लोकसभा चुनाव-2024: कांग्रेस की 19वीं लिस्ट में तीन नाम, सभी तेलंगाना से; दूसरे चरण की वोटिंग वाली 88 सीटों … – Dainik Bhaskar

Spread the love

लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने बुधवार (24 अप्रैल) को 19वीं लिस्ट जारी की। इसमें तेलंगाना राज्य की तीन लोकसभा सीटों के नाम शामिल हैं। पार्टी ने करीमनगर सीट से वेलिचाला राजेंद्र राव, हैदराबाद से मोहम्मद वलीउल्लाह समीर और खम्मम सीट से राम श्याम रघुराम रेड्डी को टिकट दिया है।
थमा दूसरे चरण की वोटिंग के लिए चुनाव प्रचार, 26 अप्रैल को मतदान
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग वाली 88 सीटों पर चुनाव प्रचार बुधवार शाम थम गया। ये सीटें एमपी, यूपी, बिहार, राजस्थान सहित 13 राज्यों में हैं। दूसरे चरण के लिए 26 अप्रैल को वोटिंग होगी।
उधर, यूपी के कन्नौज से अब अखिलेश यादव का चुनाव लड़ना तय हो गया है। गुरुवार दोपहर वह नामांकन करेंगे। अखिलेश ने 2 दिन पहले भतीजे तेज प्रताप को इस सीट से टिकट दिया था। तेज प्रताप को लेकर स्थानीय नेताओं में भारी विरोध था। इसे देखते हुए और सीट बचाने के लिए अखिलेश ने खुद मैदान में उतरने का निर्णय लिया है। पढ़ें पूरी खबर…
देशभर में लोकसभा चुनाव से जुड़े अपडेट्स सिलसिलेवार यहां पढ़ें…
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का कहना है, मुझे लगता है कि जिन्न बोतल से बाहर आ गया है। कांग्रेस का छिपा हुआ एजेंडा बाहर आ गया है। यह साफ दिखता है, आपकी मौत के बाद भी वे आपको लूटते रहेंगे। वे यह सब देंगे किसे? हम सब जानते हैं। तुष्टीकरण की राजनीति। उन लोगों के लिए जिन्हें वे अपना वोट बैंक मानते हैं। देश को यह बताने के लिए धन्यवाद कि आपके मन में क्या है, और आप क्या तलाश रहे हैं। इस INDI गठबंधन का एक छिपा हुआ एजेंडा है, जो सनातन और सनातन विरोधी है। कांग्रेस आपके बच्चों का हक छीनने के लिए वसूली टैक्स लागू करेगी।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चुनावों से पहले किए गए वादों को लेकर बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष किया। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘मोदी की गारंटी’ यह है कि वह जो भी वादा करते हैं उसे लागू नहीं करते हैं। बुधवार को केरल के तिरुवनंतपुरम में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में खरगे ने कहा कि 2014 के चुनावों के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों के खातों में 15 लाख रुपए जमा करने की बात कही थ। यह वादा आज तक पूरा नहीं किया।
मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल) में कांग्रेस नेता और बरहामपुर से पार्टी के लोकसभा उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी ने बुधवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। तृणमूल कांग्रेस ने पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान को बरहामपुर लोकसभा सीट से मैदान में उतारा है।
एमपी के हरदा में पीएम मोदी ने मंच से पूर्व सीएम और विदिशा सीट से बीजेपी प्रत्याशी शिवराज सिंह चौहान की तारीफ की। उन्होंने कहा कि मैं शिवराज सिंह को दिल्ली ले जाना चाहता हूं। पीएम मोदी ने इंडी गठबंधन पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा- सुना है ये लोग वन ईयर वन पीएम का फॉर्मूला बना रहे है। पढ़ें पूरी खबर…
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए केरल के अलाप्पुझा में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा- कांग्रेस और कम्यूनिस्ट ने राज्य में आतंकियों को पनाह दे रखी है। माइनोरिटी के वोटबैंक के लालच ने इन्हें PFI का समर्थन करने के लिए मजबूर कर दिया है।
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस और लेफ्ट पार्टियों का दुनिया से अस्तित्व खत्म हो रहा है। आने वाला समय भारतीय जनता पार्टी का होने वाला है। सारे सर्वे बता रहे हैं कि पूरा केरल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ आगे बढ़ने के लिए तैयार है।
अमित शाह ने कहा- केरल के किसान और मछुआरे भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं। केरल के कोने-कोने से यहां की संस्कृति और विरासत दोनों के सरंक्षण के लिए नरेंद्र मोदी को वोट देने की आवाज आ रही है।
महाराष्ट्र के यवतमाल में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी चुनावी रैली के दौरान बेहोश हो गए। वे यहां NDA की शिवसेना प्रत्याशी राजश्री पाटिल के समर्थन में चुनावी रैली को संबोधित करने आए थे। गडकरी बोल ही रहे थे कि अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे बेहोश हो गए। मंच पर मौजूद लोग उन्हें अस्पताल ले गए।
घटना के कुछ देर बात नितिन गडकरी ने पोस्ट करके बताया कि वह स्वस्थ हैं। उन्होंने लिखा- रैली के दौरान गर्मी की वजह से असहज महसूस किया। लेकिन अब पूरी तरह से स्वस्थ हूं। अगली सभा में सम्मिलित होने के लिए वरूड के लिए निकल रहा हूं। आपके स्नेह और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। पढ़ें पूरी खबर…
बिहार के किशनगंज में AIMIM सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि 26 अप्रैल को आपको एक तारीख बनाना है। उस दिन जुमा का दिन है, मुबारक दिन है और उस दिन शैतानी ताकत को कामयाबी नहीं मिलेगी। ना ही शैतान को कामयाबी मिलेगी। उस दिन किसकी कामयाबी होगी, आपकी कामयाबी होगी। इसलिए नमाज पढ़ने के पहले और बाद दोनों समय वोट डालिए। पढ़ें पूरी खबर…
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को भागलपुर में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने जम्मू-कश्मीर से कन्याकुमारी तक परिवारिक पार्टियों को गिनाया। उन्होंने कहा कि हम किससे लड़ रहे हैं, कौन हैं वो लोग। उनका क्या है उद्देश्य।
नड्डा ने कहा कि ये जो इंडी अलायंस है उसका दो बातों का गठबंधन है। पहला परिवार और दूसरा भ्रष्टाचारियों को बचाने का गठबंधन। सब भ्रष्टाचारी पार्टियां हैं। कल विरोधी थे आज गले मिल रहे हैं। क्यों, इसलिए क्योंकि ये लोग सब भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। पढ़ें पूरी खबर…
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा है कि अमेठी में जगदीशपुर गांव के लोगों को अब अपनी संपत्ति के कागजात छिपाकर रखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को कुछ पता हो या नहीं, लेकिन उनके जीजा को जगदीशपुर पता है। स्मृति ने अमेठी लोकसभा के अंतर्गत हलियापुर मंडल के ग्राम हसुई मुकुन्दपुर, सोरांव, कोटवा एवं पिपरी कौ दौरा भी किया।
दिल्ली के अकबर रोड पर बुधवार को BJP कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी के घोषणापत्र के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा भी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री मोदी के मंगलसूत्र वाले बयान पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा- पिछले 2 दिनों से यह कहा जा रहा है कि कांग्रेस पार्टी आपसे आपका मंगलसूत्र और सोना छीनना चाहती है।
अगर मोदी जी ‘मंगलसूत्र’ का महत्व समझते तो ऐसी बातें नहीं करते। जब मणिपुर में एक महिला का वस्त्रहरण कर उसके वस्त्र जलाए गए तब भी मोदी चुप थे, कुछ नहीं बोले। उनके उस महिला के मंगलसूत्र के बारे में नहीं सोचा।
आज वह वोट के लिए महिलाओं से ऐसी बातें कह रहे हैं, उन्हें डरा रहे हैं ताकि वे डरकर वोट करें। उन्हें शर्म आनी चाहिए। देश को आजाद हुए 70 साल हो गए हैं और 55 साल कांग्रेस की सरकार रही। क्या किसी ने आपका सोना, मंगलसूत्र छीना?
युद्ध के दौरान इंदिरा गांधी ने देश को अपना सोना दिया था। मेरी मां का मंगलसूत्र इस देश पर कुर्बान हो गया। सच्चाई यह है कि ये (भाजपा) लोग महिलाओं के संघर्ष को नहीं समझ सकते।
उत्तर प्रदेश के मेरठ से भाजपा उम्मीदवार अरुण गोविल ने कहा- यहां के विकास के लिए मैं बहुत कुछ करना चाहता हूं। मुझे हर तरफ से बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। मेरे प्रति लोग बहुत सकारात्मक हैं, सभी लोगों में बहुत उत्साह है। विकास की कोई सीमा नहीं होती, कितना भी विकास किया जा सकता है। मेरठ में एयरपोर्ट, स्पोर्ट्स स्टेडियम, रिंग रोड, ट्रैफिक आदि के लिए मैं कुछ करना चाहूंगा।
उत्तर प्रदेश के अमेठी और गौरीगंज कांग्रेस कार्यालय के बाहर रॉबर्ट वाड्रा को चुनाव लड़ाने की मांग के पोस्टर लगाए गए हैं।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने मेरठ में चुनावी रैली में ऐलान किया कि राज्य में बसपा की सरकार बनी तो वेस्ट यूपी को अलग राज्य बनांएगे। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि मेरठ में हाईकोर्ट बेंच लाने का पूरा प्रयास करेंगे। मायावती बसपा प्रत्याशी देवव्रत त्यागी के लिए जनसभा करने पहुंची। पढ़ें पूरी खबर…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ के सक्ती में चुनाव प्रचार करने पहुंचे। जहां उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर निशाना लगाते हुए कहा कि 60 साल तक एक ही परिवार ने खुद या रिमोट से सरकार चलाई। इस दौरान कांग्रेस के नेता सिर्फ अपना तिजोरी भरने का काम किया।
पीएम ने नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत के बयान पर निशाना साधा। मोदी ने कहा कि, गरीब सेवा के प्रयासों पर यहां कांग्रेस वाले कहते हैं कि मोदी का सिर फोड़ देंगे। जब तक मेरे देश की माताएं-बहनें बैठी हैं, कोई मेरा कुछ नहीं कर सकता है। ये माताएं-बहनें मेरी रक्षा कवच हैं। पढ़ें पूरी खबर…
चुनाव आयोग ने 16 मार्च को लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान किया। इसी के साथ आचार संहिता भी लागू हो गई। 543 सीटों के लिए चुनाव सात फेज में होगा। पहले फेज की वोटिंग 19 अप्रैल को और आखिरी फेज की वोटिंग 1 जून को होगी। 4 जून को नतीजे आएंगे। आचार संहिता से लेकर नतीजे तक इसमें 80 दिन लगेंगे।
लोकसभा के साथ 4 राज्यों- आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के विधानसभा चुनाव की तारीखें भी जारी कर दी गई हैं। ओडिशा में 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून को वोटिंग होगी। बाकी तीन राज्यों में एक फेज में चुनाव होंगे। अरुणाचल और सिक्किम में 19 अप्रैल, आंध्र प्रदेश में 13 मई को वोट डाले जाएंगे।
इलेक्शन शेड्यूल में सीटों की संख्या 543 से बढ़कर 544 सीटें हो गई है। इसकी वजह मणिपुर की आउटर मणिपुर लोकसभा सीट है। इस लोकसभा सीट में 28 विधानसभा सीटें है। 15 विधानसभा सीटों में 19 अप्रैल को और 13 विधानसभा सीटों में 26 अप्रैल को मतदान होगा। पूरी खबर पढ़ें …
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source

Previous post Lok Sabha Elections 2024: 'धर्म के आधार पर आरक्षण लागू करना चाहती है कांग्रेस', बोले पीएम मोदी, – ABP न्यूज़
Next post Liquor Shop Closed: नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में आज से 26 अप्रैल तक बंद रहेंगे ठेके, नहीं मि.. – दैनिक जागरण (Dainik Jagran)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *