Karnal Lok Sabha Election 2024 Date, Candidate Name: लोकसभा 2024 के लिए सभी पार्टियों ने तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि अभी कई सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा नहीं हुई है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने 2019 के लोकसभा चुनाव में हरियाणा की जिन 10 सीटों पर परचम लहराया था उनमें से एक सीट करनाल भी है।
करनाल से बीजेपी उम्मीदवार संजय भाटिया ने 6,56,142 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के कुलदीप शर्मा को हराया था। 2019 में इस सीट पर कुल 68.35% मतदान हुआ था और यहां से कुल 17 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था। करनाल लोकसभा सीट में कुल 9 विधानसभा सीट आती हैं। इनमें इसराना (एससी), नीलोखेड़ी (एससी), समालखा, घरौंडा, पानीपत ग्रामीण, करनाल, पानीपत सिटी, इंद्री, असंध शामिल है।
करनाल, दिल्ली से करीब 135 किलोमीटर दूर है। यह क्षेत्र हमेशा से कांग्रेस पार्टी का गढ़ माना जाता था, लेकिन 2014 में भाजपा ने कांग्रेस के गढ़ में सेंध लगाई और मोदी लहर में बीजेपी उम्मीदवार अश्विनी कुमार ने यहां से दो बार लगातार कांग्रेस के सांसद रहे डॉ. अरविंद शर्मा को 3,60,147 वोटों से हराया था। भाजपा से अश्विनी कुमार को कुल 5,94,817 वोट मिले, जबकि अरविंद शर्मा को 2,34,670 वोट पड़े थे। 1952 से 2019 तक कांग्रेस ने करनाल सीट 9 बार जीती थी जबकि 4 बार इस सीट को बीजेपी ने जीता था।
ऐतिहासिक दृष्टिकोण से करनाल लोकसभा क्षेत्र देश के इतिहास में अहम स्थान रखता है। यहां के पानीपत जिले की धरती भारतीय इतिहास के तीन बड़े युद्ध का गवाह बनी है। मोहम्मद गौरी व पृथ्वी राज चौहान के बीच में तरावड़ी में लड़ाई हुई थी। यहां आज भी पृथ्वी राज चौहान का किला है। करनाल जिले के कई गांव कुरुक्षेत्र की 48 कोस की जमीन के दायरे में आते हैं। करनाल में कई बड़ी फैक्ट्रियां हैं, जिसमें कृषि उपकरण, राइस शैलर, वनस्पति, तेल व दवाइयां तैयार की जाती हैं।
