प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार (28 फरवरी) शाम महाराष्ट्र के यवतमाल पहुंचे। यहां उन्होंने 4900 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण किया। इसके साथ ही देश के 9 करोड़ किसानों को पीएम किसान योजना की 16वीं किस्त भी जारी की।
यवतमाल से पहले पीएम तमिलनाडु के थूथुकुडी में थे। उन्होंने यहां 17 हजार 300 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स की नींव रखी थी। थुथूकुडी से पहले 27 फरवरी को पीएम तमिलनाडु के तिरुपुर और केरल के तिरुवनंतपुरम भी पहुंचे थे।
यवतमाल में पीएम मोदी ने कहा, ‘साल 2014 से पहले देश के गांवों में अराजकता थी। लेकिन तत्कालीन INDI गठबंधन की सरकार को इसकी कोई परवाह नहीं थी। आजादी से लेकर 2014 तक देश के गांवों में अराजकता का माहौल था।’
उन्होंने कहा कि पहले 100 में से केवल 15 परिवारों को पाइप के माध्यम से पानी मिलता था। इसे समाप्त करने के लिए मैंने हर घर जल की गारंटी दी। अब 100 में से 75 ग्रामीण परिवारों को पाइप के माध्यम से पानी मिलता है।
गांव के घरों में पाइप से पानी पहुंचा
पीएम मोदी ने कहा कि मैं छत्रपति शिवाजी महाराज की धरती को नमन करता हूं। मैं बाबा साहेब अंबेडकर को भी नमन करता हूं। जब 10 साल पहले मैं चाय पर चर्चा के लिए यवतमाल आया था, तो आपने (जनता) हमें आशीर्वाद दिया था। भारत की जनता ने NDA को 300 के पार पहुंचाया। 2019 में भी हम 350 के पार पहुंचे। सभी वर्गों की महिलाएं हमें आशीर्वाद देने के लिए यहां आई हैं।
उन्होंने कहा कि जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी तो दिल्ली से एक रुपया निकलता था और गंतव्य तक 15 पैसे पहुंचते थे। अगर अभी कांग्रेस की सरकार होती तो जो 21 हजार करोड़ रुपए, 18 हजार करोड़ रुपए आज आपके पास हैं। वो बीच में ही लुट गया होता।
पीएम मोदी ने यवतमाल में महाराष्ट्र के एक करोड़ आयुष्मान कार्ड के वितरण की शुरुआत की। पीएम नरेंद्र मोदी ने ‘नमो शेतकरी महा सम्मान निधि’ की दूसरी और तीसरी किस्त जारी की भी जारी की।
देश को मिला पहला हाइड्रोजन हब पोर्ट और इनलैंड वाटर वे वेसल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को तमिलनाडु के थूथुकुडी में 17 हजार 300 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स की नींव रखी। इनमें देश का पहला हाइड्रोजन हब पोर्ट और इनलैंड वाटर वे वेसल शामिल है। इस वेसल को हरित नौका इनीशिएटिव के तहत बनाया गया है। इसके साथ ही PM ने वीओ चिदंबरनार बंदरगाह पर आउटर हार्बर कंटेनर टर्मिनल की आधारशिला रखी।
PM ने 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 75 लाइट हाउसेस में पर्यटक सुविधाएं भी राष्ट्र को समर्पित कीं। इसके अलावा 1,477 करोड़ की लागत से कन्याकुमारी, नागरकोइल और तिरुनेलवेली से चेन्नई तक के रेल प्रोजेक्ट्स और 4,586 करोड़ की चार सड़क परियोजनाओं का भी लोकार्पण किया।
इसके अलावा PM ने कुलाशेखरपट्टीनम में ISRO के नए लॉन्च कॉम्प्लेक्स की नींव रखी। ये कॉम्प्लेक्स 986 करोड़ रुपए की लागत से बनाया जाएगा। यहां से हर साल 24 लॉन्च किए जाएंगे। कॉम्प्लेक्स में 35 फैसिलिटी और एक मोबाइल लॉन्च स्ट्रक्चर शामिल होगा।
इस मौके पर PM ने कहा, ‘तमिलनाडु और देश की जनता को एक सत्य बताना जरूरी है। सत्य कड़वा होता है, लेकिन मैं सीधा आरोप UPA सरकार पर लगाना चाहता हूं। जो परियोजनाएं मैं आज यहां लेकर आया हूं वह दशकों से यहां के लोगों की मांग थी। आज जो लोग यहां सत्ता में बैठे हैं वे तब दिल्ली में बैठे थे, सरकार और यह विभाग चलाते थे, लेकिन उन्हें आपके विकास की फिक्र नहीं थी।
पढ़िए थूथुकुडी में PM के भाषण की 5 बातें…
1. तमिलनाडु के लोगों ने काशी को बहुत बड़ा उपहार दिया: PM ने कहा कि जिन परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया वे विकसित भारत के रोडमैप का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जिनमें ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना भी देखने को मिलेगी। आज भारत की पहली हाइड्रोजन ईंधन फेरी लॉन्च की गई है। यह फेरी जल्द ही काशी में गंगा नदी में चलेगी, यह एक तरह से तमिलनाडु के लोगों का काशी के लोगों को बहुत बड़ा उपहार है।
2. मैरीटाइम सेक्टर की ग्रोथ से तमिलनाडु की ग्रोथ होगी: PM ने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से आज भारत मैरीटाइम और वाटरवेज के क्षेत्र में नए रिकॉर्ड बना रहा है। आने वाले समय में मैरीटाइम सेक्टर की ग्रोथ कई गुना बढ़ने वाली है और इसका तमिलनाडु के तटीय इलाकों पर बड़ा प्रभाव पड़ेगा। इससे युवाओं के लिए नौकरी के अवसर निकलेंगे।
3. विकसित भारत के लक्ष्य की पूर्ति में विकसित तमिलनाडु की बड़ी भूमिका: PM ने कहा कि आज देश विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए काम कर रहा है। इस लक्ष्य में विकसित तमिलनाडु की भूमिका बहुत बड़ी है।
4. 5000 करोड़ के प्रोजेक्ट्स से टूरिज्म को बूस्ट मिलेगा: PM ने कहा कि तमिलनाडु और केरल के बीच रेल लाइन का विद्युतीकरण और इसे डबल किए जाने से दोनों राज्यों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ेगी। आज मैंने 5000 करोड़ रुपए के चार बड़े प्रोजेक्ट भी इनॉगरेट किए हैं। इनसे राज्य में रोड कनेक्टिविटी बढ़ेगी, ट्रैवल में लगने वाला समय कम होगा और टूरिज्म और इंडस्ट्री को बूस्ट मिलेगा।
5. लाइटहाउस को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया गया: आज देश के अलग-अलग राज्यों में स्थित 75 लाइटहाउस में विकसित की गई पर्यटन सुविधाओं को देश को समर्पित किया गया। जलमार्ग और समुद्री क्षेत्र को दशकों तक हमारे देश में उपेक्षा के साथ देखा गया, लेकिन यही आज विकसित भारत की बुनियाद बन रहे हैं। तमिलनाडु और दक्षिण भारत को इसका सबसे बड़ा लाभ मिल रहा है।
तमिलनाडु के बाद महाराष्ट्र पहुंचेंगे PM
बुधवार की ही शाम 4.30 बजे PM मोदी महाराष्ट्र के यवतमाल पहुंचेंगे। यहां पर 4 हजार 900 करोड़ के प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण करेंगे। जिसमें रेल, सड़क और सिंचाई के प्रोजेक्ट्स शामिल हैं।
PM मोदी यहां नमो शेतकारी महासम्मान निधि के तहत लगभग 3 हजार 800 करोड़ रुपए की दूसरी और तीसरी किस्त भी जारी करेंगे। राज्य में 5.5 लाख महिला सेल्फ हेल्प ग्रुप को 825 करोड़ रुपए का रिवॉल्विंग फंड भी देंगे। इसके साथ राज्यभर में एक करोड़ आयुष्मान कार्ड का वितरण शुरू होगा।
PM राज्य में OBC लाभार्थियों के लिए मोदी आवास घरकुल योजना शुरू करेंगे। इसके तहत 2.5 लाख लोगों को 375 करोड़ रुपए की पहली किस्त ट्रांसफर करेंगे। इस योजना में 10 लाख घर बनाए जाने हैं। इसके साथ PM-किसान निधि की 16वीं किस्त भी ट्रांसफर करेंगे।
27 फरवरी को PM तीन प्रोग्राम में शामिल हुए…
केरल में गगनयान के 4 एस्ट्रोनॉट्स के नामों का ऐलान, PM बोले- ये 140 करोड़ लोगों की उम्मीदों को स्पेस में ले जाने वाली शक्तियां
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को केरल के तिरुवनंतपुरम स्थित विक्रम साराभाई स्पेस सेंटर (VSCC) पहुंचे। उनके साथ ISRO चीफ एस सोमनाथ भी मौजूद थे। PM ने यहां 1800 करोड़ रुपए के तीन स्पेस इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया। साथ ही गगनयान मिशन पर भेजे जाने वाले एस्ट्रोनॉट्स के नामों का ऐलान भी किया और उन्हें एस्ट्रोनॉट विंग्स दिए। पूरी खबर पढ़ें…
केरल में मोदी बोले- विपक्ष ने हार मान ली है; उनके पास देश के विकास का रोडमैप नहीं, इसलिए मुझे गाली देना ही उनका एजेंडा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को तिरुवनंतपुरम में एक जनसभा में कहा- लोकसभा चुनाव को लेकर विपक्ष ने अपनी हार स्वीकार कर ली है। विपक्ष के पास देश के विकास का कोई रोडमैप नहीं है, इसलिए उन्होंने सिर्फ एक एजेंडा बना रखा है- मोदी को गाली देना। मैं जानता हूं केरल के लोग ऐसे नकारात्मक विचार रखने वाले लोगों का साथ नहीं देंगे। पूरी खबर पढ़ें…
मोदी बोले- तमिलनाडु को लूटने वाले भाजपा से घबराए; कुछ लोग AC कमरों में बैठकर देश को टुकड़ों में देखने की कोशिश करते हैं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को तमिलनाडु में लोगों को संबोधित करते हुए कांग्रेस, तमिलनाडु की DMK सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा- तमिलनाडु में कांग्रेस और DMK का गठबंधन राज्य को दोनों हाथों से लूटने के लिए हुआ है। ये भाजपा को मिल रहे समर्थन से घबरा गए हैं। पूरी खबर पढ़ें…
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
