Lok Sabha Election 2024 पंजाब की 13 लोकसभा सीटों पर आखिरी चरण में एक जून को मतदान होगा। चार जून को परिणामों की घोषणा होगी। यहां पिछले चुनावों में आधे से अधिक प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो चुकी है। इस बार तो प्रत्याशियों के इजाफा होने की उम्मीद है। भाजपा कांग्रेस आप व शिअद के अलावा शिअद (मान) और बसपा जैसे दल चुनाव मैदान में हैं।
रोहित कुमार, चंडीगढ़ l पंजाब में लोकसभा चुनाव में प्रत्याशियों की संख्या में हर बार वृद्धि हो रही है। दिलचस्प बात यह है कि आधे से अधिक प्रत्याशी अपनी जमानत भी बचा नहीं पाते हैं। वर्ष 1952 से लेकर 2019 तक के आंकड़े यही दर्शाते हैं। लोकसभा चुनाव 2019 में 278 प्रत्याशी मैदान में उतरे थे, जिनमें 248 की जमानत जब्त हो गई थी।
यह भी पढ़ें: ‘कहीं लू के थपेड़े तो कहीं होगी राहत की बौछार’, कल जिन 11 राज्यों में मतदान, वहां कैसा रहेगा मौसम का हाल?
300 पार हो सकता है प्रत्याशियों का आंकड़ा
पंजाब में इस बार प्रत्याशियों की संख्या 300 के पार हो सकती है। इसका कारण यह है कि इस बार चार मुख्य राजनीतिक पार्टियों भाजपा, कांग्रेस, आप व शिअद के अलावा शिअद (मान) और बसपा अपने प्रत्याशी चुनाव में उतार रही हैं। वहीं कई निर्दलीय प्रत्याशी भी ताल ठोकेंगे।
इतनी है जमानत राशि
उल्लेखनीय है कि गठबंधन टूटने के बाद शिअद और भाजपा दोनों पार्टियां अलग-अलग चुनाव लड़ रही हैं। चुनाव में उतरने वाले प्रत्याशियों को जमानत राशि जमा करवानी होती है। सामान्य वर्ग के लिए यह राशि 25 हजार और एससी वर्ग के लिए 12,500 रुपये है। राज्य में सातवें और आखिरी चरण में पहली जून को मतदान होगा।
आखिरी चरण में चुनाव
नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए सात मई को नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। मतदान से संबंधित सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के अंदर पूरा करने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। इस बार चुनाव आयोग ने मतदान का लक्ष्य 70 प्रतिशत पार का रखा है। इसको लेकर चुनाव आयोग लगातार अभियान चला रहा है।
यह भी पढ़ें: हरियाणा की इन छह सीटों पर कौन जीतेगा और किसे मिलेगी मात; इसका फैसला करते हैं ये दो राज्य, जानें क्या है मामला

