कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि PM नरेंद्र मोदी की बातों में कोई दम नहीं है और उनका मकसद केवल चुनाव के दौरान वोट बटोरना है।
महाराष्ट्र के नंदुरबार में एक चुनावी रैली में प्रियंका ने कहा कि पीएम मोदी का कहना है कि वह भ्रष्टाचार के लिए अकेले लड़ रहे हैं। आपके पास शक्ति और सभी संसाधन हैं। दुनिया के सारे नेता आपके साथ हैं। तुम अकेले कैसे रह सकते हो?
मोदी चुनाव के दौरान आते हैं और रोने लगते हैं और कहते हैं कि उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। उन्हें इंदिरा गांधी से दृढ़ संकल्प और बहादुरी सीखनी चाहिए, लेकिन, आप उनसे सीख नहीं सकते क्योंकि आप इतनी महान महिला को देशद्रोही कहते हैं।
लोकसभा चुनाव से जुड़े अपडेट्स पढ़ें…
अरविंद केजरीवाल ने दक्षिण दिल्ली में रोड शो किया। इसमें पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद रहे। आम आदमी पार्टी ने यहां से सहीराम पहलवान को उतारा है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को हावड़ा में एक चुनावी रैली के दौरान कलाकारों के साथ डांस किया।
बेगूसराय में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि लालू यादव कहते हैं कि हमारी सरकार बनेगी तो मुसलमान को आरक्षण दिया जाएगा, लेकिन मुसलमान को आरक्षण भारत में नही पाकिस्तान में मिलना चाहिए। असम सीएम बेगूसराय के बखरी विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी प्रत्याशी गिरिराज सिंह के लिए जनसभा करने पहुंचे थे। पढ़ें पूरी खबर…
गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार 11 मई को हैदराबाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। शाह ने कहा कि तीन चरणों की (284 सीटों पर) वोटिंग खत्म हो चुकी है। इनमें NDA को 200 सीटों मिल रही हैं। चौथा चरण NDA के लिए बहुत अच्छा है। हमें सबसे ज्यादा सफलता चौथे चरण से मिलेगी। हम निश्चित रूप से 400 पार की ओर आगे बढ़ेंगे। 4 जून आने वाले नतीजों में दक्षिण के पांचों राज्यों तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक में भाजपा सबसे बड़ा दल बनकर उभरेगी।
शाह ने ये भी कहा कि एक तरफ इंडी अलायंस और दूसरी तरफ NDA हैं। एक तरफ 12 लाख करोड़ का घपला-घोटाला करने वाली कांग्रेस और उनके साथी हैं। दूसरी तरफ मोदी का 23 साल का मुख्यमंत्री-प्रधानमंत्री का कार्यकाल है, जिसमें उन पर 25 पैसे के भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा। थोड़ी गर्मी बढ़ते ही कुछ नेता देश के बाहर छुट्टी मनाने नियमित रूप से चले जाते हैं। नरेंद्र मोदी ने 23 साल से कोई छुट्टी नहीं ली। दीपावली के दिन भी वे जवानों के साथ सरहद पर त्योहार मनाते हैं। एक तरफ यानी बीजेपी का 10 साल का ट्रैक रिकॉर्ड और अगले 25 साल का एजेंडा है।
अरविंद केजरीवाल के दावे पर शाह ने कहा- मैं केजरीवाल एंड कंपनी और पूरे इंडी अलायंस को कहना चाहता हूं कि मोदी जी 75 साल के हो जाएं, इससे आपको आनंदित होने की जरूरत नहीं है। ये भाजपा के संविधान में कहीं नहीं लिखा है। मोदी जी ही ये टर्म पूरी करेंगे। मोदी जी ही आगे देश का नेतृत्व करते रहेंगे। भाजपा में कोई कंफ्यूजन नहीं है।
जमानत पर बाहर आए केजरीवाल ने अपनी पहली सभा में कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले साल 17 सितंबर को 75 साल के हो जाएंगे। क्या भाजपा उन्हें लालकृष्ण आडवाणी की तरह रिटायर करेगी।
वहीं, गुजरात के दाहोद लोकसभा सीट की संतरामपुर विधानसभा क्षेत्र के 220 परथमपुर पोलिंग बूथ पर आज दोबारा वोटिंग हो रही है। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग शाम 6 बजे तक होगी। 7 मई को तीसरे फेज के दौरान यहां गड़बड़ी की सूचना मिली थी, जिसके बाद चुनाव आयोग ने फिर से वोटिंग के आदेश दिए थे।
राहुल गांधी ने शनिवार 11 मई को आंध्र प्रदेश के कडपा में सभा की। यहां उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश को बीजेपी की B टीम चला रही है। B यानी बाबू (TDP प्रमुख चंद्रबाबू नायडू), J से जगन (आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी) और P से पवन (जनसेना के नेता एक्टर पवन कल्याण) हैं। इन तीनों नेताओं का रिमोट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास है।
सीएम जगन मोहन की बहन वाईएस शर्मिला आंध्र की प्रदेश कांग्रेस प्रमुख हैं। वे कडपा से ही पार्टी की उम्मीदवार भी हैं। राहुल ने कडपा में ये भी कहा कि राजीव गांधी आंध्र के पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी को भाई जैसा मानते थे। दोनों नेताओं के बीच व्यक्तिगत संबंध भी थे।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने शनिवार (11 मई) को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रधानमंत्री मोदी से उनकी पार्टी में रिटायरमेंट की उम्र को लेकर सवाल किया। रेड्डी ने कहा- अगले साल आप 75 साल के हो जाएंगे। क्या आप रिटायरमेंट लेने के लिए तैयार है।
रेवंत रेड्डी ने कहा- प्रधानमंत्री ने ही भाजपा में रिटायरमेंट की उम्र 75 साल निर्धारित की है। इसी नियम के मुताबिक, लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और अन्य सीनियर नेताओं को साइडलाइन किया गया है। अब मोदी 74 साल के होने वाले है। मोदी पर भी यही नियम लागू होना चाहिए।
रेड्डी ने कहा- मोदी के लिए हर चीज पॉलिटिक्स होती है। उनकी सोच देश के लिए ठीक नहीं है। वो हर बात का जवाब जय श्री राम से देते हैं। पुलवामा के हमले इसका उदाहरण है। पुलवामा में हमला हुआ ही क्यों? आपने ये हमला होने कैसे दिया?
आप देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए क्या कर रहे हैं? आप IB और RAW जैसी संस्थाओं का इस्तेमाल क्यों नहीं करते? ये आपकी विफलता है। सर्जिकल स्ट्राइक सही में हुई थी या नहीं यह अभी तक पता नहीं चला है।
केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से भाजपा उम्मीदवार अनुराग ठाकुर ने शनिवार को यहां रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने गदा घुमाई।
आंध्र प्रदेश के ईस्ट गोदावरी में एक ट्रक ने वैन को टक्कर मार दी, जिसके बाद वैन से 7 करोड़ रुपए कैश रोड पर बिखर गए। हवा में उड़ते नोटों को देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस की इसकी सूचना दी। पुलिस ने कैश बरामद करने के बाद कहा कि ये वैन विशाखापट्टनम से विजयवाड़ा जा रही थी। इसमें 7 बक्सों में कैश को छिपाकर रखा गया था। आशंका है कि इसका इस्तेमाल चुनाव में हुआ है। हादसे में घायल वैन चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गृह मंत्री शाह बोले- पाकिस्तान के पास एटम बम होने के कारण कांग्रेस PoK का अधिकार पाकिस्तान को देना चाहती है। लेकिन आपको डरने की जरूरत नहीं है। मोदी फिर से प्रधानमंत्री बनने वाले हैं। पाकिस्तान की गोलियों का जवाब तोप से दिया जाएगा।
शाह ने कहा- रेवंत रेड्डी ने तेलंगाना को कांग्रेस का ATM बना दिया है। मोदी इस राज्य के विकास के लिए करोड़ों रुपए भेजते हैं। क्या आपके गांव तक वह पहुंचा या नहीं?
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा- हर चीज पर हिन्दू-मुसलमान करके वे(भाजपा) अपनी राजनीति चलाना चाहते हैं। वे हिन्दू-मुस्लिम को बांटना चाहते हैं, लेकिन जनता समझ गई है कि ये देश की अच्छाई के लिए या विकास के लिए नहीं सिर्फ वोट के लिए लोगों को बांट रहे हैं।
पिछले 10 सालों में विपक्ष के लोगों को परेशान करने में इन्होंने अपना समय निकाला है। कल महाराष्ट्र में मोदी ने कहा कि उद्धव ठाकरे और शरद पवार वहां रहकर मरने की बजाय कांग्रेस के साथ रहें और अपनी इच्छा को पूरा करें। हम उनकी इच्छा को पूरा करने के लिए तैयार हैं।
प्रियंका गांधी ने महाराष्ट्र के नंदूरबार में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा- PM मोदी जो भी कहते हैं वह झूठ है। वह जो कुछ भी कहते हैं वह सिर्फ चुनाव के लिए है। उनका कहना है कि वह भ्रष्टाचार के लिए अकेले लड़ रहे हैं। आपके पास शक्ति और सभी संसाधन हैं।
दुनिया के सारे नेता आपके साथ हैं। तुम अकेले कैसे रह सकते हो? वह चुनाव के दौरान आते हैं और रोने लगते हैं और कहते हैं कि उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। उन्हें इंदिरा गांधी से दृढ़ संकल्प और बहादुरी सीखनी चाहिए लेकिन, आप उनसे सीख नहीं सकते क्योंकि आप इतनी महान महिला को देशद्रोही कहते हैं।
प्रियंका गांधी ने कहा- मेरे भाई राहुल ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक 4,000 किमी की पैदल यात्रा की। ये यात्रा आपकी समस्याओं और जरूरतों को सुनने और समझने के लिए थी, आपके पास आने के लिए थी। हमारे देश में शायद ही कोई ऐसा नेता होगा, जो आपकी समस्याओं को समझने के लिए, आपसे मिलने के लिए इतना पैदल चला हो।
आपने इस धरती को अपनी श्रद्धा और मेहनत से सींचा है। मेरी दादी इंदिरा गांधी जी हमेशा चुनाव का प्रचार यहीं से शुरू करती थीं।
इंदिरा जी का आदिवासी समाज से काफी गहरा रिश्ता था। वह कहती थीं कि आपकी संस्कृति, दुनिया की सबसे अच्छी और मजबूत संस्कृति है।
इंदिरा जी ने आपको जल-जंगल-जमीन पर अधिकार दिया। संविधान को मजबूत रखा और हमेशा आपके अधिकारों के लिए लड़ीं।
खालिस्तानी समर्थक और वारिस पंजाब दे संगठन का प्रमुख अमृतपाल सिंह पंजाब के खडूर साहिब लोकसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ रहा है। गुरुवार को उसकी ओर से नामांकन भरवाया गया। इसमें उसकी संपत्ति सिर्फ 1 हजार रुपए बताई गई है।
अमृतपाल फिलहाल असम के डिब्रूगढ़ की जेल में बंद है। उसके वकील ने पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में नामांकन भरने के लिए 7 दिन की जमानत की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने शुक्रवार को ही अमृतपाल का नामांकन भरवा दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार (11 मई) को ओडिशा में तीन चुनावी रैलियों में शामिल होंगे। वे सुबह कंधमाल, बोलांगीर और बरगढ़ में चुनावी सभा करेंगे।
इससे पहले 6 मई को भी पीएम ने ओडिशा के बहरामपुर और नवरंगपुर में रैली की थी। यहां उन्होंने कहा था कि आप जानते हैं कि भाजपा जो कहती है, वो करके दिखाती है। इसलिए, यहां सरकार बनने के बाद हम पूरी शक्ति से संकल्प पत्र में की गई घोषणाओं पर अमल करेंगे। ये मोदी की गारंटी है।
शिवसेना (UBT) के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने छत्रपति संभाजीनगर में शुक्रवार रात को चुनावी सभा के दौरान कहा- भाजपा के हिंदुत्व और हमारे हिंदुत्व में फर्क है। हमारा हिंदुत्व घरों में चूल्हा जलाता है। उनका हिंदुत्व घरों में आग लगाता है।
पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर से भाजपा कैंडिडेट अग्निमित्रा पॉल ने अरविंद केजरीवाल को जमानत मिलने पर कहा- अगर किसी डकैत को जमानत मिल गई है तो इसके लिए जश्न मनाने का कोई मतलब नहीं है।
उन्हें जमानत नहीं मिलनी चाहिए थी। जो भी जनता का पैसा चोरी करेगा उसे जेल जाना ही पड़ेगा।
चुनाव आयोग ने 16 मार्च को लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान किया। इसी के साथ आचार संहिता भी लागू हो गई। 543 सीटों के लिए चुनाव सात फेज में होगा। पहले फेज की वोटिंग 19 अप्रैल को हो चुकी है। आखिरी फेज की वोटिंग 1 जून को होगी। 4 जून को नतीजे आएंगे। आचार संहिता से लेकर नतीजे तक इसमें 80 दिन लगेंगे।
लोकसभा के साथ 4 राज्यों- आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के विधानसभा चुनाव की तारीखें भी जारी कर दी गई हैं। ओडिशा में 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून को वोटिंग होगी। बाकी तीन राज्यों में एक फेज में चुनाव होंगे। अरुणाचल और सिक्किम में 19 अप्रैल, आंध्र प्रदेश में 13 मई को वोट डाले जाएंगे।
इलेक्शन शेड्यूल में सीटों की संख्या 543 से बढ़कर 544 हो गई है। इसकी वजह मणिपुर की आउटर मणिपुर लोकसभा सीट है। इस लोकसभा सीट में 28 विधानसभा सीटें है। 15 विधानसभा सीटों में 19 अप्रैल को और 13 विधानसभा सीटों में 26 अप्रैल को मतदान होगा। पूरी खबर पढ़ें …
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
