Phase 4 Polling, Lok Sabha Election 2024 LIVE Voting: सोमवार को आंध्र प्रदेश और तेलंगाना सहित 10 राज्यों व UTs की 96 लोकसभा सीट पर वोट डाले जाएंगे। आंध्र प्रदेश में सभी 25 लोकसभा सीटों के साथ ही विधानसभा की सभी 175 सीटों के लिए मतदान होगा। चौथे चरण के चुनाव में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव (कन्नौज), केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (बेगूसराय), नित्यानंद राय (उजियारपुर), अधीर रंजन चौधरी (बहरामपुर),पंकजा मुंडे (बीड), AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी (हैदराबाद) और आंध्र प्रदेश में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वाई एस शर्मिला (कडपा) चुनाव मैदान में हैं। चौथे चरण में तेलंगाना की 17, आंध्र प्रदेश की 25, उत्तर प्रदेश की 13, बिहार की पांच, झारखंड की चार, मध्य प्रदेश की आठ, महाराष्ट्र की 11, ओडिशा की चार, पश्चिम बंगाल की आठ और जम्मू कश्मीर की श्रीनगर लोकसभा सीट पर मतदान होगा।
Lok Sabha Chunav 2024 Phase 4 LIVE: लोकसभा चुनाव से जुड़ी खबरों के अपडेट के लिए बने रहिए जनसत्ता के साथ।
13 मई यानी आज चौथे चरण के लिए वोटिंग होगी। आज सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू होगी और शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। देशभर की 96 लोकसभा सीटों पर आज वोटिंग होगी।
केंद्रीय मंत्री और संबलपुर से भाजपा के लोकसभा उम्मीदवार धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, “24 साल के शासन (बीजेडी सरकार) के बाद भी राज्य के घरों में पाइप से पानी नहीं पहुंचा है। खेतों में सिंचाई की व्यवस्था नहीं है, चिकित्सा केंद्र में डॉक्टर नहीं है और स्कूल में शिक्षक नहीं है। राज्य के एक तिहाई लोग विदेश में काम करने जा रहे हैं। लोग इस अत्याचारी और भ्रष्ट शासन के खिलाफ जवाब देंगे।”
अमित शाह ने रविवार को राहुल गांधी को घेरते हुए उनके सामने पांच सवाल रखे और इस पर उनसे रायबरेली की जनता को जवाब देने को कहा।
रायबरेली में बीजेपी प्रत्याशी का प्रचार करने पहुंचे अमित शाह ने कहा ने ये पांच सवाल पूछे-
अमित शाह ने कहा, “मोदी जी ने तीन तलाक समाप्त किया तो यह अच्छा किया या बुरा, राहुल बाबा रायबरेली की जनता को यह स्पष्ट करें कि क्या वह तीन तलाक को वापस लाना चाहते हैं।”
उन्होंने कहा, “मुस्लिम पर्सनल लॉ की जगह समान नागरिक संहिता (यूसीसी) होनी चाहिए या नहीं? राहुल बाबा कहते हैं कि वे पर्सनल लॉ लाएंगे, रायबरेली को इसका जवाब दें।”
सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र करते हुए शाह ने पूछा, “राहुल बाबा आप सर्जिकल स्ट्राइक का समर्थन करते या नहीं। इस पर अपना रुख स्पष्ट करें।”
अमित शाह ने कांग्रेस नेता से पूछा, “आप राम मंदिर का दर्शन करने क्यों नहीं गये, स्पष्ट करें।”
उन्होंने कहा, ”राहुल बाबा को रायबरेली की जनता को बताना चाहिए कि क्या आप अनुच्छेद 370 को हटाने का समर्थन करते हैं या नहीं?”
चौथे चरण में कन्नौज में सपा प्रमुख अखिलेश यादव और मौजूदा भाजपा सांसद सुब्रत पाठक के बीच कड़ी टक्कर है।
उन्नाव में मौजूदा भाजपा सांसद साक्षी महाराज (स्वामी सच्चिदानंद हरि साक्षी) का मुकाबला सपा की अन्नू टंडन से है।
भाजपा के चार उम्मीदवार – केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी (खीरी), रेखा वर्मा (धौरहरा), मुकेश राजपूत (फर्रुखाबाद) और देवेन्द्र सिंह उर्फ भोले (अकबरपुर) तीसरी बार जीत की उम्मीद कर रहे हैं, जबकि राजेश वर्मा सीतापुर से पांचवीं बार जीतने के लिए मुकाबले में हैं।
बेगुसराय लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह लगातार दूसरी बार चुनाव मैदान में हैं जहां उनके खिलाफ भाकपा प्रत्याशी अवधेश राय हैं।
उजियारपुर में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय हैट्रिक का लक्ष्य लेकर मैदान में हैं। उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी राजद के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्य मंत्री आलोक मेहता हैं।
समस्तीपुर सीट पर मुख्य रूप से दो नवोदित उम्मीदवारों सनी हजारी (कांग्रेस) एवं शांभवी चौधरी (लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास)) के बीच मुकाबला है। सनी हजारी मुख्यमंत्री नीतीश की पार्टी जद(यू) के वरिष्ठ नेता महेश्वर हजारी के पुत्र हैं जबकि शांभवी चौधरी जद (यू) नेता अशोक चौधरी की बेटी हैं।
मुंगेर से मौजूदा सांसद एवं जद(यू) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह का मुख्य रूप से मुकाबला राजद उम्मीदवार कुमारी अनीता से है जिनके पति अशोक महतो की पहचान एक बाहुबली के रूप में रही है।
दरभंगा से मौजूदा भाजपा सांसद गोपाल जी ठाकुर का मुख्य रूप से मुकाबला राजद उम्मीदवार ललित कुमार यादव से है।
बिहार की पांच लोकसभा सीटों पर दो केंद्रीय मंत्रियों सहित कुल 55 उम्मीदवार मैदान में हैं। बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के तहत पांच सीट पर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान कराए जाने के लिए आयोग द्वारा 9447 मतदान केंद्र बनाये गए हैं। इन पांचों सीट पर कुल मतदाताओं की संख्या 9583662 है जिनमें 5049656 पुरुष, 4533813 महिला और 193 तृतीय लिंग के वोटर शामिल हैं।
आम चुनाव के चौथे चरण के तहत बिहार की पांच लोकसभा सीट-बेगुसराय, उजियारपुर, दरभंगा, समस्तीपुर और मुंगेर में सोमवार को मतदान है जिसके लिए निर्वाचन आयोग की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं।
अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने रविवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के तीसरे कार्यकाल का मतलब गरीबों, दलितों और आदिवासियों के साथ “गुलामों की तरह व्यवहार” होगा। खड़गे ने महाराष्ट्र के धुले निर्वाचन क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी पर काला धन वापस लाने और नौकरियां प्रदान करने के अपने वादों को पूरा करने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “आजादी से पहले गरीबों, दलितों और आदिवासियों के साथ गुलामों जैसा व्यवहार किया जाता था। यदि आप मोदी और शाह को तीसरा कार्यकाल देंगे तो वही स्थिति दोहरायी जाएगी। हम फिर से गुलाम बन जायेंगे।”
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि यदि लोग 25 मई को आम आदमी पार्टी (आप) को चुनते हैं, तो उन्हें दोबारा जेल नहीं जाना पड़ेगा। केजरीवाल ने यहां एक रोड शो के दौरान कहा, ‘‘मुझे 20 दिन बाद वापस जेल जाना है। यदि आप झाड़ू (‘आप’ का चुनाव चिह्न) को चुनते हैं, तो मुझे वापस जेल नहीं जाना पड़ेगा।’’
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हरियाणा में तीन-चार चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला ने रविवार को यह जानकारी दी। पंचकुला में पत्रकारों से बात करते हुए बराला ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता भी लोकसभा चुनाव के लिए राज्य में प्रचार करेंगे। बराला ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी राज्य में तीन-चार रैलियों को संबोधित करेंगे, हालांकि अभी तारीख और समय तय नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि शाह 16 मई को गुरुग्राम और 17 मई को करनाल व रोहतक में रैलियां करेंगे। हरियाणा की 10 लोकसभा सीट पर 25 मई को मतदान होगा।
अरविंद केजरीवाल ने रविवार को दावा किया कि धनशोधन मामले में उनकी गिरफ्तारी के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पंजाब और दिल्ली में ‘आप’ की सरकार को गिराना चाहती थी, लेकिन उसकी योजना कामयाब नहीं हो पाई।
केजरीवाल ने अपने आवास पर पार्टी के विधायकों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मेरी गिरफ्तारी के बाद ‘आप’ और अधिक एकजुट हो गई है।’’ उन्होंने कहा, ”मेरी गिरफ्तारी से पहले भाजपा के लोग कहते थे कि वे पार्टी तोड़ देंगे और दिल्ली तथा पंजाब में हमारी सरकार गिरा देंगे।”
सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को दावा किया कि जब सातवें चरण में वोट पड़ेगा तो देख लेना जनता का गुस्सा सातवें आसमान पर दिखाई देगा। अखिलेश ने यह भी कहा कि यह पहला चुनाव है जहां जनता झूठी गारंटी लेकर आने वाले लोगों के खिलाफ खुद ही चुनाव लड़ रही है। बाराबंकी लोकसभा क्षेत्र से विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रमुख घटक कांग्रेस के उम्मीदवार तनुज पुनिया के समर्थन में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश ने कहा कि ”मैं देख रहा हूं कि जैसे-जैसे चुनाव आगे बढ़ता चला जा रहा है, जनता का गुस्सा भी भाजपा के खिलाफ बढ़ता जा रहा है। आप देख लेना, जब सातवें चरण में वोट पड़ेगा तो देख लेना जनता का गुस्सा सातवें आसमान पर दिखाई देगा।”
मतदान से एक दिन पहले बीजेपी प्रत्याशी पंकजा मुंडे ने मां कालरात्रि के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि मुझे इस मंदिर में आकर शांति मिलती है।
https://twitter.com/ANI/status/1789689562727350352
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हमला करते हुए उन पर देश की “पूरी संपत्ति चार-पांच अमीर लोगों” को देने का आरोप लगाया। प्रियंका ने रायबरेली सीट पर चुनाव लड़ रहे अपने भाई राहुल गांधी के समर्थन में कई चुनावी सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी ने पिछले 10 वर्षों में जनता के लिए कुछ नहीं किया है और मतदाताओं का ध्यान भटकाने के लिए वह अपने चुनाव प्रचार में धर्म को ला रही है।
चौथे चरण के 13 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में शाहजहांपुर (आरक्षित), खीरी, धौरहरा, सीतापुर, हरदोई (आरक्षित), मिश्रिख (आरक्षित), उन्नाव, फर्रुखाबाद, इटावा (आरक्षित), कन्नौज, कानपुर, अकबरपुर, बहराइच (आरक्षित) लोकसभा सीट हैं, जिनमें आठ सीट सामान्य श्रेणी की हैं और पांच सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। इन सभी निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 130 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इन उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला दो करोड़ 46 लाख से अधिक मतदाता करेंगे।
चौथे चरण में कश्मीर की श्रीनगर लोकसभा सीट पर भी वोट डाले जाएंगे। श्रीनगर लोकसभा सीट पर सभी राजनीतिक दलों के नेताओं ने मतदाताओं को आकर्षित करने का प्रयास किया। नेशनल कॉन्फ्रेंस ने शिया नेता गा सैयद रुहुल्ला मेहदी को चुनाव मैदान में उतारा है, जबकि पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से युवा नेता वहीद पारा मैदान में हैं। अपनी पार्टी ने अशरफ मीर को अपना प्रत्याशी बनाया है। आम चुनाव के अगले तीन चरण के लिये मतदान 20 मई, 25 मई और एक जून को है। मतगणना चार जून को होगी।
चौथे चरण में बिहार में बेगूसराय, उजियारपुर , दरभंगा, समस्तीपुर और मुंगेर लोकसभा क्षेत्रों में सोमवार को मतदान है। इन पांचों निर्वाचन क्षेत्रों में से तीन सीट बेगूसराय, उजियारपुर और दरभंगा वर्तमान में भाजपा के पास हैं। दरभंगा और मुंगेर में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सबसे बड़े स्टार प्रचारक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अलग-अलग रैलियों के बाद राजग इन सीट पर जीत को लेकर आशावादी है।
बीते शुक्रवार को राहुल गांधी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में ‘इंडिया’ गठबंधन की आंधी आ रही है तथा नरेन्द्र मोदी फिर प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे।
कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन पर प्रहार करते हुए मोदी ने पांच मई को कहा कि मुसलमान अब समझते हैं कि कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन उन्हें प्यादे के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं, इसलिए अब यह समुदाय भाजपा द्वारा किये गये विकास कार्यों को देखकर उनसे (कांग्रेस और ’इंडिया’ गठबंधन से) दूरी बनाने लगा है ।
चौथे चरण के मतदान से पहले ‘इंडियन ओवरसीज कांग्रेस’ के अध्यक्ष सैम पित्रोदा को अपने विवादित बयानों के कारण रिजाइन देना पड़ा।पित्रोदा ने उनके बयान पर भाजपा द्वारा कांग्रेस को घेरे जाने के बाद उसी दिन ‘इंडियन ओवरसीज कांग्रेस’ के अध्यक्ष पद से त्यागपत्र दे दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को कांग्रेस से मांग की थी कि पार्टी को लोगों को बताना चाहिए कि उसने ‘अंबानी-अडानी’ मुद्दा उठाना क्यों बंद कर दिया है जैसा कि उसके ‘शहजादे’ करते थे। उन्होंने पूछा कि क्या उसने कोई ‘सौदा’ कर लिया है। इसपर पलटवार करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी को सीबीआई या ईडी से इस बात की जांच कराने की चुनौती दी कि अडाणी और अंबानी ने उनकी पार्टी को कालाधन भेजा है या नहीं। उन्होंने उनका यह कहते हुए उपहास उड़ाया कि क्या वह ‘अपने अनुभव से’ बोल रहे हैं कि वे ‘टेंपो से पैसा’ भेजते हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के उन्नाव, कन्नौज और कानुपर में चुनावी रैलियों को संबोधित किया, जबकि सपा ने कन्नौज लोकसभा क्षेत्र में जन संपर्क अभियान किया। उत्तर प्रदेश के कन्नौज में सपा प्रमुख अखिलेश यादव का भाजपा के निवर्तमान सांसद सुब्रत पाठक से कड़ा चुनावी मुकाबला है, जबकि उन्नाव में निवर्तमान सांसद साक्षी महाराज का सपा की अनु टंडन से टक्कर है।
चौथे चरण के चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी के करीबी सैम पित्रौदा द्वारा भारतीयों के बारे में दिये गये ‘नस्ली’ एवं ‘त्वचा के रंग’ संबंधी बयान को लेकर कांग्रेस पर प्रहार किया। उन्होंने ‘इंडिया’ गठबंधन के दलों पर ‘हिंदू विरोधी’ होने तथा ‘लूट एवं तुष्टिकरण’ में लगे रहने एवं ‘वंशवादी राजनीति’ करने का आरोप लगाया। कांग्रेस ने मोदी के ‘टेंपो में नोटो की गड्डियां भरकर भेजने’ संबंधी बयान को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उसने संविधान एवं आरक्षण की रक्षा करने के मुद्दे पर अपना आक्रामक तेवर जारी रखा।
भाजपा के नेतृत्व वाले राजग के इन 96 लोकसभा सीट में से 40 से अधिक पर वर्तमान में सांसद हैं। इसी के साथ आंध्र प्रदेश की 175 विधानसभा सीट पर भी मतदान होगा। राज्य में वाईएसआरसी, कांग्रेस नीत ‘इंडिया’ गठबंधन और राजग के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। राज्य में राजग में भाजपा, चंद्रबाबू नायडू की तेदेपा और पवन कल्याण की जनसेना पार्टी शामिल हैं।
Lok Sabha Chunav 2024 Phase 4 LIVE Voting, 2024 Aam Chunav Polling (लोकसभा चुनाव चौथे चरण का चुनाव अपडेट): इस चरण के चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी के करीबी सैम पित्रौदा द्वारा भारतीयों के बारे में दिये गये ‘नस्ली’ एवं ‘त्वचा के रंग’ संबंधी बयान को लेकर कांग्रेस पर प्रहार किया।
