विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. ब्लॉक ने 1 जून को दिल्ली में सर्वदलीय बैठक बुलाई है। इसी दिन लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के लिए मतदान होगा। मीटिंग के लिए गठबंधन सहयोगियों को बैठक में भाग लेने के लिए इनवाइट किया गया है। इंडिया टुडे ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है। इससे पहले 13 जनवरी को I.N.D.I.A. ब्लॉक की वर्जुअल मीटिंग हुई थी।
उधर, रविवार को लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शनिवार को हिमाचल प्रदेश के शिमला में थे। इस दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनसे I.N.D.I. अलायंस के PM कैंडिडेट को लेकर सवाल पूछा गया, जिसके जवाब में उन्होंने कहा- यह सवाल तो कौन बनेगा करोड़पति जैसा है।
खड़गे ने कहा कि अगर हमारी सरकार बनती है तो सभी नेता बैठकर तय करेंगे कि कौन PM बनेगा। 2004 से 2014 तक UPA की सरकार रही है। इस दौरान भी चुनाव से पहले PM कैंडिडेट का ऐलान नहीं किया गया था।
लोकसभा चुनाव से जुड़े अपडेट्स सिलसिलेवार पढ़ें…
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के होशियारपुर में रोड शो किया। राज्य में 1 जून को लोकसभा चुनाव के लिए वोटिंग होनी है। केजरीवाल ने रोड शो में कहा कि मैं जब पिछली बार यहां कैंपेन के लिए आया था तो मैंने कहा था कि मैं आपका बिजली बिल जीरो कर दूंगा। मैंने दिल्ली में ऐसा किया है और पंजाब में भी ऐसा करूंगा। अब पंजाब में आपका बिजली बिल जीरो हो गया है। पंजाब में हमने मोहल्ला क्लीनिक शुरू किए हैं। बीते दो साल में हमने लोगों को बहुत सारी सुविधाएं दी हैं।
पंजाब के पटियाला में मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा- मुझे यहां अच्छा माहौल लग रहा है। मुझे लगता है कि हम यहां अच्छा प्रदर्शन करेंगे। जनता अब भाजपा की राजनीति से ऊब चुकी है और कांग्रेस पार्टी को समझ रही है कि हमारे नेता ईमानदारी से काम करना चाहते हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज बिहार दौरे पर हैं। उन्होंने जहानाबाद में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा-पहले पहले मजबूर सरकार थी अब मजबूत सरकार है।
जब आतंकवादी देश में आतंक फैलाते हैं, तो मजबूर सरकार पाकिस्तान को डोजियर भेजती है। मजबूत सरकार वो है जब उरी, पुलवामा जैसी घटनाओं का जवाब हमारे जवान पाकिस्तान में घुसकर देते हैं। पूरी खबर पढ़ें…
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- कल 6 चरण के चुनाव समाप्त हो गए। 5 चरण में ही PM मोदी ने 310 सीटें जीतकर सरकार बनाने का काम पूरा किया है। ये छठा और सातवां चरण 400 पार कराने का है।
हिमाचल प्रदेश के नाहन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा- PM मोदी ने हमें वादा किया था कि वह 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देंगे। लेकिन कुछ नहीं हुआ।
हमने पता लगाया कि 30 लाख सरकारी नौकरियां खाली पड़ी हैं वो 30 लाख नौकरी हम आपको देंगे। हम हिंदुस्तान के स्नातकों के लिए एक नया अधिकार लाने जा रहे हैं जिसका नाम ‘पहली नौकरी पक्की अधिकार’।
लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए पटना साहिब में एक जनसभा को संबोधित करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा- 2005 से 2020 के बीच हमने 8 लाख लोगों को सरकारी नौकरी दी, लाखों लोगों को रोजगार दिया।
नीतीश ने कहा- हमने 2020 में एक साथ तय किया था कि 10 लाख लोगों को नौकरी देंगे। 4 लाख से ज्यादा रोजगार हो गया है, 1 लाख और होने वाला है और 3 लाख पर काम हो रहा है।
लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर पहुंचे। यहां उन्होंने रैली को संबोधित करते हुए कहा- मैं कप प्लेट धोते-धोते बड़ा हुआ हूं।
उन्होंने लोगों से भोजपुरी में पूछा- आप लोगन के का हालचाल बा, आप लोगन मजे में हैं न? आप लोगन के हाथ जोड़ के हम प्रणाम करत हई। पूरी खबर पढ़ें…
लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए उत्तर प्रदेश के CM योगी ने शनिवार शाम को वाराणसी में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा- कांग्रेस कहती है सरकार आएगी तो पर्सनल लॉ लागू करेंगे। पर्सनल लॉ का मतलब भारत में बेटियां स्कूल नहीं जा पाएंगी, बहनें और माताएं बाजार नहीं जा पाएंगी। उन्हें घर के अंदर बुर्का पहन के रहना पड़ेगा। कांग्रेस तालिबानी कानून को लागू करना चाहती है।
योगी ने आगे कहा- भारत बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के बनाए गए संविधान से चलेगा, किसी शरिया कानून से नहीं चल सकता है। कांग्रेस के अंदर औरंगजेब की आत्मा घुस गई है। बाबा विश्वनाथ के मंदिर को अपवित्र करने का काम औरंगजेब ने किया था। मथुरा का भगवान कृष्ण का मंदिर औरंगजेब ने तोड़ा था। कोई शरीफ मुसलमान अपने बेटे का नाम औरंगजेब नहीं रखता है।
पंजाब के लुधियाना में आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की चुनावी रैली है। अमित शाह भाजपा प्रत्याशी सांसद रवनीत सिंह बिट्टू के लिए लोगों से वोट की अपील करेंगे।
केंद्रीय गृह मंत्री के विरोध को देखते हुए कई किसान नेताओं को पुलिस ने शनिवार रात को ही हाउस अरेस्ट कर लिया। पूरी खबर पढ़ें…
चुनाव आयोग ने 16 मार्च को लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान किया। इसी के साथ आचार संहिता भी लागू हो गई। 543 सीटों के लिए चुनाव सात फेज में होगा।
पहले फेज की वोटिंग 19 अप्रैल को हो चुकी है। आखिरी फेज की वोटिंग 1 जून को होगी। 4 जून को नतीजे आएंगे। आचार संहिता से लेकर नतीजे तक इसमें 80 दिन लगेंगे।
लोकसभा के साथ 4 राज्यों- आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के विधानसभा चुनाव की तारीखें भी जारी कर दी गई हैं। ओडिशा में 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून को वोटिंग होगी। बाकी तीन राज्यों में एक फेज में चुनाव होंगे। अरुणाचल और सिक्किम में 19 अप्रैल, आंध्र प्रदेश में 13 मई को वोट डाले जाएंगे।
इलेक्शन शेड्यूल में सीटों की संख्या 543 से बढ़कर 544 हो गई है। इसकी वजह मणिपुर की आउटर मणिपुर लोकसभा सीट है। इस लोकसभा सीट में 28 विधानसभा सीटें है। 15 विधानसभा सीटों में 19 अप्रैल को और 13 विधानसभा सीटों में 26 अप्रैल को मतदान होगा। पूरी खबर पढ़ें …
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
