लोकसभा चुनाव-2024: मोदी बोले-2014 से पहले लोगों को लगता था देश में कुछ अच्छा नहीं हो सकता, जिसे किसी ने नही… – Dainik Bhaskar

Spread the love

देश के 21 राज्यों में पहले फेज के चुनाव के बीच अन्य जगहों पर चुनाव प्रचार जारी है। वर्धा की जनसभा में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि 2014 से पहले ये धारणा बन गई थी कि देश में कुछ अच्छा हो ही नहीं सकता। सिर्फ निराशा थी। गांवों को लगता था कि यहां बिजली, पानी, सड़क आ ही नहीं सकती।
गरीब को लगता था कि कितनी पीढ़ियां बीत जाएं, गरीबी से मुक्ति नहीं मिलेगी। किसान को लगता था कि बदहाली शायद उसकी नियति है। कितनी भी मेहनत कर लूं, भाग्य नहीं बदलेगा। महिलाओं को लगता था कि उनकी तकलीफें कोई नहीं समझेगा। जिसको किसी ने नहीं पूछा, उसको गरीब के इस बेटे ने पूजा है।
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा आज केरल के वायनाड में रैली की। जेपी नड्‌डा ने कहा कि एक तरफ पीएम मोदी के नेतृत्व में वायनाड से के सुरेंद्रन ​​​​​उम्मीदवार हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी यहां से उम्मीदवार हैं।
मुझे समझ नहीं आता, उन्हें (राहुल गांधी) वायनाड में क्यों आना पड़ा? क्या उन्हें भरोसा नहीं है कि वे अपनी पुरानी सीट से जीत सकते हैं, जिसे वे लंबे समय से रिप्रेजेंट करते आए हैं। राहुल गांधी वंशवादी शासन में यकीन करते हैं, जो भारतीय लोकतंत्र के लिए खतरा है। वे तुष्टीकरण की राजनीति में भरोसा रखते हैं।
देशभर में लोकसभा चुनाव से जुड़े अपडेट्स सिलसिलेवार यहां पढ़ें…
बसपा ने प्रत्याशियों की 5वीं लिस्ट जारी कर दी है। इसमें 11 प्रत्याशियों के नाम है। हरदोई से भीमराव अंबेडकर, संतकबीरनगर से मो. आलम, फतेहपुर से डॉ. मनीष सचान, फिरोजाबाद से चौ. बशीर, सीतापुर से महेंद्र सिंह यादव, महाराजगंज से मोहम्मद मौसमे आलम, मिश्रिख से बीआर अहरिवार, वाराणसी से सैयद नेयाज अली, मछलीशहर से कृपाशंकर सरोज, भदोही से अतहर अंसारी और फूलपुर से जगन्नाथ पाल को टिकट दिया है।बसपा ने वाराणसी और फिरोजाबाद से प्रत्याशी बदला है।
RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि पहले चरण में जहां भी वोटिंग हुई, हम लोग (INDI गठबंधन) चारों सीट जीत रहे हैं।
तमिलनाडु के प्रदेश भाजपा प्रमुख और कोयंबटूर से उम्मीदवार के अन्नामलाई ने कहा कि कई वोटरों ने वोटरलिस्ट में नाम न होने की बात कही है। ऐसा कई जगह हुआ है। हमने इन जगहों पर री-पोलिंग की मांग की है। हमें शक है कि ऐसा राजनीतिक दखल के चलते हुआ। जिस लोगों के नाम वोटरलिस्ट से गायब हैं, वे भाजपा कार्यकर्ता हैं।
छत्तीसगढ़ में कोंडागांव जिले के नक्सल प्रभावित अति संवेदनशील कडेनार और बेचा इलाकों में वोटिंग कराकर मतदान दल लौट आया है। ये दल हेलिकॉप्टर से लौटा है। ITBP कैंप के हेलीपेड पर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने गुलदस्ता देकर मतदान दल का स्वागत किया।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) में पहले फेज की वोटिंग पर कहा- भाजपा का पहले दिन का पहला शो ही फ्लॉप हो गया। पहले चरण की हवा और पश्चिम की हवा भाजपा का पूरे उत्तर प्रदेश और देश में सफाया करेगी। भाजपा की कहानी, घिसे-पिटे डायलॉग किसी को पसंद नहीं आ रहे। खिड़की पर कोई टिकट लेने भी नहीं जा रहा।
राजस्थान के पाली में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- कांग्रेस अध्यक्ष कहते हैं कि राजस्थान वालों को जम्मू-कश्मीर से क्या लेना-देना। खड़गे जी, इतिहास उठाकर देख लीजिए, जब भी देश में किसी सीमा पर हमला हुआ तो राजस्थान जवानों ने शहादत दी है। 370 हटना चाहिए था या नहीं? राहुल बाबा ने कहा था कि अनुच्छेद 370 हटेगा तो खून की नदियां बह जाएंगी। जब 5 अगस्त 2019 को मोदी जी ने 370 को समाप्त किया तो कंकड़ भी नहीं फेंका गया।
वर्धा की जनसभा में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज इतनी बड़ी संख्या में आपकी उपस्थिति, वर्धा और अमरावती का प्रचंड समर्थन ये बता रहा है कि विकसित महाराष्ट्र और विकसित भारत का लक्ष्य दूर नहीं है। जितने लोग अंदर हैं, उससे ज्यादा बाहर खड़े हैं।
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा- मैं सुन रही हूं कि कुछ लोग यहां कह रहे हैं कि हम I.N.D.I.A गठबंधन हैं, हमें वोट दें। मैं उन्हें बता दूं कि गठबंधन दिल्ली में है यहां नहीं। यहां कांग्रेस, CPM, I.N.D.I.A गठबंधन न करें। TMC के खिलाफ एक भी वोट कांग्रेस को देना मतलब भाजपा को दो वोट देना। यहां और किसी पार्टी को वोट देना मतलब भाजपा को और शक्तिशाली करना है।
रामनवमी के दिन हैदराबाद से भाजपा उम्मीदवार माधवी लता का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने अपने हाथों से तीर चलाने का एक्शन किया था। इसे लेकर ओवैसी ने कहा था कि उन्होंने मस्जिद पर निशाना लगाया था। इसे लेकर माधवी लता ने कहा कि वीडियो राम नवमी से था। हम भगवान राम का ‘राम बाण’ के साथ पूजन करते हैं। हम भगवान राम की प्रार्थना कर रहे थे। मस्जिद कहां से आई? असदुद्दीन ओवैसी भड़काऊ भाषण देते थे, अब भड़काऊ वीडियो भी बनाने लगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एमपी के दमोह में चुनावी सभा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये चुनाव देश का चुनाव है। देश को दुनिया की शक्ति बनाने का चुनाव है। पीएम मोदी ने कहा कि जब दुनिया में युद्ध का माहौल हो, तो ऐसे में भारत में युद्ध स्तर पर काम करने वाली सरकार की बहुत जरूरत है। और ये काम सिर्फ पूर्ण बहुमत वाली भाजपा सरकार कर सकती है।
पीएम मोदी ने पाकिस्तान पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा- आज दुनिया के कई देशों की स्थिति बहुत खराब है। कई देश दिवालिया हो रहे हैं। हमारा एक पड़ोसी जो आतंक का सप्लायर था वो अब आटे की सप्लाई के लिए तरस रहा है। ऐसे हालातों में हमारा भारत दुनिया में सबसे तेजी से विकसित हो रहा है। पूरी खबर यहां पढ़ें…
केंद्रीय गृह मंत्री और गांधीनगर लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार अमित शाह ने शुक्रवार को गांधीनगर में नामांकन पर्चा दाखिल किया। यहां 7 मई को वोटिंग होनी है।
अमित शाह दूसरी बार गांधीनगर से चुनाव लड़ने जा रहे हैं। नामांकन दाखिल करने के बाद उन्होंने कहा कि गांधीनगर की जनता का मुझे हमेशा से सहयोग मिला है। क्षेत्र में विकास के सभी काम हुए हैं। इस बार का चुनाव बेहद अहम है। मोदी तीसरी बार पीएम बनने जा रहे हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अमरोहा पहुंचे। मंच पर ढोलक देकर उनका स्वागत किया गया। पीएम ने मंच से क्रिकेटर मो. शमी का नाम लेकर मुस्लिम वोट बैंक को साधने की कोशिश की।
उन्होंने फ्लॉप फिल्म के बहाने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधा। कहा- यूपी में फिर 2 शहजादों की जोड़ी की फिल्म की शूटिंग चल रही है। जिसका पहले ही रिजेक्शन हो चुका है। हर बार ये लोग परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की टोकरी उठाकर यूपी की जनता से वोट मांगने निकल पड़ते हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…
लोकसभा के फर्स्ट फेज में 21 राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों की 102 सीटों पर वोटिंग जारी है। सीटों के हिसाब से यह सबसे बड़ा फेज है। वोटिंग शाम 6 बजे तक चलेगी।
PM मोदी ने सभी से वोट डालने की अपील की। उन्होंने हिंदी, तमिल, मराठी समेत 5 भाषाओं में ट्वीट किया।
वोटर टर्नआउट ऐप के मुताबिक, दोपहर एक बजे तक सबसे ज्यादा वोटिंग त्रिपुरा में हुई। यहां 53.04% वोट पड़े। सबसे कम वोटिंग लक्षद्वीप में हुई, यहां 30% मतदान हुआ। 21 राज्यों में वोटिंग का एवरेज 40.17% है।
वोटिंग के दौरान मणिपुर के बिष्णुपुर में फायरिंग, बंगाल के कूचबिहार हिंसा और छत्तीसगढ़ के बीजापुर में ग्रेनेड ब्लास्ट हुआ है। पूरी खबर यहां पढ़ें…
चुनाव आयोग ने 16 मार्च को लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान किया। इसी के साथ आचार संहिता भी लागू हो गई। 543 सीटों के लिए चुनाव सात फेज में होगा। पहले फेज की वोटिंग 19 अप्रैल को और आखिरी फेज की वोटिंग 1 जून को होगी। 4 जून को नतीजे आएंगे। आचार संहिता से लेकर नतीजे तक इसमें 80 दिन लगेंगे।
लोकसभा के साथ 4 राज्यों- आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के विधानसभा चुनाव की तारीखें भी जारी कर दी गई हैं। ओडिशा में 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून को वोटिंग होगी। बाकी तीन राज्यों में एक फेज में चुनाव होंगे। अरुणाचल और सिक्किम में 19 अप्रैल, आंध्र प्रदेश में 13 मई को वोट डाले जाएंगे।
इलेक्शन शेड्यूल में सीटों की संख्या 543 से बढ़कर 544 सीटें हो गई है। इसकी वजह मणिपुर की आउटर मणिपुर लोकसभा सीट है। इस लोकसभा सीट में 28 विधानसभा सीटें है। 15 विधानसभा सीटों में 19 अप्रैल को और 13 विधानसभा सीटों में 26 अप्रैल को मतदान होगा। पूरी खबर पढ़ें …
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source

Previous post MP Lok Sabha Election 2024: 19 अप्रैल को रीवा और 28 अप्रैल को मुरैना में मायावती की जनसभा – Nai Dunia
Next post EC Makes Poll Preparation Ahead Of Polling In First Phase – ABP Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *