नमस्कार, आइए जानते हैं आज शाम 5 बजे तक की देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें…
1. मुंबई में तूफान के बाद बारिश, एयरपोर्ट पर ऑपरेशन बंद, कुछ फ्लाइट डायवर्ट की गईं
मुंबई में सोमवार शाम अचानक मौसम बदल गया। धूल भरी आंधी के बाद बारिश भी शुरू हो गई। तेज हवा और आंधी से दिन में ही रात सा नजारा दिखने लगा। अंधेरा छा गया। इससे मुंबई एयरपोर्ट पर ऑपरेशन अगले आदेश तक बंद कर दिया गया। कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों को डायवर्ट किया गया जबकि कुछ के समय में बदलाव किया गया। उधर मौसम विभाग ने MP-छत्तीसगढ़ में 5 दिन तक बारिश का अलर्ट जारी किया है।
पढ़ें पूरी खबर…
2. दिल्ली CM हाउस में स्वाति मालीवाल से मारपीट का आरोप: केजरीवाल के पीए ने पीटा
AAP की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से सोमवार को दिल्ली CM हाउस में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पीए विभव कुमार ने मारपीट की। यह दावा भाजपा के आईटी सेल के चीफ अमित मालवीय ने किया। पुलिस ने बताया, सीएम हाउस से पीसीआर कॉल आई थी। कॉल के बाद दिल्ली पुलिस सिविल लाइंस स्थित CM हाउस पर पहुंची। हालांकि मालीवाल ने अभी तक शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
पढ़ें पूरी खबर…
3. माधवी लता ने मुस्लिम वोटर का बुर्का हटवाया: वोटर ID लेकर चेहरा मिलाया, FIR दर्ज
हैदराबाद से भाजपा कैंडिडेट माधवी लता ने एक बूथ पर कुछ मुस्लिम महिला वोटर्स के ID मांगे। उनके चेहरे से बुर्का हटवाया और ID से मिलान की। लता के खिलाफ हैदराबाद के मलकपेट पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर लिया गया है। माधवी AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी के खिलाफ चुनाव लड़ रहीं हैं।
पढ़ें पूरी खबर…
4. मोदी समेत 28 के खिलाफ याचिका दाखिल, कोरोना वैक्सीन के साइड इफेक्ट का मामला
मोदी समेत 28 के खिलाफ वाराणसी कोर्ट में याचिका लगाई गई है। मामला कोरोना के दौरान लगाई गई वैक्सीन से हो रहे साइड इफेक्ट से जुड़ा है। 23 मई को सुनवाई होगी। हाल में ब्रिटेन की फार्मा कंपनी एस्ट्राजेनेका ने माना है कि उनकी कोविड-19 वैक्सीन से खतरनाक साइड इफेक्ट्स हो सकते हैं। भारत में सीरम इंस्टीट्यूट ने इसी फॉर्मूले से कोवीशील्ड बनाई है। भारत में 175 करोड़ कोवीशील्ड की डोज लोगों को दी गईं।
पढ़ें पूरी खबर…
5. मोदी का वाराणसी में 6 KM लंबा रोड शो, CM योगी रहेंगे रथ पर; 10 लाख की भीड़ जुटेगी
PM मोदी वाराणसी में 6 किलोमीटर रोड शो करेंगे। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से शाम 5 बजे रोड शो शुरू होगा, जो काशी विश्वनाथ मंदिर पर खत्म होगा। करीब 5 घंटे से ज्यादा समय मोदी जनता के बीच रहेंगे। 10 लाख लोगों को रोड शो में जुटाने की तैयारी है। मोदी तीसरी बार वाराणसी से लोकसभा प्रत्याशी के तौर पर मंगलवार को नामांकन करेंगे।
पढ़ें पूरी खबर…
6. 10 राज्यों की 96 सीटों पर वोटिंग: आंध्र में विधायक-वोटर ने एक-दूसरे को थप्पड़ जड़े
लोकसभा चुनाव के चौथे फेज में आज 9 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर की 96 सीटों पर वोटिंग हो रही है। आंध्र प्रदेश के गुंटूर में YSR कांग्रेस MLA अन्नाबाथुनी शिवकुमार ने एक वोटर को थप्पड़ जड़ दिया। चौथे फेज की वोटिंग खत्म होने के बाद लोकसभा की 543 सीटों में से 380 सीटों पर वोटिंग पूरी हो जाएगी। इसके बाद 20 मई, 25 मई और 1 जून को 163 सीटों पर वोटिंग होगी।
पढ़ें पूरी खबर…
7. UP के लखीमपुर में 2 वोटर्स पर तेंदुए ने किया अटैक, 13 सीटों पर 6 घंटे में 39% वोटिंग
यूपी में चौथे चरण में 13 सीटों पर वोटिंग हो रही है। लखीमपुर खीरी में वोट डालने जा रहे 2 वोटर्स पर तेंदुए ने अटैक कर दिया। इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। चौथे फेज में 1 केंद्रीय मंत्री, 1 पूर्व मुख्यमंत्री, 10 सांसदों की साख दांव पर है। 4 हाई-प्रोफाइल सीटों में लखीमपुर खीरी, कन्नौज, इटावा और उन्नाव शामिल हैं।
पढ़ें पूरी खबर…
8. PoK में मंहगाई को लेकर हिंसा के बाद लॉन्ग मार्च, पाकिस्तान ने मिलिट्री रेंजर्स तैनात किए
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में बढ़ती मंहगाई और बिजली की कीमतों को लेकर लगातार चौथे दिन प्रदर्शन जारी है। रविवार को जम्मू कश्मीर अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) की POK सरकार के साथ बातचीत विफल रही थी। प्रदर्शनकारी मुजफ्फराबाद तक लॉन्ग मार्च कर रहे हैं। हालात कंट्रोल करने के लिए पाकिस्तान की पैरामिलिट्री के रेंजर्स को तैनात किया गया है।
पढ़ें पूरी खबर…
9. इंडोनेशिया में ज्वालामुखी से निकले ठंडे लावा से 41 मौतें, इनमें 2 बच्चे शामिल
इंडोनेशिया के सुमात्रा आईलैंड में भारी बारिश से बाढ़ आ गई है। कई इलाकों में लैंडस्लाइड हुई। चट्टानों और पहाड़ों के पत्थर-मलबे के साथ ही ज्वालामुखी का ठंडा लावा भी रिहायशी इलाकों तक पहुंचकर तबाही मचा रहा है। अब तक 41 लोगों की मौत हो चुकी है। कई शहरों में सड़कें टूट गईं, 100 से ज्यादा घर, मस्जिदें तबाह हो गई हैं।
पढ़ें पूरी खबर…
10. सोने-चांदी की कीमत में गिरावट, सोना 518 रुपए सस्ता होकर 72,490 रुपए पर आया
सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 518 रुपए सस्ता होकर 72,490 रुपए पर आ गया है। चांदी की कीमत भी कम हुई है। एक किलो चांदी 950 रुपए सस्ती होकर 83,265 रुपए प्रति किलोग्राम में बिक रही है। इससे पहले चांदी 84,215 रुपए प्रति किलोग्राम पर थी।
पढ़ें पूरी खबर…
लोकसभा चुनाव 2024 की ताजा खबरें, रैली, बयान, मुद्दे, इंटरव्यू और डीटेल एनालिसिस के लिए दैनिक भास्कर ऐप डाउनलोड करें। 543 सीटों की डीटेल, प्रत्याशी, वोटिंग और ताजा जानकारी एक क्लिक पर।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
