महाराष्ट्र में कांग्रेस विधायक राजू देवनाथ पारवे रविवार को शिंदे गुट की शिवसेना में शामिल हो गए। उन्होंने CM एकनाथ शिंदे, डिप्टी सीएम देवेन्द्र फडणवीस और अजित पवार की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली।
राजू पारवे ने आज सुबह ही कांग्रेस पार्टी छोड़ी थी। पारवे शिवसेना (महायुती) की तरफ से रामटेक लोकसभा चुनाव क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। वे नागपुर के उमरेड विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक थे।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
सपा ने बिजनौर से लोकसभा प्रत्याशी बदला, दीपक सैनी को टिकट; 5 घंटे में BSP की दूसरी लिस्ट जारी
यूपी में समाजवादी पार्टी ने रविवार को दो लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की। पार्टी ने मुरादाबाद से अपने मौजूदा सांसद एसटी हसन को फिर से मैदान में उतारा है। साथ ही बिजनौर से अपना उम्मीदवार बदल दिया है। यहां से दीपक सैनी को टिकट मिला है। दीपक सैनी बिजनौर के नूरपुर विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक राम अवतार सैनी के बेटे हैं। सपा ने इससे पहले यशवीर सिंह को बिजनौर से अपना उम्मीदवार बनाया था।
इधर, बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने भी लोकसभा चुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इसमें 9 लोगों के नाम शामिल हैं। इससे 5 घंटे पहले बसपा ने 16 नाम की पहली लिस्ट जारी की थी। पूरी खबर पढ़ें…
दिल्ली के पांडव नगर में 4 साल की बच्ची से रेप; पड़ोसियों ने आरोपी की दुकान में तोड़-फोड़ की
दिल्ली के पांडव नगर में चार साल की बच्ची से रेप हुआ है। जिसके बाद आरोपी की दुकान में पड़ोसियों ने तोड़-फोड़ कर दी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी किराए पर रहते थे और सलून चलाते थे। बच्ची आरोपी के घर ट्यूशन पढ़ने गई थी। जहां उसके साथ दुष्कर्म हुआ। आरोपी ने बच्ची को चुप रहने की धमकी दी थी।
जब घर आकर बच्ची ने ये बात परिवार को बताई तो भारी तादाद में लोग आरोपी की दुकान में पहुंचकर तोड़-फोड़ कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है।
कमल हासन बोले- EVM की एक्यूरेसी जांचनी चाहिए, एक्सीडेंट होता है तो कार की नहीं, ड्राइवर की गलती होती है
तमिल स्टार और मक्कल नीधि मैयम पार्टी के अध्यक्ष कमल हासन ने EVM पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि EVM को दोष नहीं देना चाहिए। अगर एक्सीडेंट होता है तो कार की नहीं, ड्राइवर की गलती होती है। हमें EVM पर फैसला लेना चाहिए। लोगों को पूछना चाहिए कि ये कैसे होगा। भगवान राम ने भी तो अग्निपरीक्षा ली थी। हमें भी EVM की शुद्धता जांचनी चाहिए। मैं किसी का मजाक नहीं उड़ा रहा हूं।
चंद्रयान-3 की लैंडिंग साइट शिव शक्ति को इंटरनेशनल एस्ट्रोनॉमिकल यूनियन की मंजूरी
चंद्रयान-3 की लैंडिंग साइट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 अगस्त 2023 को ‘शिव शक्ति’ नाम दिया था। सात महीने बाद रविवार (24 मार्च) को इंटरनेशनल एस्ट्रोनॉमिकल यूनियन (IAU) ने भी इसके नाम को मंजूरी दे दी है। IAU के प्लेनेटरी नॉमेनक्लेचर के गजट ने इसकी सूचना दी।
मोदी ने बेंगलुरु में इसका नाम देते हुए कहा था कि शिव में मानवता के कल्याण का संकल्प है और शक्ति हमें उन संकल्पों को पूरा करने की हिम्मत देती है। चंद्रमा का यह शिव शक्ति बिंदु हिमालय से कन्याकुमारी तक जुड़ाव का भी एहसास कराता है।
बिहार JDU ने 16 प्रत्याशियों की घोषणा की, ललन सिंह को मुंगेर और लवली आनंद को शिवहर से उतारा
लोकसभा चुनाव के लिए बिहार JDU ने रविवार को अपने कोटे की 16 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष ललन सिंह को मुंगेर, बाहुबली आनंद मोहन सिंह की पत्नी लवली आनंद को शिवहर, सीवान से विजयलक्ष्मी और भागलपुर से अजय मंडल को टिकट दिया गया है। 16 प्रत्याशियों में 6 ओबीसी, 5 अति पिछड़ा, एक महादलित, एक मुस्लिम और 3 सवर्ण समुदाय से हैं। लिस्ट में 3 महिलाओं के नाम हैं। पूरी खबर पढ़ें…
दिल्ली के नरेला में फैक्ट्री में आग, फ्रायर ब्रिगेड की 20 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
दिल्ली के नरेला में एक फैक्ट्री में रविवार (24 मार्च) को आग लग गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की 20 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अभी तक आग से जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। आग लगने के कारण का भी अभी तक पता नहीं चला है।
पूर्व वायु सेना प्रमुख आरकेएस भदौरिया भाजपा में शामिल हुए, पार्टी महासचिव विनोद तावड़े ने सदस्यता दिलाई
लोकसभा चुनाव से पहले पूर्व वायु सेना प्रमुख आरकेएस भदौरिया भाजपा में शामिल हो गए हैं। रविवार (24 मार्च) को दिल्ली में पार्टी महासचिव विनोद तावड़े ने उन्हें सदस्यता दिलाई। इस दौरान पार्टी ऑफिस में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर भी मौजूद थे।
विनोद तावड़े ने कहा कि भदौरिया ने 40 साल वायु सेना में बिता चुके हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत प्रोग्राम के लिए काफी काम किए हैं।
भदौरिया उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। भाजपा ने शनिवार को ही उत्तर प्रदेश के लोकसभा चुनाव के लिए कैंडिडेट्स की लिस्ट पर मंथन किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें गाजियाबाद से टिकट मिल सकती है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लेह में जवानों के साथ होली मनाई, खराब मौसम के चलते सियाचिन दौरा रद्द
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लेह के मिलिट्री स्टेशन में जवानों के साथ रविवार (24 मार्च) को होली का त्योहार मनाया। वे केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में दुनिया के सबसे ऊंचे युद्धक्षेत्र सियाचिन ग्लेशियर पर जवानों के साथ होली मनाने वाले थे, लेकिन खराब मौसम के कारण यह कार्यक्रम रद्द हो गया।
श्रीनगर पुलिस ने आतंकियों के 4 सहयोगियों को गिरफ्तार किया, हथियार भी जब्त किए
जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में पुलिस ने आतंकियों के 4 सहयोगियों को गिरफ्तार किया। श्रीनगर पुलिस ने बताया की चारों जैश-ए-मोहम्मद संगठन से जुड़े हुए थे। सभी के पास से भारी मात्रा में हथियार और बारूद भी जब्त किए गए हैं। मामले को लेकर जांच जारी है।
दिल्ली पुलिस ने 3 करोड़ की नकदी बरामद की, चुनाव में कैश के इस्तेमाल करने की आशंका जताई
दिल्ली पुलिस ने शनिवार (23 मार्च) को नेशनल हाईवे 48 से 4 लोगों के पास से 3 करोड़ रुपए की नकदी जब्त की है। पुलिस अधिकारी ने आशंका जताई है कि आचार संहिता के समय जब्त किए गए इस कैश का इस्तेमाल चुनाव में हो सकता था।
पकड़े गए लोगों में मोहम्मद शोमीन, जिशान, दानिश और संतोष शामिल हैं। पूछताछ करने पर इन्होंने बताया कि बरामद रकम स्कैप डीलर मोहम्मद की है। पुलिस ने इन लोगों के दो पहिया वाहन भी जब्त किए हैं।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
