PM Modi Roadshow Live: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए वाराणसी पूरी तरह तैयार है. वो यहां सोमवार (13 मई) को एक रोड शो करेंगे. लोकसभा चुनाव प्रचार के बीच पीएम मोदी यहां शहनाई की धुन, शंखनाद, ढोल की थाप और मंत्रोच्चार के बीच रोड शो करेंगे.
पांच किलोमीटर लंबा रोड शो बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के गेट चौराहे से शुरू होगा, जहां प्रधानमंत्री बीएचयू के संस्थापक ‘महामना’ पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे. रोड शो काशी विश्वनाथ धाम के गेट नंबर 4 पर समाप्त होगा. जिला प्रशासन ने इसके लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है.
इस अवसर का जश्न मनाने के लिए उत्तर प्रदेश के पड़ोसी जिलों से बीजेपी कार्यकर्ताओं का आना शुरू हो चुका है. रोड शो के बाद प्रधानमंत्री काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे. इसके बाद मंगलवार सुबह 11:40 बजे प्रधानमंत्री मोदी अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे. नामांकन से पहले वह काल भैरव मंदिर में दर्शन करेंगे.
लोकसभा चुनाव की तारीख की घोषणा होने के बाद से ही हर किसी की निगाहें देश की सबसे हॉट सीट वाराणसी पर टिकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस सीट से लगातार 10 साल से सांसद हैं. इसी बीच पीएम मोदी के समर्थन में यहां मतदाताओं को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया गया, जिसमें लोगों ने ‘हर दिल में मोदी’ मैसेज लिखा टीशर्ट पहनकर सबको मतदान के लिए प्रोत्साहित किया. इसके साथ ही लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी को वोट देने की भी अपील की.
वाराणसी सीट पर सातवें और आखिरी चरण में एक जून को वोट डाले जाएंगे. वाराणसी के लोगों ने बताया कि पीएम मोदी ने चारों ओर विकास कार्य किए हैं. सड़क, बिजली, पानी समेत कई व्यवस्था की वह खुद निगरानी कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि देश के विकास के लिए टैक्स देना भी जरूरी है. पीएम मोदी ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के साथ काम कर रहे हैं.
पीएम मोदी आज अस्सी घाट पर पूजा करेंगे. इसके बाद वे काशी के कोतवाल कालभैरव का आशीर्वाद लेकर नामांकन दाखिल करने जाएंगे. पीएम के नामांकन में 12 राज्यों के सीएम शामिल होंगे. ऐसा होगा पीएम मोदी का पूरा कार्यक्रम…
– सुबह 7.55 बजे प्रधानमंत्री बरेका से अस्सी या दशाश्वमेध घाट जाएंगे.
– पूजा अर्चना के बाद क्रूज से नमो घाट जाएंगे.
– सुबह 9.55 बजे नमो घाट से छोटा सा मिनी रोड शो करते हए काशी कोतवाल जाएंगे.
– सुबह 10.15 बजे काल भैरव मंदिर में दर्शन करेंगे.
– कालभैरव में दर्शन के बाद मिनी रोड शो करते हुए मंदाकिनी चौराहा, लहुराबीर चौक ,नदेसर चौक होते हुए कलेक्ट्रेट जाएंगे.
– सुबह 11.40 बजे कलेक्ट्रेट में नामांकन.
– दोपहर 12.25 बजे रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में पार्टी कार्यकर्ताओ से करेंगे मुलाकात.
वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोड शो खत्म हो चुका है. वो काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंच चुके हैं और अब यहां पर पूजा अर्चना करेंगे.
पीएम मोदी का रोड शो आधे से ज्यादा दूरी तय कर चुका है और वो जंगमबाड़ी मठ के पास पहुंच गया है. यहां से काशी विश्वनाथ गेट की दूरी अब दो किलोमीटर की है. इस जगह से पीएम मोदी गोदौलिया चौराहा बांसफाटक होते हुए काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचेंगे.
वाराणसी में मुस्लिम नेता इम्तियाज जमाखा ने कहा, ”मुसलमानों के लिए पीएम मोदी का स्वभाव शुरू से ही सराहनीय रहा है.” वहीं एक मुस्लिम महिला ने कहा, “इतना उत्साह है कि रात भर हम पीएम मोदी के स्वागत की योजना बनाते रहे.”
वाराणसी के अस्सी चौराहे पर लोकप्रिय चाय वाले ‘पप्पू चायवाला’ ने सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा की. वह काशी में उनके रोड शो का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे. उन्होंने कहा कि देश ने कभी भी उनके जैसे नेता नहीं देखा.
