Loksabha Chunav 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने देश के संविधान (Constitution) को केंद्र सरकार के लिए ‘गीता, रामायण, महाभारत और कुरान’ करार देते हुए, शुक्रवार को कहा कि बाबा साहब आंबेडकर (BR Ambedkar) खुद आ जाएं, तो भी संविधान खत्म नहीं कर सकते। मोदी ने BJP पर संविधान को नष्ट करने के विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा, “सब कुछ हमारे लिए हमारा संविधान ही है।” उन्होंने सीमावर्ती बाड़मेर में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की चुनावी रैली में ये बात कही।
मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश-विरोधी ताकतों के साथ खड़ी है। उन्होंने देश को “कमजोर करने की कोशिश” के लिए विपक्षी ‘I.N.D.I.A.’ गठबंधन पर हमला बोला।
संविधान के नाम पर झूठ बोलना बन गया फैशन: मोदी
रैली का आयोजन बाड़मेर लोकसभा सीट पर पार्टी के उम्मीदवार और केंद्रीय राज्य मंत्री कैलाश चौधरी के समर्थन में किया गया था। इसी सीट पर बीजेपी और कांग्रेस के उम्मीदवारों और निर्दलीय उम्मीदवार रवींद्र सिंह भाटी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है।
मोदी ने कहा, “SC, ST, OBC भाइयों के साथ दशकों तक भेदभाव करने वाली कांग्रेस आजकल एक पुरानी रेकार्ड बजा रही है। जब भी चुनाव आता है, संविधान के नाम पर झूठ बोलना ‘इंडी एलायंस’ के सभी साथियों का फैशन बन गया है।”
उन्होंने कहा, “जिस कांग्रेस ने बाबा साहब के जीते जी उन्हें चुनाव हरवाया… जिसने बाबासाहेब को भारत रत्न नहीं मिलने दिया… जिस कांग्रेस ने देश में आपातकाल लगाकर संविधान को खत्म करने की कोशिश की, आज वही कांग्रेस मोदी को गाली देने के लिए संविधान के नाम पर झूठ की आड़ ले रही है।”
विपक्ष की गप्पबाजी से सावधान रहने की जरूरत: PM मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा, “यह मोदी है जिसने देश में पहली बार संविधान दिवस मनाना शुरू किया है। इन कांग्रेस वालों ने संविधान दिवस मनाने का विरोध किया था। संसद में उनका भाषण है। क्या यह बाबा साहब और संविधान का अपमान है या नहीं? इतना ही नहीं यह मोदी ही है जिसने बाबा साहब से जुड़े पंच तीर्थों का विकास किया।”
उन्होंने कहा, “इसलिए बाबा साहब और संविधान का अपमान करने वाले कांग्रेस एवं इंडी अलायंस के झूठों से, उनकी गप्पबाजी से सावधान रहने की जरूरत है। …और कांग्रेस वाले सुन लें कि ये 400 सीट की बात जनता ने इसलिए की है क्योंकि आपने दस साल संसद में मुझे अच्छे काम करने से रोकने की लगातार कोशिश की। इसलिए देश आपको सजा देना चाहता है। और उसने साफ कर देने का मन बना लिया है।”
BJP सांसद के बयान पर मचा था बवाल
मोदी ने कहा, “जहां तक संविधान का सवाल है तो आप मानकर चलिए और मोदी के शब्द लिखकर रखिए… बाबा साहब आंबेडकर खुद आ जाएं तो भी संविधान खत्म नहीं कर सकते हैं। हमारा संविधान सरकार के लिए गीता है, रामायण है, महाभारत है, बाइबल है, कुरान है। सब कुछ हमारे लिए हमारा संविधान ही है।”
दरअसल BJP सांसद अनंत कुमार हेगड़े के एक बयान के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पिछले महीने आरोप लगाया था, “नरेंद्र मोदी और भाजपा का अंतिम लक्ष्य बाबा साहेब के संविधान को नष्ट करना है।’’
हेगड़े ने अपने बयान में कहा था कि पार्टी को संविधान में संशोधन के लिए दो-तिहाई बहुमत की जरूरत है। BJP ने हेगड़े की टिप्पणी को “व्यक्तिगत राय” करार दिया था और उनसे सफाई मांगी थी।
UP Loksabha Election: मुजफ्फरनगर में BJP को मिला मुस्लिमों का साथ, सपा उम्मीदवार के खिलाफ बुलाई गई सभा
Tags: #elections #India Elections #Indian general election #Loksabha elections 2024
First Published: Apr 12, 2024 9:47 PM
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।
