पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. ब्लॉक को बाहर से समर्थन देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद अगर I.N.D.I.A. सत्ता में आता है तो वह उसे बाहर से हर तरह का समर्थन देंगी।
ममता ने कहा कि हम ऐसी सरकार बनाएंगे ताकि बंगाल में हमारी मां-बहनों को कभी परेशानी न हो और जो लोग 100 दिन-रोजगार योजना में काम करते हैं, उन्हें दिक्कत न हो। उनको समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ेगा।
ममता ने यह भी साफ किया कि उनका ये समर्थन बंगाल कांग्रेस के लिए नहीं, बल्कि दिल्ली में बनने वाली गठबंधन की सरकार को रहेगा।
लोकसभा चुनाव से जुडें अपडेट्स पढ़ें…
पश्चिम बंगाल के हुगली में गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को रैली की। इस दौरान उन्होंने कहा कि उन्होंने कहा- ममता बनर्जी, कांग्रेस-सिंडिकेट कहती है कि धारा 370 को मत हटाओ। मैंने संसद में पूछा कि क्यों न हटाएं तो उन्होंने कहा कि खून की नदियां बह जाएंगी।
5 साल हो गए खून कि नदियां छोड़ो किसी की कंकड़ चलाने की हिम्मत नहीं है। जब INDI गठबंधन का शासन था तो हमारे कश्मीर में हड़तालें होती थीं। आज POK में हड़ताल होती है। पहले कश्मीर में आजादी के नारे लगते थे, अब POK में नारेबाजी होती है। राहुल गांधी, आपको डरना है तो डरते रहिए, ममता बनर्जी आपको डरना है तो डरते रहिए लेकिन मैं आज श्रीरामपुर की धरती से कहता हूं कि ये POK भारत का है और हम उसे लेकर रहेंगे।
एजेंसी को दिए इंटरव्यू में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि फारूक अब्दुल्ला, कांग्रेस नेता कहते हैं कि पाकिस्तान के पास परमाणु बम हैं, उन्हें सम्मान दो, PoK मत मांगो, क्या 130 करोड़ आबादी की परमाणु शक्ति वाला भारत किसी से डरकर अपना अधिकार छोड़ देगा?
उन्होंने आगे कहा कि राहुल बाबा को देश को समझाना चाहिए कि उनके गठबंधन के नेता क्या कह रहे हैं, पाकिस्तान का सम्मान करें? PoK छोड़ें?.. कभी नहीं।
असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने दिल्ली में चुनाव प्रचार के दौरान कहा कि अगर BJP को 400 सीटें मिलती हैं तो ज्ञानवापी और कृष्ण जन्मभूमि मंदिर बनाए जाएंगे। हिमंता ने कहा कि अबकी बार 400 पार का मतलब है ज्ञानवापी में शिवालय, मथुरा में श्रीकृष्ण मंदिर और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर वापस भारत में।
हिमंता दिल्ली में मनोज तिवारी के लिए प्रचार करने पहुंचे थे। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार आरक्षण को और अधिक मजबूती देने के लिए काम कर रही है।
उन्होंने कहा- जब कांग्रेस हमसे पूछती है कि आपको 400 सीटें क्यों चाहिए? जब हमें 300 सीटें मिलीं तो हमने राम मंदिर बनाया और अब जब हमें 400 सीटें मिलेंगी तो कृष्ण जन्मभूमि बनाई जाएगी और ज्ञानवापी मस्जिद के स्थान पर बाबा विश्वनाथ मंदिर भी बनाया जाएगा। कांग्रेस के शासनकाल में पीओके को लेकर संसद में कोई चर्चा नहीं हुई। पीएम मोदी के नेतृत्व में जल्द ही पाक अधिकृत कश्मीर हमारे देश का हिस्सा बनेगा।
मुंबई के घाटकोपर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो को लेकर शिव सेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने आलोचना की है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता चुनाव माफिया हैं। पीएम मोदी को चुनाव हारने का डर है, इसलिए वह हर किसी का प्रचार कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा- भाजपा नेताओं को बस चुनाव लड़ना है और किसी भी कीमत पर चुनाव से आगे निकलना है। ये चुनावी माफिया हैं। आज पीएम मोदी नासिक, कल्याण में हैं। दिल्ली में कब बैठेंगे? वह अपने प्रधानमंत्री पद के कर्तव्यों का निर्वहन कब करेंगे? पीएम मोदी जहां भी जाएंगे, वहां शिवसेना महा विकास अघाड़ी की जीत होगी और यह जनता ने तय किया है। बीजेपी यहां लड़ाई हार रही है।
भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह की मां प्रतिमा देवी ने काराकाट लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल किया, जहां से उनका बेटा निर्दलीय चुनाव लड़ रहा है। इसी सीट पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा एनडीए के उम्मीदवार हैं।
हालांकि, पश्चिम बंगाल के आसनसोल से भाजपा का टिकट ठुकराने वाले पवन सिंह को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने राजग उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव नहीं लड़ने की सलाह दी है।
तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष अन्नामलाई ने दावा किया है कि उनकी पार्टी ने बहुमत बहुत पहले ही पार कर लिया है। चुनाव के बाकी तीन चरणों में 400 का आंकड़ा भी पार कर लेंगे।
अन्नामलाई ने मुंबई में कहा- 4 चरणों में, हमने 280 सीटों को कवर कर लिया है। 3 और चरण बाकी हैं और 163 सीटें और बाकी हैं। मेरा मानना है कि हम बहुत पहले ही साधारण बहुमत पार कर चुके हैं।
अब, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और दिल्ली जैसे रीजन में चुनाव होने हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि हमने जो आंकड़ा तय किया है, बीजेपी के लिए 370 और एनडीए के लिए 400 – वह न केवल वाकई संभव है। बल्कि हम इसे हासिल करने की राह पर लगभग हैं और 100% हम इसे हासिल करेंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा कि 4 जून को मोदी जी की विदाई तय है। पढ़ें पूरी खबर…
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में महजूर नगर मतदान केन्द्र पर शांतिपूर्ण मतदान में बाधा डालने के आरोप में दो लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। सेक्टर मजिस्ट्रेट की शिकायत पर निर्दलीय उम्मीदवार जिब्रान डार और उनकी महिला समर्थक सुजाता बशीर पर सदर पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है।
उत्तर प्रदेश के रायबरेली में कांग्रेस की रैली में एक बुजुर्ग घायल हो गया था। बुधवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा उस व्यक्ति से मिलने हॉस्पिटल पहुंचीं। हॉस्पिटल में भर्ती बाकी मरीजों से भी उनका हालचाल जाना। पढ़ें पूरी खबर…
AIMIM नेता असदुद्दीन ओवैसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया कि उन्हें अपने घुसपैठियों और ज्यादा बच्चों वाले बयान पर गलत स्पष्टीकरण जारी करने में इतना वक्त क्यों लगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि PM मोदी और बीजेपी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में मुसलमानों के खिलाफ अनगिनत झूठ और बेहद नफरत फैलाई है। कटघरे में सिर्फ मोदी नहीं हैं, बल्कि हर वह वोटर है जिसने इन भाषणों के बावजूद भाजपा को वोट दिया।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभी तक राहुल गांधी के साथ बहस का निमंत्रण स्वीकार करने का साहस नहीं जुटाया है। जयराम रमेश ने हैशटैग डरो मत के साथ X पर पोस्ट किया। जिसमें लिखा है- राहुल गांधी का प्रधानमंत्री से बहस का निमंत्रण स्वीकार करने के बाद आज चौथा दिन है। 56 इंच के सीने ने अभी तक निमंत्रण स्वीकार करने की हिम्मत नहीं जुटाई है।
दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कांग्रेस उम्मीदवार जेपी अग्रवाल के लिए रोड शो करेंगे। यह रोड शो शाम 4:30 बजे मॉडल टाउन से जहांगीरपुरी तक होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार 15 मई को महाराष्ट्र के दिंडोरी और कल्याण में जनसभाएं करेंगे। इसके बाद शाम को मुंबई नॉर्थ-ईस्ट सीट पर रोड शो करेंगे।
इससे पहले प्रधानमंत्री ने 14 मई को वाराणसी से तीसरी बार नामांकन दाखिल किया। 13 मई को मोदी ने काशी में 6 किमी लंबा रोड शो किया था। पढ़ें पूरी खबर…
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आज उत्तर प्रदेश के हरचंदपुर में दोपहर 1:30 बजे और अमेठी में दोपहर 3:15 बजे विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। अमेठी में कांग्रेस ने केएल शर्मा को कैंडिडेट बनाया है।
चुनाव आयोग ने 16 मार्च को लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान किया। इसी के साथ आचार संहिता भी लागू हो गई। 543 सीटों के लिए चुनाव सात फेज में होगा। पहले फेज की वोटिंग 19 अप्रैल को हो चुकी है। आखिरी फेज की वोटिंग 1 जून को होगी। 4 जून को नतीजे आएंगे। आचार संहिता से लेकर नतीजे तक इसमें 80 दिन लगेंगे। पूरी खबर पढ़ें …
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
