केजरीवाल बोले- मोदी, शाह को PM बनाएंगे: दो महीने में योगी को CM पद से हटाएंगे; शाह बोले- सरकार का नेतृत्व म… – Dainik Bhaskar

Spread the love

39 दिन बाद तिहाड़ जेल से जमानत पर बाहर आए दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल ने पार्टी ऑफिस में पहला चुनावी भाषण दिया। उन्होंने 21 मिनट की स्पीच की शुरुआत हनुमान जी से की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, तानाशाही, वन नेशनल वन लीडर, भ्रष्टाचार, देश, विपक्षी गठबंधन से होते हुए प्रभु यानी भगवान पर खत्म की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले साल 17 सितंबर को 75 साल के हो जाएंगे। क्या भाजपा उन्हें लालकृष्ण आडवाणी की तरह रिटायर करेगी। अगर भाजपा ये चुनाव जीतती है तो मोदी अमित शाह को प्रधानमंत्री बनाएंगे। सरकार बनने के 2 महीने में उत्तर प्रदेश के CM योगी जी को पद से हटाया जाएगा।
केजरीवाल के दावे पर तेलंगाना में अमित शाह ने कहा- मैं अरविंद केजरीवाल एंड कंपनी और पूरे इंडी अलायंस को कहना चाहता हूं कि मोदी जी 75 साल के हो जाएं, इससे आपको आनंदित होने की जरूरत नहीं है। ये भाजपा के संविधान में कहीं नहीं लिखा है। मोदी जी ही ये टर्म पूरी करेंगे। मोदी जी ही आगे देश का नेतृत्व करते रहेंगे। भाजपा में कोई कंफ्यूजन नहीं है।
केजरीवाल की 21 मिनट की स्पीच 10 पाॅइंट में…
1. आम आदमी पार्टी के लिए
आम आदमी पार्टी को 10 साल हुए। दो राज्यों में सरकार है। इसे कुचलने में और खत्म करने में प्रधानमंत्री जी ने कोई कसर नहीं छोड़ी। एकसाथ हमारी पार्टी के टॉप 4 नेता मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन, संजय सिंह और मुझे जेल भेज दिया। उन्होंने सोचा पार्टी खत्म हो जाएगी, लेकिन AAP एक सोच है, जितना खत्म करने की सोचते हैं, उतना बढ़ती है।
2. भाजपा की नीति पर
प्रधानमंत्री जी ने देश के सबसे बड़े चोर-उचक्कों और डकैतों को अपनी पार्टी में शामिल कर लिया। जिस आदमी को कहते हैं कि 70 करोड़ का घोटाला कर दिया, उसे ही मंत्री, डिप्टी सीएम बनाते हैं। कहते हैं कि भ्रष्टाचार से लड़ रहे हैं। तुम अपनी पार्टी में चोर-उचक्कों को रख लो और कहो कि भ्रष्टाचार से लड़ रहे हो। देश को बच्चा मत समझो।
3. भ्रष्टाचार को लेकर
प्रधानमंत्री जी भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई केजरीवाल से सीखो। 2015 में सरकार बनी थी, तब हमारे मंत्री का ऑडियो वायरल हुआ। किसी को नहीं पता था। दुकानदार से 5 लाख रुपए मांग रहा था। मैंने खुद मंत्री को सीबीआई के हवाले कर दिया था। पंजाब में मान साहब ने अपने मंत्री को जेल में भेजा, क्योंकि भ्रष्टाचार कर रहा था।
4. इंडी गठबंधन के लिए
पीएम ने मिशन शुरू किया है। वन नेशन-वन लीडर। मोदी जी देश के सारे नेताओं को खत्म करना चाहते हैं। जितने विपक्ष के नेता हैं, उन्हें जेल भेजेंगे। जितने भाजपा के नेता हैं, उन्हें निपटा देंगे। अगर ये चुनाव जीत गए तो लिखवा लो कि थोड़े दिन बाद ममता, तेजस्वी, स्टालिन, विजयन, उद्धव और सभी विपक्षी नेता जेल के भीतर होंगे।
5. तानाशाही को लेकर
आडवाणी, मुरली मनोहर, सुमित्रा महाजन, शिवराज, वसुंधरा राजे, खट्टर, रमन सिंह की राजनीति मोदी जी ने खत्म कर दी। अगला नंबर योगी आदित्यनाथ का है। अगर चुनाव जीते तो 2 महीने के भीतर उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बदल देंगे। यही तानाशाही है। वन नेशन-वन लीडर। ये चाहते हैं कि एक ही तानाशाह देश के भीतर बचेगा।
6. लोकतंत्र को लेकर
आज एक तानाशाह देश से जनतंत्र खत्म करना चाहता है। मैं पूरे तन मन धन से उस तानाशाह के खिलाफ लड़ रहा हूं। 140 करोड़ लोगों का साथ चाहता हूं। आज मैं आपसे भीख मांगने आया हूं। मेरे देश को बचा लो। इस तानाशाही से मेरे देश को बचा लो।
7. मोदी के रिटायरमेंट पर
ये लोग इंडिया गठबंधन से पूछते हैं कि आपका प्रधानमंत्री कौन होगा। मैं भाजपा से पूछता हूं आपका प्रधानमंत्री कौन होगा। मोदी जी होंगे, नहीं मोदीजी अगले साल 17 सितंबर को 75 साल के हो रहे हैं। भाजपा के अंदर मोदी जी ने खुद रूल बनाया था कि भाजपा के भीतर जो भी 75 साल का होगा, उसे रिटायर किया जाएगा।
आडवाणी, जोशी, सुमित्रा महाजन, यशवंत सिन्हा को रिटायर किया गया। मोदी जी अगले साल 17 सितंबर को रिटायर होने वाले हैं। मैं भाजपा से पूछता हूं कि कौन पीएम होगा।
8. शाह-योगी को लेकर
अगर केंद्र में मोदी सरकार फिर से बनी तो 2 महीने में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगीजी को निपटाएंगे। अमित शाह को प्रधानमंत्री बनाएंगे, इसीलिए वोट मांग रहे हैं। मैं पूछना चाहता हूं कि मोदी की गारंटी कौन पूरी करेगा।
9. चुनावी रिजल्ट को लेकर
मेरा आंकलन है कि 4 जून के बाद मोदी सरकार नहीं बन रही है। इनकी सीट सभी जगह कम हो रही हैं। सट्टा बाजार भी 220 से 230 के बीच सीट बता रहा। केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बन रही है। AAP सरकार का हिस्सा होगी। दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाएंगे। दिल्ली का एलजी दिल्ली का होगा। अभी गुजरात का है।
10. खुद के इस्तीफे को लेकर
मैं इस्तीफा नहीं दूंगा। मैं इनके खिलाफ लडूंगा। केजरीवाल को कभी किसी पद का लालच नहीं हुआ। मैं मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री नहीं बनाना चाहता। इनकम टैक्स कमिश्नर की नौकरी छोड़कर झुग्गियों में काम किया। पहली बार सीएम बनाया तो उसूलों के लिए 49 दिन में इस्तीफा दे दिया था। आज चपरासी की नौकरी कोई नहीं छोड़ता है।
मुझे पता चला कि मेरे जेल जाने से मेरी मां-बहनें बहुत रोईं। कई ने मन्नतें मांगी। सबका शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। करोड़ों लोगों ने अपनी दुआएं भेजी हैं। उन्हीं के आशीर्वाद का कमाल है कि आप लोगों के बीच हूं। देश तरक्की करे। ऐसी प्रभु से इच्छा है।
भाजपा में ’75 साल रिटायरमेंट रूल’ 2014 में आया
’75 साल रिटायरमेंट रूल’ भाजपा के संविधान में कहीं नहीं लिखा है। फिर इसे नियम मान लिया गया और कई उम्रदराज नेता धीरे-धीरे पार्टी से किनारे कर दिए गए। ऐसा माना जाता है कि इसकी शुरुआत 9 जुलाई 2014 में अमित शाह के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद से हुई। महीने भर बाद ही उन्होंने अपनी टीम की घोषणा की। साथ ही पार्टी की सबसे पावरफुल बॉडी पार्लियामेंट बोर्ड और केंद्रीय चुनाव समिति का भी ऐलान किया।
इससे पार्टी के दिग्गज नेता अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी की तिकड़ी को हटा दिया गया। शाह ने 26 अगस्त 2014 को इन तीनों नेताओं को मार्गदर्शक मंडल का सदस्य बना दिया। पार्टी ने इसे अपनी कोर टीम का विस्तार बताया। हालांकि, मार्गदर्शक मंडल की कभी मीटिंग नहीं हुई।
इसी के बाद भाजपा में ’75 साल रिटायरमेंट रूल’ की चर्चा होने लगी। मई 2014 में केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद यह कहा कि मोदी राज्य और केंद्र की सरकार में किसी भी बड़े पद पर 75 साल से ज्यादा उम्र के नेता को शामिल नहीं करेंगे।
डॉ. हर्षवर्धन और जयंत सिन्हा का भी संन्यास
2024 में भाजपा ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन और जनरल वीके सिंह को टिकट नहीं दिया। हर्षवर्धन ने राजनीति से संन्यास की घोषणा कर दी। उन्होंने कहा कि अब मैं अपने क्लिनिक पर ध्यान दूंगा। जनरल वीके सिंह भी सक्रिय राजनीति से लगभग दूर ही हैं। इसके अलावा यशवंत सिन्हा के बेटे जयंत सिन्हा और पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने भी टिकट मिलने से पहले राजनीति छोड़ दी।
केजरीवाल से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें…
केजरीवाल तिहाड़ से जेल से निकलकर घर पहुंचे, माता-पिता के पैर छूए
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार (10 मई) को केजरीवाल को 1 जून तक अंतरिम जमानत दी है। जमानत मिलने के बाद केजरीवाल शाम 6:55 बजे 50 दिन बाद जेल से बाहर आए। घर पहुंचे तो उनकी मां ने पूजा की थाली सजाई और बेटे को चंदन लगाकर आरती उतारी, माला पहनाई। केजरीवाल ने मां और पिता दोनों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। पूरी खबर पढ़ें…
केजरीवाल को बिना मांगे अंतरिम जमानत कैसे मिली:सुप्रीम कोर्ट में ED के तर्क क्यों नहीं टिके; 10 सवालों के जवाब
केजरीवाल को आखिर बिना मांगे अंतरिम जमानत कैसे मिली, अंतरिम जमानत क्या होती है, ईडी ने कौन से तर्क दिए जो सुप्रीम कोर्ट में नहीं टिके, क्या चुनाव प्रचार करना संवैधानिक अधिकार है; भास्कर एक्सप्लेनर ऐसे 10 जरूरी सवालों के जवाब जानेंगे। पूरी खबर पढ़ें…
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source

Previous post पटना में पीएम मोदी का रोड शो: प्रधानमंत्री बोले- 'देश का विकास महिलाओं की भूमिका के बिना संभव नहीं' – NBT नवभारत टाइम्स (Navbharat Times)
Next post Lok Sabha Elections 2024: Voter turnout dips again, 64.4 per cent recorded in third phase of polls – The Financial Express

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *