सैम पित्रोदा के बयान के बाद कांग्रेस नेता और बेहरामपुर (पश्चिम बंगाल) से उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी का बयान आया है। उन्होंने कहा कि मुझे ज्यादा कुछ बोलने की जरूरत नहीं है। हर आदमी अपना सोच-विचार रखता है। हमारे देश में प्रोटो ऑस्ट्रेलॉयड हैं, नीग्रिटो हैं, मंगोलॉयड हैं। अब हैं तो हैं।
सैम पित्रोदा ने 8 मई को कहा था- भारत में ईस्ट के लोग चीनी और साउथ के लोग अफ्रीकन लगते हैं। सैम के इस बयान के बाद पीएम मोदी समेत भाजपा के आला नेताओं ने कांग्रेस को आड़े हाथ लिया था। कांग्रेस ने पित्रोदा के बयान से किनारा कर लिया था।
इससे पहले, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तेलंगाना के रायगिरि में चुनावी सभा की। इस दौरान उन्होंने कहा, “2024 का चुनाव नरेंद्र मोदी बनाम राहुल गांधी का चुनाव है। यह चुनाव वोट फॉर जिहाद और वोट फॉर विकास के बीच है। यह चुनाव राहुल गांधी की चाइनीज गारंटी के खिलाफ मोदी जी की भारतीय गारंटी का है।”
शाह ने कहा, “कांग्रेस अपने वादे पूरे नहीं करती, लेकिन PM मोदी अपने शब्दों पर कायम हैं। कांग्रेस ने 70 साल तक राम मंदिर का निर्माण रोक के रखा। PM मोदी ने सिर्फ 5 साल में केस जीत लिया। उन्होंने भूमि पूजन और प्राण प्रतिष्ठा समारोह किया। प्रधानमंत्री ने आर्टिकल 370 को हटा दिया ताकि कश्मीर में अनंत काल तक तिरंगा लहराता रहे।”
गृह मंत्री ने आगे कहा, “BRS तेलंगाना में विकास करने के वादे के साथ सत्ता में आई थी, लेकिन उसने केवल भ्रष्टाचार किया। यहां के लोगों ने रेवंत रेड्डी को 5 साल दिए। हालांकि, उन्होंने तेलंगाना को कांग्रेस के लिए ATM में बदलने के अलावा कुछ नहीं किया। आप हमें तेलंगाना में 10 से ज्यादा सीटों का आशीर्वाद दें। हम इसे भारत का नंबर बन राज्य बना देंगे।”
लोकसभा चुनाव से जुड़े अपडेट्स पढ़ें…
लोकसभा चुनाव के चौथे फेज में 13 मई को श्रीनगर में 52,100 कश्मीरी विस्थापित वोट डालेंगे। इनमें 25,760 पुरुष और 26,340 महिलाएं हैं। कश्मीर घाटी की 3 सीटों पर होने वाले चुनावों के लिए 1.13 लाख विस्थापितों ने नाम रजिस्टर्ड कराया है।
केंद्रीय मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) के अध्यक्ष रामदास अठावले ने राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव आयोग से शिकायत की है। अठावले ने चुनाव जीतने पर भाजपा के संविधान बदलने को लेकर राहुल के दावे पर आपत्ति जताई है।
उन्होंने कहा- राहुल गांधी ने बार-बार दावा किया है कि अगर भाजपा दोबारा सत्ता में आई तो वह संविधान बदल देगी। हालांकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई बार इन आरोपों का खंडन किया है। राहुल को बार-बार ऐसा दावा करने से रोका जाना चाहिए और उनके खिलाफ कुछ कार्रवाई होनी चाहिए।
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने लोकसभा चुनाव के लिए दो उम्मीदवारों की सूची जारी की। इसमें उत्तर प्रदेश के कुशीनगर और देवरिया से प्रत्याशी के नाम का ऐलान किया गया है। पार्टी ने कुशीनगर से शुभ नारायण चौहान और देवरिया से संदेश यादव उर्फ मिनिस्टर को टिकट दिया है।
यूपी के अमेठी से भाजपा उम्मीदवार और मौजूदा सांसद स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को डिबेट की चुनौती दी है। स्मृति ने कहा कि राहुल-प्रियंका अपना चैनल, एंंकर, मुद्दा, जगह, समय और तारीख चुनें। हम बहस के लिए तैयार हैं। दोनों भाई-बहन के लिए भाजपा का एक प्रवक्ता ही काफी है। दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा। किसमें कितना दम है, पता चल जाएगा।
स्मृति के बयान पर कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने पलटवार किया। सुप्रिया ने कहा- कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से बात करने का आपका (स्मृति) कद नहीं है। मैं आपको मेरे साथ डिबेट करने की चुनौती देती हूं। जगह आपकी, दिन आपका, एंकर आपका और मुद्दा भी आपका। है हिम्मत?
दरअसल, कांग्रेस महासचिव प्रियंका ने बुधवार को यूपी के रायबरेली में कहा था कि PM मोदी देश से जुड़े गंभीर मुद्दों पर बात नहीं करते हैं। उन्होंने अपने खरबपति दोस्तों की मदद से मीडिया को खरीद लिया है। इसी को लेकर स्मृति ने उन्हें चैलेंज किया है।
मध्य प्रदेश के बैतूल लोकसभा क्षेत्र के मुलताई के 4 पोलिंग स्टेशन पर 10 मई को फिर से वोटिंग होगी। इसके लिए आयोग ने बुधवार को आदेश जारी कर दिए हैं। जिन बूथ पर दोबारा वोटिंग होगी उनमें बूथ 275- राजापुर, बूथ 276-दूदर रैयत, बूथ 279- कुंडा रैयत और बूथ 280- चिखलीमाल शामिल हैं। यहां 7 मई को वोटिंग करवाकर लौट रही बस में आग लगने से कुछ ईवीएम जल गई थीं।
दूसरी तरफ, बिहार के खगड़िया में 2 बूथों पर दोबारा वोटिंग के आदेश दिए गए हैं। यहां भी तीसरे फेज की वोटिंग के दौरान EVM में तोड़फोड़ के कारण वोटिंग रोकनी पड़ी थी।
लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण का वोटर टर्नआउट 65.68% हो गया है। चुनाव आयोग ने बुधवार रात 10 बजे तक के आंकड़े अपडेट किए। सबसे ज्यादा वोटिंग असम (85.45%) में जबकि सबसे कम गुजरात में (60.13%) हुई। आयोग ने कहा कि ये आंकड़े फील्ड लेवल ऑफिसर अपडेट करते रहेंगे। तीसरे फेज के लिए 7 मई को 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 93 सीटों पर वोटिंग हुई है।
वोटिंग परसेंटेज और बाकी मुद्दों को लेकर I.N.D.I.A. ब्लॉक के नेता शुक्रवार 10 मई को चुनाव आयोग के अधिकारियों से मुलाकात कर सकते हैं। वे लोकसभा चुनाव में हर फेज के बाद वोटिंग परसेंटेज के आंकड़े तुरंत जारी करने की मांग कर रहे हैं। बैठक गुरुवार को होनी थी, लेकिन बाद में इसे बदलकर शुक्रवार कर दिया गया।
लोकसभा के साथ 4 राज्यों- आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के विधानसभा चुनाव की तारीखें भी जारी कर दी गई हैं। ओडिशा में 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून को वोटिंग होगी। बाकी तीन राज्यों में एक फेज में चुनाव होंगे। अरुणाचल और सिक्किम में 19 अप्रैल, आंध्र प्रदेश में 13 मई को वोट डाले जाएंगे।
इलेक्शन शेड्यूल में सीटों की संख्या 543 से बढ़कर 544 हो गई है। इसकी वजह मणिपुर की आउटर मणिपुर लोकसभा सीट है। इस लोकसभा सीट में 28 विधानसभा सीटें है। 15 विधानसभा सीटों में 19 अप्रैल को और 13 विधानसभा सीटों में 26 अप्रैल को मतदान होगा। पूरी खबर पढ़ें…
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
