भास्कर अपडेट्स: तमिलनाडु में शिवकाशी के पास पटाखा फैक्ट्री में धमाका, सात लोगों की मौत – Dainik Bhaskar

Spread the love

तमिलनाडु में शिवकाशी के पास पटाखा फैक्ट्री में गुरुवार को धमाका हो गया, इसके बाद वहां आग लग गई। हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। इनमें पांच महिलाएं हैं। पुलिस ने बताया कि हादसे में 12 अन्य लोग झुलस गए। फैक्ट्री के पास पटाखा बनाने का लाइसेंस था। धमाका किस वजह से हुआ इसकी जांच की जा रही है। शिवकाशी भारत में पटाखा बनाने की फैक्टरियों के लिए जाना जाता है।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
पटना BSNL एक्सचेंज ऑफिस में लगी आग:अंदर मौजूद थे कर्मचारी; मौके पर फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीम
पटना में मेन BSNL टेलीफोन एक्सचेंज ऑफिस में गुरुवार को अचानक आग लग गई। जिस वक्त आग लगी कर्मचारी ऑफिस के अंदर ही मौजूद थे। आग की सूचना मिलते ही सभी आनन-फानन में बिल्डिंग से बाहर निकले।
जानकारी के मुताबिक शॉर्ट सर्किट से ग्राउंड फ्लोर पर भीषण आग लगी है। मौके पर फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीम मौजूद है। आग बुझाने की कोशिश जारी है। आग लगने से कैंपस में अफरातफरी का माहौल बन गया है। मौके पर जिला अग्निशमन पदाधिकारी मनोज कुमार नट और दमकल कर्मी मौजूद हैं। लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर…
UP के चंदौली में जहरीली गैस से 4 की मौत, सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान हादसा
UP के चंदौली में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन मजदूरों समेत चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि घटना बुधवार देर रात 1:30 की है। न्यू महल इलाके के रहने वाले भारत जायसवाल के मकान में सेप्टिक टैंक की सफाई का काम चल रहा था।
तीन मजदूर सेप्टिक टैंक में उतरे थे। इस दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से एक-एक कर बेहोश हो गए। तीनों मजदूरों को बचाने के लिए मकान मालिक का बेटा टैंक में घुसा था। वह भी बेहोश हो गया। सभी को अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पूरी खबर पढ़ें…
दाहोद के परथमपुर गांव में फिर से होगा मतदान, बीजेपी नेता के बेटे ने कर लिया था बूथ कैप्चर, LIVE स्ट्रीमिंग भी की थी
गुजरात में गुजरात में दाहोद लोकसभा क्षेत्र के परथमपुर गांव में फिर से मतदान होगा। बता दें, परथमपुर गांव में बीते बुधवार को बूथ कैप्चरिंग का एक वीडियो वायरल हुआ था। यहां स्थानीय बीजेपी नेता के बेटे ने बूथ पर कब्जा कर लिया था। इतना ही नहीं, आरोपी ने बूथ कैप्चरिंग की पूरी घटना को सोशल मीडिया पर लाइव स्ट्रीम भी किया था। इसके चलते चुनाव आयोग ने दाहोद के परथमपुर में दोबारा वोटिंग के आदेश दिए हैं। वोटिंग को लेकर आगे की जानकारी जल्द ही कलेक्टर द्वारा दी जाएगी।
आंध्र प्रदेश के एनटीआर जिले में एक ट्रक से 8 करोड़ रुपए जब्त, दो गिरफ्तार
आंध्र प्रदेश के एनटीआर जिला में पुलिस ने पाइप लदे एक ट्रक से 8 करोड़ रुपए कैश जब्त किए हैं। कैश के साथ दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि यह पैसा हैदराबाद से गुंटूर ले जाया जा रहा था। पुलिस ये पैसे जांच टीमों को सौंपेंगी। चुनाव आयोग के अधिकारी और फ्लाइंग स्क्वॉड टीम आगे की कार्रवाई करेगी।
आंध्र प्रदेश की 25 लोकसभा सीटों और 175 विधानसभा सीटों पर चौथे फेज में 13 मई को चुनाव हैं। चुनाव को लेकर राज्य में तलाशी अभियान तेज कर दी गई है।
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में झेलम नदी में नाव पलटी, 2 लापता; 7 लोगों का रेस्क्यू हुआ
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में बुधवार की रात 9 लोगों को लेकर जा रही एक नाव झेलम नदी में पलट गई। घटना के बाद 7 लोगों का बचा लिया गया। हालांकि, 2 लोग लापता हैं। पम्पोर के तहसीलदार आसिफ अली ने बताया कि 9 लोग नदी के दूसरी ओर कुछ काम कर रहे थे। काम खत्म कर वापस लौटने के दौरान हादसा हुआ। 2 लोग लापता हैं। दोनों UP के निवासी हैं। SDRF, पुलिस प्रशासन और पैरामिलिट्री फोर्सेज रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे हुए हैं।
मेघालय में दो बसों से 3.6 करोड़ रुपए की ड्रग्स जब्त, तीन गिरफ्तार
मेघालय के पूर्वी जैंतिया हिल्स जिले में बुधवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 3.6 करोड़ रुपए की हेरोइन जब्त की गई। पुलिस ने बताया कि सिलचर से गुवाहाटी जाने वाली दो बसों की तलाशी के दौरान ये जब्ती और गिरफ्तारियां की गईं। आरोपियों के पास से 40 साबुन के बक्सों में छिपाई गई हेरोइन और 9 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source

Previous post 'अगर BJP को वोट दिया तो मोदी नहीं, शाह को जाएगा', अरविंद केजरीवाल के इस सियासी तीर के मायने – NBT नवभारत टाइम्स (Navbharat Times)
Next post क्या लोकसभा चुनाव बाद NCP का कांग्रेस में होगा विलय? शरद पवार ने दिया बड़ा बयान – Jansatta

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *