राजेश कुमार सिंह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को घाटशिला की धरती से जमशेदपुर लोकसभा सीट के प्रत्याशी विद्युत वरण महतो के लिए चुनाव प्रचार का आगाज करेंगे। मोदी आदिवासी बहुल इस सेंटर प्वाइंट से इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित कराने की कोशिश करेंगे। पीएम मोदी इस लोकसभा सीट को लेकर कितनी गंभीर है, इसका अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि पीएम ने जमशेदपुर शहर के बजाय ग्रामीण इलाके के इस स्थल को चुना है।
बीते विधानसभा चुनाव में इस लोकसभा सीट के सभी 6 विधानसभा सीट में पार्टी को यहां से झटका लग चुका है। मोदी घाटशिला में जनसभा करके न केवल जातीय समीकरणों को साधेंगे बल्कि, सूबे में डगमगाई भाजपा को संभालने का प्रयास भी करेंगे, क्योंकि इस बार चुनाव में भाजपा को इस लोकसभा सीट पर इंडिया गठबंधन से कड़ी टक्कर मिल रही है। स्थिति को भांपते हुए कुछ दिन पहले ही भाजपा के बड़े नेता सहित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेताओं ने चिंतन-मंथन भी किया था।
इसमें यह सामने आया कि चुनावी रण में इस बार इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी के लिए जीत की राह आसान नहीं है, क्योंकि कई जगह न केवल भाजपा प्रत्याशी का खुलकर विरोध हो रहा है, बल्कि हिन्दुस्तान कॉपर लिमिटेड के प्लांट सहित सभी माइंस का बंद होना, भूमि पूजन के बाद भी नए माइंस का नहीं खुलना, धालभूमगढ़ के एयरपोर्ट का भी मामला उलझ जाना, किसानों के लिए सिंचाई की बड़ी योजना सुवर्णरेखा का फेल होना, केन्द्र सरकार की पीएम आवास योजना सहित अन्य नीतियों पर प्रतिद्वंद्वियों का खुलकर हमलावर होना भी चुनावी समर में भाजपा प्रत्याशी के लिए मुकाबले को मुश्किल दिया है। घाटशिला को ताम्रनगरी के नाम से जाना जाता है। अभी यहां प्लांट तथा खदान बंद होने से बड़े पैमाने पर लोगों को बेरोजगार होना पड़ा है। केन्द्र सरकार के गलत नीतियों के कारण कंपनी की ऐसी स्थिति के होने की बात कहते हुए लगातार मजदूर विरोध कर रहे हैं। यही वजह है कि मऊभंडार में पीएम नरेंद्र मोदी की सभा का आयोजन रखा गया है। जमशेदपुर लोकसभा सीट के िलए यह मोदी की पहली चुनावी सभा होगी।
इससे पूर्व सिंहभूम सीट के लिए चाईबासा में पीएम नरेंद्र मोदी सभा कर चुके हैं। लोकसभा चुनाव में फिर भाजपा ने आदिवासी वर्ग को साधने की रणनीति बनाई है। इस बार पीएम नरेंद्र मोदी ने खुद ये कमान संभाली है। मोदी इस सभा में एचसीएल कंपनी के अलावे आदिवासियों के जल, जंगल, जमीन संबंधी सहित बड़े मुद्दे पर कोई बड़ा ऐलान भी कर सकते हैं। ऐसा यहां के लोगों को उम्मीद है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
