प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को UAE पहुंचे। यहां उनका स्वागत गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुआ। UAE के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने मोदी को गले लगाया।
इसके बाद प्रधानमंत्री ‘अहलन मोदी’ (हेलो मोदी) कार्यक्रम में पहुंचे और UAE में रह रहे भारतीय समुदाय के करीब 65 हजार लोगों को संबोधित किया। कहा- आपने नया इतिहास रच दिया है, यहां हर धड़कन कह रही है कि भारत-UAE दोस्ती जिंदाबाद।
इस मौके पर PM ने अबु धाबी में बने पहले हिंदू मंदिर के लिए जमीन मिलने से जुड़ा वाकया भी बताया। कहा- 2015 में आप सबकी ओर से मैंने यहां एक मंदिर का प्रस्ताव रखा तो उन्होंने एक पल भी गंवाए बिना हां कह दिया। उन्होंने यहां तक कहा था कि जिस जमीन पर आप लकीर खींच देंगे, मैं वह आपको दे दूंगा। और देखिए, अब अबु धाबी में भव्य, दिव्य मंदिर के लोकार्पण का दिन आ गया है।
PM मोदी आज, 14 फरवरी को, राजधानी अबु धाबी में इस देश के पहले हिंदू मंदिर का उद्घाटन करेंगे। 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद यह PM मोदी का 7वां UAE दौरा है। वे PM के तौर पर पहली बार अगस्त 2015 में UAE गए थे।
उन्होंने 2018 और 2019 में भी UAE का दौरा किया था। 2019 में UAE सरकार ने मोदी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ जाएद’ से नवाजा था। मोदी जून 2022 और जुलाई 2023 में दुबई गए थे। इस दौरान राष्ट्रपति अल नाहयान ने उन्हें फ्रेंडशिप बैंड भी बांधा था।
मोदी ने एक गारंटी भी दी है। मोदी ने अपने तीसरे टर्म में भारत को तीसरे नंबर की इकोनॉमी बनाने की गारंटी दी है। और मोदी की गारंटी यानी गारंटी पूरा होने की गारंटी। हमारी सरकार लोगों का जीवन स्तर सुधारने के लिए उनकी परेशानियां दूर करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। हमने पांच करोड़ से ज्यादा लोगों को पक्का घर बनाकर दिया।
दुनिया का वह देश जिसकी अर्थव्यवस्था बहुत तेजी से आगे बढ़ रही है? हमारा भारत। कौन सबसे तेज मोबाइल डेटा कंजंप्शन कर रहा है। हमारा भारत। कहां सबसे ज्यादा मिल्क प्रोडक्शन होता है। हमारा भारत। सबसे ज्यादा इंटरनेट यूजर्स में नंबर दो पर है। हमारा भारत। दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल मैन्युफैक्चरर है। हमारा भारत।
हमने अपने संबंधों को बीते कुछ वर्षों में नई ऊर्जा दी है। यूएई भारत का तीसरा बड़ा ट्रेड पार्टनर और सातवां इन्वेस्टर है। आज भी हमारे बीच जो समझौते हुए हैं, वे इसी कमिटमेंट को आगे बढ़ा रहे हैं। टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के क्षेत्र में दोनों देशों की पार्टनरशिप लगातार मजबूत हो रही है। मैंने अरबी में बोलने की कोशिश की है। अगर उच्चारण में कुछ गलती हो तो यूएई के साथियों से माफी मांगूंगा।
मैंने अरबी में कहा- भारत और यूएई वक्त की कलम से दुनिया की किताब पर एक बेहतर भाग्य का हिसाब लिख रहे हैं। भारत और यूएई की दोस्ती एक साझा दौलत है। हम एक अच्छे भविष्य की बेहतरीन शुरुआत कर रहे हैं। सोचिए कलम, हिसाब, जमीन कितनी सहजता से बोले जाने वाले शब्द हैं। सोचिए ये शब्द वहां कैसे पहुंचे है। यह यहां गल्फ से पहुंचे हैं।
मोदी ने कहा- 2015 में आप सबकी ओर से मैंने यहां एक मंदिर का प्रस्ताव रखा तो उन्होंने एक पल भी गंवाए बिना हां कह दिया। उन्होंने यहां तक कह दिया कि जिस जमीन पर आप लकीर खींच देंगे, मैं वह आपको दे दूंगा। और अब अबु धाबी में भव्य दिव्य मंदिर के लोकार्पण का दिन आ गया है। भारत-यूएई की दोस्ती जितनी जमीन पर मजबूत है उतना ही उसका परचम अंतरिक्ष में भी लहरा रहा है। मैं इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन में यूएई के पहले एस्ट्रोनॉट को भारत की ओर से बधाई देता हूं। उन्होंने भारत को स्पेस से शुभकामनाएं भेजीं, इसके लिए भी उनको बधाई देता हूं। भारत-यूएई एक दूसरे की प्रोग्रेस में पार्टनर हैं। हमारा रिश्ता इनोवेशन, इन्वेस्टमेंट और कल्चर का है।
कुछ दिन पहले ही वे गुजरात आए थे तब लाखों लोग उनका आभार व्यक्त करने के लिए सड़क के दोनों ओर जमा हो गए थे। आभार इसलिए कि वे जिस तरह यूएई में आपका ध्यान रखते हैं, वैसा कम ही देखने को मिलता है। साथियों यह भी मेरा सौभाग्य है कि यूएई ने मुझे अपने सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया है। यह सम्मान भी मेरा नहीं है, बल्कि करोड़ों भारतीयों का सम्मान है। जब भी मैं शेख जाएद से मिलता हूं तो वे आप भारतीयों की काफी तारीफ करते हैं। वे यूएई के विकास में आपके योगदान की तारीफ करते हैं। इस स्टेडियम से भी आप भारतीयों के पसीने की खुशबू आती है।
मोदी ने कहा- दस वर्षों में यह यूएई की मेरी सातवीं यात्रा है। मेरे भाई शेख जायेद मुझे आज भी एयरपोर्ट पर रिसीव करने आए थे। उनकी गर्मजोशी वही थी। उनका अपनापन वही था और यह बात उन्हें खास बना देती है। हमें भी खुशी है कि हमें भी चार बार उनका भारत में स्वागत करने का मौका मिला है।
आप यहां समय निकालकर आए मैं आपका बहुत-बहुत आभारी हूं। आज हमारे साथ मिनिस्टर और एक्सटर्नल मिनिस्टर शेख नाह्यान भी हैं। भारतीयों के प्रति उनका स्नेह सराहनीय है। हिज हाइनेस शेख जायेद का भी मैं आभारी हूं। गर्मजोशी भरा यह समारोह उनके सहयोग के बिना संभव नहीं था।
मोदी ने कहा- भाइयों बहनों मैं आज अपने परिवार के सदस्यों से मिलने आया हूं। समंदर पार जिस देश की मिट्टी जिसमें आपने जन्म लिया, मैं उस मिट़्टी की खुशबू आपके लिए लेकर आया हूं। मैं संदेश लेकर आया हूं आपके एक सौ चालीस करोड़ भारतीय भाई-बहनों का। और यह संदेश है कि भारत को आप पर गर्व है आप देश का गौरव हैं। एक भारत, श्रेष्ठ भारत की सुंदर तस्वीर। आपका यह उत्साह, आपकी यह आवाज आज अबु धाबी के आसमान के पार जा रही है। मेरे लिए इतना स्नेह, अभिभूत करने वाला है।
PM ने कहा- अबु धाबी में आप लोगों ने नया इतिहास रच दिया है। आप लोग यूएई के कोने-कोने से आए हुए हैं और भारत के अलग-अलग राज्यों से आए हुए हैं, लेकिन सबके दिल जुड़े हुए हैं। इस ऐतिहासिक स्टेडियम में हर धड़कन कह रही है भारत-यूएई दोस्ती जिंदाबाद। हर सांस कह रही है- भारत-यूएई दोस्ती जिंदाबाद। हर आवाज कह रही है भारत-यूएई जिंदाबाद। बस इस पल को जी लेना है। जी भरके जी लेना है। आज वो यादें बटोर लेनी हैं जो जीवनभर आपके साथ रहने वाली हैं। जो यादें आपके साथ, मेरे साथ भी रहने वाली हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने UAE पहुंचने के बाद राष्ट्रपति अल नाहयान के साथ वहां UPI और रूपे कार्ड लॉन्च किया। मोदी ने नाहयान के साथ रूपे कार्ड से पेमेंट भी की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे पर भारत और UAE के बीच पोर्ट्स, फिनटैक और कई सेक्टर्स में अहम समझौते होंगे। मोदी और अल नाहयान की द्विपक्षीय चर्चा के बाद दोनों देशों में MoUs एक्सचेंज हुए।
PM मोदी ने UAE पहुंचने के बाद कहा कि मुझे 7 सार बार यहां आने का मौका मिला। यहां आने के बाद लगता है कि अपने घर अपने परिवार के बीच आया हूं।
PM मोदी ने कहा कि मैं आपका आभारी हूं कि आप समय निकालकर मेरा निमंत्रण स्वीकार कर मेरे होम स्टेट आए थे। आपने वाइब्रेंट गुजरात समिट को नई ऊंचाई दी इससे उसका गौरव बढ़ा।
उन्होंने कहा कि UAE में BAPS का मंदिर उनके सहयोग के बिना नहीं बन सकता था। प्रधानमंत्री मोदी कल इस मंदिर का उद्घाटन करेंगे। ये UAE का पहला हिंदू मंदिर होगा।
UAE को भारत के प्रमुख एक्सपोर्ट में पेट्रोलियम प्रोडक्ट, मेटल, स्टोन, जेम्स एंड ज्वेलरी, मिनरल्स, फूड आइटम जैसे अनाज, चीनी, फल और सब्जियां, चाय, मांस और सीफूड, टेक्सटाइल, इंजीनियरिंग मशीनरी प्रोडक्ट और कैमिकल्स शामिल हैं।
UAE भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। दोनों देशों के बीच 6 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का कारोबार है। इसमें UAE ने भारत से 2 लाख करोड़ रुपए का इम्पोर्ट किया है।
भारत का UAE के साथ वित्तीय घाटा है। यानी भारत UAE से आयात ज्यादा करता है और निर्यात कम। भारत ने वित्तवर्ष 2022-23 में UAE से 4 लाख करोड़ रुपए का इंपोर्ट किया है। भारत ने UAE के साथ एक ट्रेड पैक्ट पर भी साइन किया था।
पुलवामा में आत्मघाती आतंकी हमले और जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म करने के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच संबंध बेहद खराब हो गए थे। उस वक्त पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा कि जब तक जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 बहाल नहीं किया जाएगा, तब तक भारत से कोई बातचीत नहीं होगी। इधर, भारत ने भी कहा कि जब तक आतंकियों पर कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक बातचीत का सवाल ही नहीं।
2 साल बाद ही 25 फरवरी 2021 को भारत-पाकिस्तान के बीच सीमा पर सीजफायर का ऐलान होता है। बताया जाता है कि दोनों देशों के बीच DGMO स्तर की वार्ता के बाद यह सहमति बनी है। उस वक्त ब्लूमबर्ग ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया कि संयुक्त अरब अमीरात यानी UAE ने सीजफायर के लिए भारत और पाकिस्तान के अधिकारियों की बातचीत के बीच गुप्त रूप से मेजबानी की थी।
इस रिपोर्ट में कहा गया कि UAE अमेरिका के बाद दूसरा देश था, जिसने सीजफायर के फैसले का स्वागत किया था। यही नहीं इस समझौते के ऐलान के दूसरे दिन यानी 26 फरवरी को UAE के विदेश मंत्री अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान अचानक दिल्ली के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे थे।
जनवरी 2023 में पाकिस्तान के तत्कालीन प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने भारत के साथ रिश्ते सुधारने के लिए UAE से मदद मांगी थी। अल-अरेबिया को दिए एक इंटरव्यू में शाहबाज ने कहा था- मैंने UAE के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल-नाहयान से भारत के साथ बातचीत शुरू करवाने की अपील की है। हमने वादा किया है कि हम भारत के साथ बेहतर रिश्ते चाहते हैं।
PM शाहबाज ने कहा था- UAE के राष्ट्रपति के भारत के साथ काफी अच्छे संबंध हैं। हम उन्हें यह बताना चाहते हैं कि पाकिस्तान अपना सबक सीख चुका है। हम शांति चाहते हैं। हम भारत के साथ खुले दिमाग और पूरी ईमानदारी से बात करने के लिए तैयार हैं। हम जानते हैं कि UAE इसमें एक अहम भूमिका निभा सकता है।
UAE में करीब 35 लाख भारतीय रहते हैं। यह देश की कुल जनसंख्या का 30% है और भारतीयों की तादाद यहां किसी भी दूसरे देश की तुलना में सबसे ज्यादा है। वहीं, रूस, सऊदी अरब और इराक के बाद UAE भारत का चौथा सबसे बड़ा तेल आपूर्तिकर्ता है।
UAE उन अरब देशों में से एक है जो पाकिस्तान के नजदीक है। उनकी दोस्ती का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि आर्थिक तंगी से जूझ रहे पाकिस्तान को UAE ने भंडार बढ़ाने के लिए 1 अरब अमेरिकी डॉलर की मदद की थी। ये पहला मौका नहीं है, इससे पहले भी UAE पाकिस्तान को कर्ज देकर मदद कर चुका है। हालांकि, पाकिस्तान से अच्छे संबंध होने के बावजूद UAE कश्मीर को लेकर भारत के खिलाफ कोई भी बयान देने से बचता है।
2019 में जब भारत ने कश्मीर को विशेषाधिकार देने वाले आर्टिकल 370 को खत्म किया तो UAE ने इसे भारत का आंतरिक मसला बताया था, जबकि पाकिस्तान भारत के इस एक्शन पर अरब देशों से कड़ी प्रतिक्रिया की उम्मीद कर रहा था।
पाकिस्तान का करीबी दोस्त होने के बावजूद UAE ने भारत की तरफ से हुई 2016 की उरी सर्जिकल स्ट्राइक और 2019 की बालाकोट एयरस्ट्राइक को सपोर्ट किया था। वो लगातार आतंक के खिलाफ लड़ाई में भारत का साथ देने की बात करता आया है।
सितंबर 2023 में UAE के उप-प्रधानमंत्री सैफ बिन जायद अल नाहयान G20 समिट में शामिल होने भारत आए थे। इस दौरान भारत, अमेरिका और कई खाड़ी देशों के बीच इंडिया-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर (IMEC) को लेकर समझौता हुआ था। UAE भी इसमें शामिल था। शिखर सम्मेलन के बाद UAE के उप-प्रधानमंत्री IMEC से जुड़ा एक मैप शेयर किया था। इस मैप में UAE ने PoK को भारत का हिस्सा दिखाया था।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
