
