तेलंगाना के हैदराबाद में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा की हैदराबाद उम्मीदवार माधवी लता, राज्य पार्टी प्रमुख जी किशन रेड्डी, पार्टी नेता राजा सिंह और टी यमन सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
सभी नेताओं पर चुनाव प्रचार के दौरान चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के उल्लंघन का आरोप है। ये सभी नेता चुनाव प्रचार के दौरान कुछ बच्चियों के साथ दिखे थे, जिनके हाथों में “अब की बार, 400 पार” नारा लिखा पोस्टर था। इनके खिलाफ मोगलपुरा पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है।
संजय निरुपम शिवसेना शिंदे गुट में शामिल हुए, बोले- 20 साल बाद घर वापसी कर रहा हूं
दूसरी तरफ, पूर्व कांग्रेस नेता संजय निरुपम शुक्रवार 3 मई को शिवसेना शिंदे गुट में शामिल हो गए। उन्होंने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में पार्टी जॉइन की। निरुपम ने कहा कि मेरे खून में बालासाहेब ठाकरे के विचार दौड़ रहे हैं। 20 साल बाद मैं घर वापसी कर रहा हूं। एकनाथ शिंदे का हाथ मजबूत करने के लिए पार्टी में शामिल हो रहा हूं।
असम सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि पाकिस्तान में राहुल गांधी बहुत ज्यादा लोकप्रिय हैं। पाकिस्तान में अगर चुनाव होता है और राहुल गांधी खड़े होते हैं तो वे बहुत ज्यादा वोट से जीतेंगे।
हिमंता ने कहा कि पाकिस्तान में राहुल से हम नहीं जीत सकेंगे। पाकिस्तान जो चाहेगा भारत में उसका उल्टा होगा। दरअसल, पाकिस्तान के पूर्व मंत्री चौधरी फवाद हुसैन के राहुल गांधी की तारीफ की थी। इसके बाद सरमा का ये बयान आया।
प्रियंका गांधी आगरा में प्रचार करने पहुंचीं और फतेहपुर सीकरी में रोड शो किया। इसी दौरान उन्होंने गाड़ी पर बैठे-बैठे ही भाषण भी दिया। गरीबों को 5 किलो राशन मिल रहा है, वो ठीक है, लेकिन वे (मोदी सरकार) आपको 5 किलो राशन पर निर्भर बनाना चाहते हैं। ये आपकी आत्मनिर्भरता नहीं चाहते। अगर चाहते तो क्या अग्निवीर जैसी स्कीम लाते।
प्रियंका ने ये भी कहा कि केंद्र में 30 लाख पद खाली पड़े हैं, उन्हें 10 साल में भर देते। वे (पीएम मोदी) तो बस दुनिया में भ्रमण करने में व्यस्त हैं। कभी अमेरिका, कभी रूस तो कभी चीन के प्रेसिडेंट के साथ झूला झूलते हैं। वे आपके पास नहीं आते। जिसके पास बहुत समय तक सत्ता हो जाती है, वह अहंकारी हो जाता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राहुल गांधी पर बयान को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- ये चिल्लर बातें जो करतें हैं। अपनी गरिमा को छोड़कर वार करते हैं। कौन डर रहा है? क्या पहले आडवाणी दो-दो जगह से चुनाव नामांकन नहीं भरते थे? वाजपेयी नहीं भरते थे। वे छोटी बातें करते हैं और छोटा बनना चाहते हैं।
मोदी ने रायबरेली से राहुल के नॉमिनेशन भरने पर कहा था- उन्हें वायनाड से हार का डर है, इसलिए अमेठी से भागकर रायबरेली आ गए। मैं उनसे कहूंगा कि डरो मत, भागो मत।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 मई को वाराणसी लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन से पहले वे काशी विश्वनाथ धाम और काल भैरव के दर्शन करेंगे। मोदी 13 मई को वाराणसी पहुंचेंगे और रोड शो करेंगे।
वाराणसी में सातवें चरण में 1 जून को वोटिंग होनी है। पीएम सबसे पहले श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में षोडशोपचार विधि से पूजन करेंगे, फिर कालभैरव में मंदिर जाकर विशेष पूजा कर जीत का आशीर्वाद लेंगे। पीएम मोदी के नामांकन को लेकर पुरोहितों ने 14 मई की तारीख को बेहतर बताया है। पढ़ें पूरी खबर…
महाराष्ट्र के महाड में शिवसेना (UBT) गुट की नेता और पार्टी की स्टार प्रचारक सुषमा दगडू अंधारे को रिसीव करने आया हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। सुषमा को कोंकण से बारामती जाना था। घटना शुक्रवार सुबह 9.30 बजे के करीब हुई।
सुषमा ने बताया कि उन्हें चुनावी सभा को संबोधित करने के लिए बारामती जाना था। मैं हेलिपेड तक कार से पहुंची। मैंने देखा कि हेलिकॉप्टर ने आसमान में 2-3 चक्कर लगाए। इसके बाद लैंड होते वक्त क्रैश हो गया। उन्होंने बताया कि हेलिकॉप्टर का पायलट घायल हुआ है।
सुषमा दगड़ू अंधारे शिवसेना ठाकरे गुट की स्टार प्रचारक हैं। वह राजनीति विज्ञान और समाजशास्त्र की लेक्चरर भी हैं।
हादसे का वीडियो…
आगरा में शुक्रवार को स्वामी प्रसाद मौर्य पर जूता फेंका गया है। शुक्रवार को वह फतहेबाद में भाषण दे रहे थे तभी एक युवक ने जूता फेंका जो उनके माइक पर लगा। स्वामी प्रसाद राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के डौकी में सती मंदिर के पास सभा करने पहुंचे थे।
इससे पहले स्वामी के काफिले को रोकने की कोशिश की गई। अखिल भारत हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए। कार पर स्याही भी फेंकी। पुलिस ने रोका तो कार्यकर्ता भड़क गए। पढ़ें पूरी खबर…
रायबरेली लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार दिनेश प्रताप सिंह ने अपना नामांकन दाखिल किया। सिंह ने कहा- रायबरेली के साथ सोनिया गांधी ने धोखा किया प्रियंका गांधी ने धोखा किया और जिनको अमेठी से प्रत्याशी बनाया उन्होंने धोखा किया। रायबरेली की जनता ने सोनिया गांधी को सांसद चुना, सोनिया गांधी ने अपना प्रभारी बनाकर प्रियंका गांधी को पावर दे दिया। प्रियंका गांधी ने अपना पावर किशोरी लाल शर्मा को दे दिया। 10 सालों रायबरेली वासियों से ना सोनिया गांधी ना प्रियंका गांधी और ना ही किशोरी लाल शर्मा मिलें। मैं कह सकता हूं कि रायबरेली के लोग बड़ी बेसब्री ये इन सब नकली गांधी का इंतजार कर रहे थे। ये आ गए हैं अब रायबरेली इनको अच्छे से सबक सिखाएगी।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रायबरेली लोकसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और रॉबर्ट वाड्रा भी मौजूद रहे।
गुरूग्राम (हरियाणा) सीट से कांग्रेस उम्मीदवार राज बब्बर ने कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुडा की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल किया।
लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने से पहले स्पेशल पब्लिक प्रोसीक्यूटर उज्ज्वल निकम उन सभी केसेस से हट गए हैं, जिनमें वे विशेष लोक अभियोजक के तौर पर अदालतों में पैरवी कर रहे थे। उज्ज्वल के पास 1993 के बम धमाकों, 26/11 के आतंकी हमलों और औरंगाबाद हथियार बरामदगी मामले से जुड़े मामले थे।
भाजपा ने मशहूर वकील उज्ज्वल निकम को मुंबई नॉर्थ सेंट्रल से उम्मीदवार बनाया है। निकम 26/11 मुंबई हमले के पाकिस्तान के आतंकी अजमल कसाब को फांसी दिला चुके हैं। निकम 1992 के मुंबई ब्लास्ट मामले में भी सरकारी वकील थे।
हालांकि उनका कहना है कि अगर जरूरत पड़ती है तो वे विशेष लोक अभियोजक के तौर पर इन मामलों को वापस ले लेंगे।
उत्तर प्रदेश की कैसरगंज लोकसभा सीट से बृजभूषण शरण सिंह के बेटे और भाजपा उम्मीदवार करण भूषण सिंह ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने नामांकन दाखिल करने के बाद कहा- यह मेरी जिंदगी के सबसे बड़े पलों में से एक है। मैं कैसरगंज की जनता को धन्यवाद देना चाहता हूं और उनसे अनुरोध करता हूं कि वे अपना आशीर्वाद मुझ पर बनाए रखें।
कांग्रेस नेता किशोरी लाल शर्मा ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए अमेठी से अपना नामांकन दाखिल किया। इस सीट पर भाजपा ने अमेठी से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को मैदान में उतारा है। पहले इस सीट पर राहुल गांधी के चुनाव लड़ने की चर्चा थी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 2 मई को कहा कि राहुल गांधी ने अपनी पार्टी कांग्रेस का अभियान भारत जोड़ो यात्रा से शुरू किया था जो 4 जून (लोकसभा चुनाव के रिजल्ट) के बाद कांग्रेस ढूंढो यात्रा के साथ खत्म होगा।
उन्होंने कहा कि पहले दो चरणों में कांग्रेस कहीं नहीं है, जबकि नरेंद्र मोदी ने शतक बनाया है और 400 की रेस में बढ़त बना ली है। कांग्रेस पार्टी दूरबीन से भी दिखाई नहीं दे रही है। कांग्रेस-SP तुष्टिकरण की राजनीति करती है।
रंगनाथ मिश्रा और सच्चर कमेटी की रिपोर्ट लाकर कांग्रेस ने एक साजिश के तहत मुसलमानों को आरक्षण दिया था।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी रायबरेली लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने शुक्रवार (3 मई) को उनके नाम का ऐलान कर दिया है। वहीं, अमेठी से किशोरी लाल शर्मा को टिकट दिया गया है। पहले कयास लगाए जा रहे थे कि यहां से प्रियंका गांधी वाड्रा को अमेठी से उतारा जाएगा। राहुल वायनाड सीट से भी चुनाव लड़ रहे हैं।
भाजपा ने रायबरेली से योगी सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को टिकट दे दिया है, जबकि अमेठी से स्मृति ईरानी लड़ रही हैं। पहले कांग्रेस नेताओं ने राहुल के अमेठी और प्रियंका के रायबरेली से लड़ने की बात कही थी। हालांकि, प्रियंका चुनाव लड़ने के लिए तैयार नहीं हुई। रायबरेली-अमेठी सीट पर नामांकन की आखिरी डेट 3 मई है। यानी आज ही राहुल गांधी नामांकन भी करेंगे। पूरी खबर पढ़ें
भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह और कैसरगंज लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार करण भूषण लोकसभा चुनाव 2024 के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए गोंडा में अपने घर से रवाना हुए। BJP ने 2 मई को कैसरगंज सीट पर बृजभूषण के बेटे करण को टिकट देने का ऐलान किया था।
लोकसभा के साथ 4 राज्यों- आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के विधानसभा चुनाव की तारीखें भी जारी कर दी गई हैं। ओडिशा में 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून को वोटिंग होगी। बाकी तीन राज्यों में एक फेज में चुनाव होंगे। अरुणाचल और सिक्किम में 19 अप्रैल, आंध्र प्रदेश में 13 मई को वोट डाले जाएंगे।
इलेक्शन शेड्यूल में सीटों की संख्या 543 से बढ़कर 544 हो गई है। इसकी वजह मणिपुर की आउटर मणिपुर लोकसभा सीट है। इस लोकसभा सीट में 28 विधानसभा सीटें है। 15 विधानसभा सीटों में 19 अप्रैल को और 13 विधानसभा सीटों में 26 अप्रैल को मतदान होगा। पूरी खबर पढ़ें
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
