सुलतानपुर, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव में बुधवार को भाजपा प्रत्याशी मेनका संजय गांधी कलेक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन किया। दो दिनों में तीन लोगों ने पर्चा भरा है। अब तक कुल 52 लोगों ने पर्चा खरीदा है।
बुधवार को भारतीय जनता पार्टी से मेनका संजय गांधी पत्नी स्व संजय गांधी द्वारा नामांकन कक्ष, जिलाधिकारी न्यायालय पहुंचकर अपना नामांकन पत्र रिटर्निंग आफिसर/जिला निर्वाचन अधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना के समक्ष 04 सेट में दाखिल किया गया। दूसरा नामांकन आजाद पार्टी से गिरीश लाल सुत राम लखन द्वारा 01 सेट में दाखिल किया गया। इस प्रकार नामांकन के तीसरे दिन तक कुल-03 प्रत्याशियों द्वारा नामांकन पत्र दाखिल किया गया। नामांकन के तीसरे दिन नामांकन कक्ष से कुल 06 प्रत्याशियों द्वारा कुल 08 सेट नामांकन पत्र क्रय किये गये, जिसमें से सतक्रान्ति पार्टी से आकाश सिंह सुत सुभाष सिंह द्वारा 01 सेट, विश्वबन्धुत्व पार्टी से सुधीर कुमार सिंह सुत बब्बन सिंह द्वारा 01 सेट, निर्दलीय प्रत्याशियों में राम करन निषाद सुत रूदला निषाद द्वारा 02 सेट, ओम प्रकाश अग्रहरी सुत शीतला प्रसाद द्वारा 02 सेट, सर्वेश वर्मा सुत रामसूरत वर्मा द्वारा 01 सेट, राजकुमार वर्मा सुत रामचन्द्र वर्मा द्वारा 01 सेट नामांकन पत्र क्रय किये गये। इस प्रकार नामांकन के तीसरे दिन तक कुल-29 राजनीतिक/गैर राजनीतिक दलों द्वारा कुल-52 नामांकन पत्र क्रय किये गये।
70 प्रतिशत हमारा, 30 प्रतिशत में बंटवारा :संजय निषाद
बुधवार को मेनका संजय गांधी नगर स्थित शास्त्री नगर के अपने अस्थाई आवास पर विधि विधान से पूजा-अर्चन करने के बाद फूलों से सजाई गई खुली जीप से लाव लश्कर व ढोल नगाड़े के साथ नामांकन के लिए निकली। उनके साथ योगी सरकार के मंत्री संजय निषाद, आशीष पटेल, जिला प्रभारी मीना चौबे, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ आरए वर्मा, एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह, विधायक विनोद सिंह, राज प्रसाद उपाध्याय व पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे। आग उगलते सूर्यदेव, उत्साहित कार्यकर्ता,हर 50 कदम पर होती फूलों की बौछार के बीच अयोध्या- प्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग पर सांसद मेनका गांधी की जब विशाल रोड शो निकला तो यहां भगवा टोपी व गमछा धारण किए हजारों की संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने स्वागत में बेशुमार प्यार लुटाया। हाथों में बीजेपी का झंडा लिए नारेबाजी भी कर रहे थे। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी में भारी उत्साह का माहौल देखा गया। मुख्य सड़क से लेकर लोगों के घरों तक से रोड शो देखने वालों का मजमा लगा रहा।
सांसद मेनका के नामांकन के बाद दीवानी के पास निर्माणाधीन पार्किंग स्थल पर जनसभा में सभी पहुंचे। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने कहा विपक्ष बिना दूल्हे की बारात है। विपक्ष ने पहले ही अपनी हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने कहा 70 प्रतिशत हमारा है 30 प्रतिशत में भी बंटवारा है। उन्होंने निषाद पार्टी के कार्यकर्ताओं से कहा कमल की सरकार ने हमारा सम्मान व सुरक्षा मुकम्मल किया है। प्रभारी मंत्री आशीष पटेल ने कहा कांग्रेस की सरकार में जब समाजवादी पार्टी सहयोगी थी तो इन्होंने न तो सैनिक स्कूल न ही केंद्रीय व नवोदय विद्यालय और न ही नीट की परीक्षा में पिछड़ों को आरक्षण देने का काम किया। मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने सैनिक स्कूल, केंद्रीय, नवोदय व नीट में पिछड़ों को आरक्षण देने का काम किया है। सपा की चार बार सरकार थी इन्होंने पिछड़ों व दलितों के लिए कुछ भी नहीं किया।
वकीलों ने किया स्वागत
सांसद मेनका संजय गांधी बुधवार को कलेक्ट्रेट में नामांकन दाखिल किया। इससे पूर्व वकीलों ने कलेक्ट्रेट के पास उनका उनका स्वागत कर जीत की अग्रिम बधाई दी। इस मौके पर अखिल भारतीय क्षत्रिय कल्याण परिषद के संरक्षक अरविंद सिंह राजा एडवोकेट, इंजीनियर अभिषेक सिंह चौहान, मृत्युंजय नारायण सिंह , अंश सिंह ,अंकित सिंह, सजल सिंह ,समाजसेवी अनिल सिंह , भैयादीप सिंह , धर्मवीर सिंह, वैभव सिंह आदि रहे।
नामांकन के बाद बार एसोसिएशन पहुंची मेनका
सांसद संजय मेनका गांधी नामांकन के बाद बार एसोसिएशन पहुंची। बार अध्यक्ष अरविंद पांडेय, महासचिव आर्तमणि मिश्र ने उनका संघ भवन में स्वागत अभिनंदन किया। सांसद मेनका गांधी ने वकीलों से चुनाव में समर्थन की अपील की। इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष करुणाशंकर दूबे, सुभाष तिवारी, एमपी त्रिपाठी, राय साहब सिंह, महेंद्र शर्मा, विद्या भूषण पांडेय, प्रदीप यादव, अजय पाठक, अरुण पांडेय, जितेंद्र मिश्र, डीजीसी राम अचल मिश्र, पालिकाध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, आकाश जायसवाल, अवधेश दूबे आदि रहे।
ये भी पढ़ें –चुनाव आयोग ने 48 घंटे के लिए पूर्व सीएम KCR के प्रचार करने पर लगाया प्रतिबंध
