लोकसभा चुनाव के पहले चरण में बिहार की चार सीट गया, नवादा, औरंगाबाद और जमुई में चुनाव होंगे। इसके लिए नामांकन की आज आखिरी तारीख है। नॉमिनेशन के आखिरी दिन पूर्व मुख्यमंत्री और NDA कैंडिडेट जीतन राम मांझी गया लोकसभा सीट से अपना पर्चा भरा। मांझी का मुकाबला राजद नेता सर्वजीत से होगा। नामांकन से पहले मांझी ने जनसभा की, जिसमें सम्राट चौधरी, चिराग पासवान और उपेंद्र कुशवाहा समेत एनडीए के कई नेता शामिल हुए।
वहीं कुमार सर्वजीत ने भी पर्चा दाखिल कर दिया है। इससे पहले वो मंदिर गए और पूजा की। इधर नवादा सीट से राजद प्रत्याशी श्रवण कुशवाहा बाहुबली अशोक महतो के साथ नामांकन करने पहुंचे।
दूसरी ओर लोजपा (रामविलास) के प्रत्याशी और चिराग पासवान के बहनोई अरुण भारती ने भी आज जमुई से अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ खुद चिराग पासवान भी मौजूद रहें। मौके पर उन्होंने कहा कि मैं दावे से कह सकता हूं कि जमुई के लिए मेरे से बेहतर सांसद और बेटा साबित होंगे मेरे जीजा। और जनता मुझसे ज्यादा इन्हें प्यार देगी।
जमुई में अरुण भारती का मुकाबला राजद की अर्चना रविदास से होगा। नवादा में महागठबंधन प्रत्याशी श्रवण कुमार उर्फ श्रवण कुशवाहा का मुकाबला एनडीए के विवेक ठाकुर से है। विवेक ठाकुर के नामांकन में गिरिराज शामिल हुए।
पहले चरण की सभी चार सीटों पर दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच 30 मार्च को होगी। नामांकन पत्रों की वापसी की अंतिम तारीख 2 अप्रैल तक निर्धारित है। इस चरण की सीटों के चुनाव के लिए 19 अप्रैल को होगा। नतीजे 4 जून का आएंगे।
चिराग मेरे छोटे भाई…उनके बहनोई मेरे भी: सम्राट चौधरी
अरुण भारती के समर्थन में उनके नामांकन कराने बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय सिंहा, श्रवण कुमार, उपेंद्र कुशवाहा पहुंचे। सम्राट चौधरी ने कहा कि ने एक ही मंच से एनडीए के प्रत्याशी अरुण भारती के लिए एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि चिराग पासवान को लेकर कहा कि आप तो हमारे छोटे भाई हैं, इस नाते से अरुण भारती जी हमारे भी बहनोई हुए। पूरी खबर पढ़ें…
लोकसभा चुनाव में नवादा से 17 प्रत्याशियों ने किया नामांकन: भोजपुरी स्टार गुंजन सिंह लड़ेंगे निर्दलीय, जानिए कौन से पार्टी से कौन हैं उम्मीदवार
नवादा संसदीय क्षेत्र से 18वीं लोकसभा चुनाव को लेकर कुल 17 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। गुरुवार 28 मार्च को नामांकन की आखिरी तिथि थी। सभी प्रत्याशियों ने पूरे गाजे-बाजे के साथ उत्साह पूर्वक नामांकन किया। इस बार खास बात यह है की भोजपुरी स्टार गुंजन सिंह निर्दलीय उम्मीदवार होंगे। जहां उनका मुकाबला भाजपा के विवेक ठाकुर से होगा। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
प्रत्याशियों का नामिनेशन में क्या हुआ, जानने के लिए पढ़े ब्लॉग…
लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए आज से नॉमिनेशन की शुरूआत हो चुकी है। बिहार के 5 लोकसभा सीटों पर 28 मार्च से 4 अप्रैल तक नॉमिनेशन होना है। ऐसे में नॉमिनेशन के पहले दिन बतौर एनडीए कैंडिडेट संतोष कुशवाहा ने पूर्णिया लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल किया है। इस दौरान बिहार सरकार के मंत्री विजय चौधरी, मंत्री लेसी सिंह और पूर्व डिप्टी सीएम तारकेश्वर प्रसाद साथ रहे।
जमुई लोकसभा सीट से एनडीए प्रत्याशी के तौर पर पर्चा भरने के बाद लोजपा रामविलास नेता अरुण भारती जनसभा में पहुंचे। जिसमें एनडीए के बड़े नेता शामिल हुए। मंच पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी, उपेंद्र कुशवाहा, जमुई सांसद चिराग पासवान मौजूद रहे।
गया के गांधी मैदान में जनसभा को संबोधित करते पूर्व सीएम जीतन राम मांझी ने कहा-आप लोगों ने बहुत कुछ दिया है। एक भुईयां दलित के बेटे को मुख्यमंत्री तक बनाया। पर कुछ कमी रह गई थी। मुझे मौका मिला तो डोभी के घोड़ा घाट से गया के बित्थो तक बांध बना देंगे। ताकि गया सहित पूरे 8 जिलों का जलस्तर कभी न सूखे।
नवादा में गिरिराज ने कहा कि महागठबंधन गठबंधन नहीं था। ये परिवारवादी लोग एक जगह जुटे। बिहार के लालू यादव, यूपी के मुलायम यादव, महाराष्ट्र के उद्धव ठाकरे, ममता बनर्जी ये परिवार वाले जुटकर एनडीए का विरोध करने की ताकत नहीं रखते, लेकिन मोदी जी को गाली देने का एक ही प्लेटफॉर्म है महागठबंधन। परिवारवाद के खिलाफ एनडीए की मुहिम चलेगी। 2024 में 40 सीट पर एनडीए की जीत होगी। चाहे नवादा हो, बेगूसराय हो या गया।
गया में जीतनराम मांझी के नॉमिनेशन के बाद डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, लोजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान और उपेंद्र कुशवाहा नवादा के लिए निकल गए। सभी बीजेपी प्रत्याशी विवेक ठाकुर के नामांकन में शामिल होंगे। इनके अलावे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह भी नॉमिनेशन में शामिल होने के लिए नवादा पहुंच चुके हैं।
गया लोकसभा क्षेत्र से महागठबंधन के प्रत्याशी कुमार सर्वजीत ने नॉमिनेशन फाइल करने के बाद कहा कि हमें उम्मीदवार बनाकर महागठबंधन ने अपना आशीर्वाद दिया है। वहीं एनडीए से जीतन राम मांझी के प्रत्याशी होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह लड़ाई बाप-बेटे की है। कोई पिता नहीं चाहेगा कि बेटा कहीं पर कमजोर पड़े। रही बात गया जनता की तो हर समाज वर्ग के लोगों का मुझे आशीर्वाद है। वह मुझसे, मेरे काम से परिचित हैं और मुझे पूरा विश्वास है कि हमें किसी प्रकार की कोई कमी नहीं होने देंगे।
लोजपा रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि होली हम चार जून को खेलेंगे जब बिहार में 40 की 40 सीटें जीतेंगे और मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाएंगे। देश के विकास में योगदान देंगे।
नवादा में महागठबंधन के राजद उम्मीदवार श्रवण कुशवाहा नामांकन के लिए कुख्यात अशोक महतो, राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव के साथ पहुंचे हैं।
नामांकन से पहले गया शहर के ऐतिहासिक गांधी मैदान में मांझी जनसभा कर रहे हैं। सभा स्थल पर पूर्व सीएम जीतन राम मांझी पहले से मौजूद थे। फिलहाल सभा में आधी से ज्यादा कुर्सियां खाली पड़ी हैं। नामांकन में बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री, मंत्री डॉ प्रेम कुमार समेत अन्य अभी तक नहीं पहुंचे हैं। स्थानीय नेता हीं जन सभा को संबोधित करने वाले हैं। अभी तक 75 प्रतिशत कुर्सियां खाली पड़ी है।
मांझी नामांकन भरने से पहले गया के गांधी मैदान में जनसभा करेंगे। इस दौरान एनडीए के कई बड़े नेता भी मौजूद रहेंगे।
हम के संरक्षक जीतन राम मांझी पिछले चुनाव 2019 के लोकसभा चुनाव में महागठबंधन से गया लोकसभा 38 के उम्मीदवार बनाए गए थे। लेकिन यहां से उन्हें एनडीए के प्रत्याशी जनता दल यूनाइटेड के विजय कुमार मांझी ने करारी शिकस्त दी थी। 2019 में भी लोकसभा का चुनाव गया में पहले चरण में हीं था। इस बार भी 19 अप्रैल को मतदान हो रहा है।
मांझी के नामांकन के दौरान उनके साथ बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, लोजपा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह जमुई सांसद चिराग पासवान, बिहार सरकार में मंत्री सह नगर विधायक डॉ प्रेम कुमार, डॉ संजय जायसवाल, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, जीवेश मिश्रा MIC, महाचंद्र सिंह और अन्य नेता शामिल रहेंगे। मांझी के नामांकन से पहले गया के गांधी मैदान में सभा का आयोजन किया जाएगा।
लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण में बिहार की चार सीटों औरंगाबाद, गया, नवादा और जमुई के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने का अंतिम दिन 28 मार्च है। इनमें गया एवं जमुई आरक्षित सीटें हैं। ऐसे में अब आज गुरुवार को सभी दलों एवं संभावित उम्मीदवारों द्वारा नामांकन पत्र दाखिल करने पर जोर रहेगा। पहले चरण की सभी चार सीटों पर दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच 30 मार्च को होगी। नामांकन पत्रों की वापसी की अंतिम तिथि 2 अप्रैल तक निर्धारित है। इस चरण की सीटों के चुनाव के लिए 19 अप्रैल को होगा।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
