धोखे से जमीन का बैनामा, विरोध करने पर विधवा और बेटियों से मारपीट का आरोप

Spread the love

देवरिया। जनपद के खामपार थाना क्षेत्र के सवरेजी गांव में जमीन विवाद ने तूल पकड़ लिया है। आरोप है कि नाम चढ़वाने के बहाने एक बुजुर्ग विधवा महिला को ले जाकर धोखे से जमीन का बैनामा करा लिया गया। जब परिवार को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने थाना से लेकर जिला प्रशासन तक शिकायत की, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित परिवार का कहना है कि न्याय की मांग करना उन्हें भारी पड़ गया। आरोप है कि कथित दबंगों ने महिला और उसकी दो बेटियों के साथ मारपीट की, जिससे वे घायल हो गईं। घटना के बाद गांव में आक्रोश है और लोगों में प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
परिजनों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद प्रभावी कदम न उठाए जाने से आरोपियों के हौसले बढ़े। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि शुरुआती स्तर पर जांच कर कार्रवाई होती तो विवाद हिंसा तक नहीं पहुंचता।
फिलहाल मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पीड़ित पक्ष ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि कानून व्यवस्था पर लोगों का भरोसा कायम रह सके।

Previous post खतौनी संशोधन में लापरवाही व धन मांगने के आरोप में लेखपाल निलंबित
Next post जापान की मैग्लेव ट्रेन की स्पीड देख CM योगी भी दंग; 500 KM/H की रफ्तार से दौड़ी, थम्स अप किया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *