लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए प्रचार शनिवार 18 मई की शाम को खत्म हो गया। 20 मई को वोटिंग होगी। इस बीच, सारण (बिहार) से भाजपा उम्मीदवार राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि ये कहां कन्फ्यूजन है कि मोदी जी के नाम पर वोट मांग रहे हैं। सब मोदी जी के ही वोट हैं।
रूडी ने ये भी कहा कि देश में 80 करोड़ लोगों को राशन मिल रहा है, गांव-गांव में बिजली है। हम मोदी जी के कैंडिडेट हैं। हम जीतेंगे तो मोदी जी जीतेंगे। मोदी जीत रहे हैं तो राजीव प्रताप रूडी जीत रहे हैं। इसमें कहां कन्फ्यूजन है। सारण से RJD ने लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य को टिकट दिया है।
उधर, ममता बनर्जी ने X पर लिखा- गरीबों के विकास के लिए पैसा नहीं दिया जा रहा, ये पाप है, लेकिन प्रोपेगैंडा फैलाने के लिए खूब पैसा खर्च किया जा रहा है। बंगाल बीजेपी के अन्याय का बदला लेगा। झाड़ग्राम, घाटल और मेदिनीपुर के लोगों ने साफ संदेश दे दिया है, बांग्ला विरोधियों को विसर्जन तय है।
लोकसभा चुनाव से जुड़े अपडेट्स पढ़ें…
लोकसभा चुनाव के लिए दिल्ली में 25 मई को वोटिंग होनी है। 85 साल से ज्यादा उम्र के लोगों के लिए घर से वोट डालने की प्रोसेस शुरू हो गई है।
दिल्ली में चुनाव आयोग के अधिकारियों ने पूर्व PM मनमोहन सिंह, पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री मुरली मनोहर जोशी के घर जाकर शनिवार सुबह वोट डलवाए।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रायबरेली के कोतवाली क्षेत्र में मनसा देवी मंदिर में पूजा की और गुरुद्वारे में मत्था टेका।
लोकसभा चुनाव के लिए अहम मीटिंग के दौरान कांग्रेस नेता शुक्रवार देर रात मुंबई पहुंचे। यहां उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा- मोदी सबसे बड़े तानाशाह हैं, वे देश को लोगों को धर्म के आधार पर बांटना चाहते हैं।
रमेश ने कहा- मोदी की तानाशाही 4 जून को खत्म हो जाएगी। जनता इंडी अलायंस के लिए वोट करेगी। हम INDI गठबंधन वालों ने साथ बैठकर कॉमन मिनिमम प्रोग्राम तैयार किया है। इसी के हिसाब से हम देश चलाएंगे।
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा- ED, आयकर विभाग, CBI देश में राज कर रहे हैं। सरकारें गिरा रहे हैं। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक में हॉर्स ट्रेडिंग करके चुनी हुई सरकारें गिराई है। ये राजनीतिक गुंडागर्दी है।
कांग्रेस के अकाउंट बंद कर दिए। 2 मुख्यमंत्रियों को जेल में बंद कर दिया। लोगों के दिमाग में आ गया है कि अगर मोदी भारी बहुमत से जीत जाएंगे तो पता नहीं आगे चुनाव होंगे या नहीं होंगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अपने चुनावी भाषणों के जरिए लोगों को भड़काने और समाज को बांटने का आरोप लगाया। महाराष्ट्र की सरकार धोखे और विश्वासघात से बनाई गई है, जिसका समर्थन खुद PM मोदी कर रहे हैं। मोदी जहां भी जाते हैं, लोगों को भड़काने का काम करते हैं। मेरे आजतक के राजनीतिक जीवन में मैंने ऐसा नहीं देखा। BJP सरकार एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कर विपक्षी दलों को डरा रही है। उन्हें तोड़ रही है। असली दलों से उनका पार्टी चिन्ह छीनकर BJP को समर्थन करने वाली पार्टियों को सौंप दिया गया है। नरेंद्र मोदी सिर्फ लोकतंत्र की बातें करते हैं, लेकिन कभी लोकतंत्र के हिसाब से नहीं चलते।
खड़गे ने यह भी कहा कि नरेंद्र मोदी की ‘तोड़-फोड़’ नीति का महाराष्ट्र एक अकेला उदाहरण नहीं हैं। इसका वार इससे पहले कर्नाटक, मणिपुर, गोवा, मध्य प्रदेश में देखा जा चुका है। उनकी इस नीति के खिलाफ सभी साथ मिलकर लड़ रहे हैं।
देश और बिहार की जनता सवाल पूछ रही है कि 10 वर्षों में बिहार के लिए क्या किया गया है। प्रधानमंत्री ने कई वादें बिहार के लिए किए थे। कहा गया था कि बिहार को विशेष पैकेज देंगे।
प्रधानमंत्री का एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। प्रधानमंत्री बिहार भी आए। उन्होंने कई बार भाषण भी दिए लेकिन बिहार के लिए 10 सालों में क्या किया, इसका हिसाब भाषण में कहीं नहीं था।
स्वामी प्रसाद मौर्य के बेटे उत्कर्ष मौर्य ने कांग्रेस जॉइन कर ली है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्कर्ष का पार्टी में स्वागत किया है। स्वामी प्रसाद के साथ ही उत्कर्ष ने कुशीनगर सीट से लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन किया था। हालांकि, बाद में उन्होंने अपना नामांकन वापस ले लिया था।
उत्कर्ष मौर्य ऊंचाहार सीट दो बार विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। 2022 में विधानसभा चुनाव के वक्त स्वामी प्रसाद मौर्य सपा में थे, उन्होंने अखिलेश यादव से बेटे के लिए टिकट मांगा था। हालांकि, टिकट नहीं मिला था।
स्वामी प्रसाद मौर्य सपा छोड़ कर आरएसएसपी नाम से नई पार्टी बनाई है। ऊंचाहार विधानसभा रायबरेली लोकसभा में हैं। ऊंचाहार से सपा विधायक मनोज पांडेय ने शुक्रवार को भाजपा जॉइन की है।
पश्चिम बंगाल के तमलुक लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार और कलकत्ता हाई कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश अभिजीत गंगोपाध्याय को चुनाव आयोग ने नोटिस जारी कर दिया है।
गंगोपाध्याय पर एक चुनावी रैली में CM ममता बनर्जी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का आरोप है।
केंद्रीय मंत्री और मुंबई उत्तर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार पीयूष गोयल ने कहा- विपक्ष कुछ भी कह दे लेकिन ये जनता की आवाज है जो तय करती है कि परिणाम क्या होने वाला है और जनता ने मन बना लिया है कि वे पीएम मोदी के साथ है।
आज देश की जनता उत्साह में और पूरे जोश के साथ पीएम मोदी को समर्थन देने के लिए तत्पर है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज दिल्ली के चांदनी चौक में चुनावी रैली करेंगे। दिल्ली की 7 लोकसभा सीटों के लिए 25 मई को चुनाव होना है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दिल्ली में मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। चार सीटों पर AAP और तीन सीटों पर कांग्रेस ने उम्मीदवार उतारे हैं। चांदनी चौक सीट पर कांग्रेस ने पूर्व सांसद जेपी अग्रवाल को टिकट दिया है।
चुनाव आयोग ने 16 मार्च को लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान किया। इसी के साथ आचार संहिता भी लागू हो गई। 543 सीटों के लिए चुनाव सात फेज में होगा। पहले फेज की वोटिंग 19 अप्रैल को हो चुकी है। आखिरी फेज की वोटिंग 1 जून को होगी। 4 जून को नतीजे आएंगे। आचार संहिता से लेकर नतीजे तक इसमें 80 दिन लगेंगे।
लोकसभा के साथ 4 राज्यों- आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के विधानसभा चुनाव की तारीखें भी जारी कर दी गई हैं। ओडिशा में 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून को वोटिंग होगी। बाकी तीन राज्यों में एक फेज में चुनाव होंगे। अरुणाचल और सिक्किम में 19 अप्रैल, आंध्र प्रदेश में 13 मई को वोट डाले जाएंगे।
इलेक्शन शेड्यूल में सीटों की संख्या 543 से बढ़कर 544 हो गई है। इसकी वजह मणिपुर की आउटर मणिपुर लोकसभा सीट है। इस लोकसभा सीट में 28 विधानसभा सीटें है। 15 विधानसभा सीटों में 19 अप्रैल को और 13 विधानसभा सीटों में 26 अप्रैल को मतदान होगा। पूरी खबर पढ़ें …
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
