कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने गुरुवार (16 मई) को कहा कि मुझे पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी पर भरोसा नहीं है। वह I.N.D.I.A ब्लॉक छोड़कर भाग गईं। वह आगे भी गठबंधन छोड़कर जा सकती हैं।
दरअसल, ममता ने बुधवार (15 मई) को कहा था कि लोकसभा चुनाव के बाद अगर I.N.D.I.A सत्ता में आता है तो वह उसे बाहर से हर तरह का समर्थन देंगी। ममता ने यह भी साफ किया कि उनका ये समर्थन बंगाल कांग्रेस के लिए नहीं, बल्कि दिल्ली में बनने वाली गठबंधन की सरकार को रहेगा।
ममता के बयान पर अधीर रंजन ने कहा- ममता का कोई भरोसा नहीं है। अगर भाजपा मजबूत रही तो ममता उनकी तरफ भी जा सकती हैं। ममता पहले कांग्रेस को खत्म करने की बात करती थीं। वह कहती थीं कि कांग्रेस को 40 से ज्यादा सीटें नहीं मिलेंगी। अब वह कह रही हैं कि I.N.D.I.A को समर्थन देंगी। इसका मतलब है कि कांग्रेस और I.N.D.I.A ब्लॉक सत्ता में आ रही है।
लोकसभा चुनाव से जुड़े अपडेट्स पढ़ें…
दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल और पंजाब के CM भगवंत मान ने गुरुवार को अमृतसर में रोड शो किया। केजरीवाल ने कहा कि जेल में 15 दिन मुझे इंसुलिन नहीं दी, झाड़ू का बटन दबाओगे तो मुझे जेल नहीं जाना पड़ेगा।पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर 1 जून को मतदान होना है। पढ़ें पूरी खबर…
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कांथी लोकसभा सीट से TMC उम्मीदवार उत्तम बारिक के समर्थन में पूर्ब मेदिनीपुर में गुरुवार को रोड शो किया।
उत्तर प्रदेश के रायबरेली में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा-हमने पिछले 10 सालों में पीएम को जनता के बीच नहीं देखा है। इंदिरा जी यहां पैदल आती थीं। वह बस अपने वाहन से जनता की ओर हाथ हिलाते हैं, और कभी मंच से नीचे नहीं उतरते हैं। वह जनता की मन की बात नहीं सुनते हैं, केवल अपनी ‘मन की बात’ कहते हैं, तो उन्हें जनता की समस्याओं के बारे में कैसे पता चलेगा पीएम कहते हैं कि उन्होंने कभी हिंदू-मुस्लिम के बारे में कुछ नहीं कहा, लेकिन बीजेपी पूरी राजनीति इसी पर आधारित है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सीतामढ़ी के गोयनका कॉलेज ग्राउंड में जेडीयू प्रत्याशी देवेश चंद्र ठाकुर के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। शाह ने कहा कि सीतामढ़ी में माता सीता का भव्य राम मंदिर बनेगा। ये मंदिर ऐसा होगा कि दुनिया देखेगी।
शाह ने फारुख अब्दुल्ला के बयान को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मैं किसी से नहीं डरता PoK भारत का है, रहेगा और हम वो लेकर रहेंगे। पढ़ें पूरी खबर…
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा- चार चरण के चुनाव खत्म हो गए हैं लेकिन गरीबी, बेरोजगारी, महंगाई के बारे में प्रधानमंत्री ने अब तक एक शब्द नहीं कहा है। न बिहार के लिए कुछ कहा, न बिहार को विशेष राज्य बनाने के लिए कुछ कहा।
भाजपा के लोगों को काम से मतलब नहीं है। झूठ बोलना, नफरत फैलाना और आपस में लड़वाना, इनका(भाजपा) केवल ये ही काम है। झारखंड और बिहार से अगर वे साफ है तो समझ जाइए कि केंद्र में उनकी सरकार बनने नहीं जा रही है।
ओडिशा के भुवनेश्वर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा- कांग्रेस धीरे-धीरे अपने पथ से हटते हुए नीचे की ओर जा रही है। धरातल की ओर जा रही है। इसका कारण कोई और नहीं उनके खुद के काम, खुद के विचार, अपनी खुद की कार्यशैली है।
शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने गुरुवार को कहा हमने शिवसेना अच्छे से संभाल ली है। 4 जून को पता चलेगा कि शिवसेना (उद्धव गुट), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद गुट) कौन है और भाजपा कहां है।
दरअसल, PM मोदी ने बुधवार को महाराष्ट्र के डिंडोरी में कहा था कि नकली शिवसेना (उद्धव ठाकरे), नकली राष्ट्रवादी पार्टी (शरद पवार) का कांग्रेस में विलय होना पक्का है। जब ऐसा होगा तो मुझे बाला साहेब ठाकरे की सबसे ज्यादा याद आएगी। बालासाहेब का मानना था कि जिस दिन शिवसेना कांग्रेस की राह पर चलने लगेगी, उस दिन उनकी शिवसेना का अंत हो जाएगा।
ओडिशा के गंजम शहर में भाजपा और बीजू जनता दल (BJD) कार्यकर्ताओं के बीच बुधवार देर रात पोस्टर लगाने को लेकर झड़प हो गई। इस घटना में एक भाजपा कार्यकर्ता की मौत हो गई, वहीं 7 लोग घायल हो गए। मारे गए शख्स की पहचान दिलीप कुमार पहाना (28) के रूप में हुई है।
पुलिस ने गुरुवार (16 मई) को बताया कि खालीकोटे के सारनपुर गांव में ये घटना हुई। भाजपा और BJD दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के हाथ में नुकीले हथियार थे। गुस्साए भाजपा कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर खलीकोट विधानसभा सीट के BJD उम्मीदवार और मौजूदा विधायक सूर्यमणि बैद्य के घर के पास खड़े कई वाहनों में तोड़फोड़ की।
घटना को लेकर स्टेट चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर ने डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर और पुलिस अधिकारियों को इलाके में शांति स्थापित कराने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि चुनावी हिंसा रोकने के लिए तुरंत अहम फैसले लें। सारनपुर गांव में फिलहाल भारी संख्या में पुलिस अधिकारी मौजूद है।
ओडिशा के गंजम जिले की खलीकोट विधानसभा सीट SC श्रेणी के अंतर्गत आती है। ये इलाका अस्का लोकसभा सीट के अंतर्गत आता है। यहां 20 मई को वोटिंग होगी।
उत्तर प्रदेश की वाराणसी लोकसभा सीट से प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ नामांकन फाइल करने वाले कॉमिडियन श्याम रंगीला पर्चा खारिज कर दिया गया। इसके बाद एक वीडियो मैसेज में उन्होंने कहा- 55 कैंडिडेट यहां से लड़ना चाह रहे थे। उनमें से 36 का पर्चा खारिज कर दिया गया है। मुझे इलेक्शन कमीशन पर हंसी आ रही है, लेकिन मैं हंसू या रोऊं। मैं क्या करूं?
रंगीला ने बुधवार को नामांकन खारिज होने की सूचना मिलने पर कहा- डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट ने मुझे बताया कि मेरे पेपर्स में कुछ कमी है। मैंने शपथ नहीं ली है। नामांकन करते वक्त उन्होंने मेरे वकील को भी अंदर नहीं जाने दिया था। मुझे अकेले ही नामांकन भरने अंदर जाना पड़ा। मुझे नामांकन की जटिल प्रक्रिया के बारे में जानकारी नहीं थी। DM ने भी मुझे नहीं बताया।
रंगीला ने बुधवार को कहा था कि मैं हंसाने वाला कलाकार हूं, लेकिन आज कुछ भी कह पाने की स्थिति में नहीं हूं। अब सोचता हूं कि कॉमेडी ही बेहतर फील्ड है, राजनीति मेरे बस की बात नहीं। शायद गंगा मां का मुझे आशीर्वाद नहीं मिला। वाराणसी जिला प्रशासन ने नामांकन प्रक्रिया से भ्रमित किया है।
उधर, वाराणसी के डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट एस राजालिंगम ने कहा- रंगीला के नॉमिनेशन पेपर्स की स्क्रूटनी उनकी मौजूदगी में ही की गई थी। दस्तावेज में कमियां थीं, जिसके बारे में उन्हें बताया भी गया था। रंगीला का नामांकन इसलिए खारिज किया गया, क्योंकि उन्होंने शपथ नहीं ली थी और उनके द्वारा दायर किया गया एफिडएविड भी अधूरा था। पूरी खबर पढ़ें…
झारखंड के रांची में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा- भारत के संविधान के अनुसार, पूरा जम्मू-कश्मीर हमारा है। पूरे जम्मू-कश्मीर को भारत में लाना हमारी संवैधानिक जिम्मेदारी है और इस जिम्मेदारी को पूरा करने के लिए हमें 400 सीटें चाहिए।
देश में समान नागरिक संहिता लाना हमारी संवैधानिक जिम्मेदारी है और इसके लिए हमें 400 से अधिक सीटों की जरूरत है। 2047 तक अपनी अर्थव्यवस्था को अमेरिका और चीन की अर्थव्यवस्था से ऊपर ले जाने के लिए हमें 400 से ज्यादा सीटों की जरूरत है।
ED और CBI को मजबूत करने के लिए, हमें 400 से ज्यादा सीटें चाहिए…हमें झारखंड में कुल 16 सीटें मिलने जा रही हैं और आगे चलकर नवंबर में झारखंड में डबल इंजन सरकार बनेगी।
लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए प्रधानमंत्री मोदी की आज उत्तर प्रदेश में 4 रैलियां हैं। मोदी सुबह 11 बजे लालगंज में रैली करेंगे। दोपहर 12:30 बजे वे जौनपुर जाएंगे।
इसके दोपहर 2 बजे भदोही और 3:45 बजे प्रतापगढ़ में जनसभा को संबोधित करेंगे।
जम्मू-कश्मीर में मतदान प्रतिशत पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा, “जब से धारा 370 की बेड़ियां टूटी हैं, कश्मीर सेंट्रल के लोगों ने पीएम नरेंद्र मोदी के ‘विश्वास’ और ‘विकास’ के एजेंडे पर मोहर लगाई है। यह वह क्षेत्र है जहां पहले 3-4% मतदान हुआ करते थे। लोकतंत्र, भारतीय संविधान और पीएम नरेंद्र मोदी के एजेंडे पर जनता ने विश्वास की मोहर लगाई है।
मुझे विश्वास है कि कश्मीर की अन्य दो सीटों, कश्मीर उत्तर और कश्मीर दक्षिण, पर लोग बड़ी संख्या में बाहर आएंगे और मतदान करेंगे। कश्मीर के लोगों ने सभी को बता दिया है कि वे बुलेट से नहीं, बल्कि बैलेट से आगे बढ़ना चाहते हैं।
ओडिशा के संबलपुर में केंद्रीय मंत्री और संबलपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार धर्मेंद्र प्रधान ने पदयात्रा की। चुनाव के प्रचार के लिए उन्होंने ढोल भी बजाया।
चुनाव आयोग ने 16 मार्च को लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान किया। इसी के साथ आचार संहिता भी लागू हो गई। 543 सीटों के लिए चुनाव सात फेज में होगा। पहले फेज की वोटिंग 19 अप्रैल को हो चुकी है। आखिरी फेज की वोटिंग 1 जून को होगी। 4 जून को नतीजे आएंगे। आचार संहिता से लेकर नतीजे तक इसमें 80 दिन लगेंगे।
लोकसभा के साथ 4 राज्यों- आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के विधानसभा चुनाव की तारीखें भी जारी कर दी गई हैं। ओडिशा में 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून को वोटिंग होगी। बाकी तीन राज्यों में एक फेज में चुनाव होंगे। अरुणाचल और सिक्किम में 19 अप्रैल, आंध्र प्रदेश में 13 मई को वोट डाले जाएंगे।
इलेक्शन शेड्यूल में सीटों की संख्या 543 से बढ़कर 544 हो गई है। इसकी वजह मणिपुर की आउटर मणिपुर लोकसभा सीट है। इस लोकसभा सीट में 28 विधानसभा सीटें है। 15 विधानसभा सीटों में 19 अप्रैल को और 13 विधानसभा सीटों में 26 अप्रैल को मतदान होगा। पूरी खबर पढ़ें …
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
