Arvind Kejriwal Arrest Live: 'PM नरेंद्र मोदी कर रहे तानाशाही', गोपाल राय का आरोप- विपक्ष को खत्म करने के हो र – ABP न्यूज़

Spread the love

Arvind Kejriwal ED Arrest Live Updates: दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के मुखिया अरविंद केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को दिल्ली शराब नीति मामले में गिरफ्तार किया. केजरीवाल 28 मार्च तक ईडी की हिरासत में रहने वाले हैं, जहां जांच एजेंसी उनसे शराब नीति मामले में पूछताछ करने वाली है. गिरफ्तारी के बाद भी केजरीवाल मुख्यमंत्री पद पर काबिज हैं. बीजेपी इसे लेकर उन पर लगातार हमला भी बोल रही है.
अरविंद केजरीवाल ने ईडी की हिरासत से एक संदेश भेजा है, जिसे उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल ने पढ़ा. इसमें केजरीवाल ने कहा, “अंदर रहूं या बाहर रहूं, मेरी जिंदगी का हर क्षण देश की सेवा को समर्पित है. मेरे खून का एक-एक कतरा देश को समर्पित है. ऐसी सलाखें नहीं जो आपके भाई, बेटे को ज्यादा दिन अंदर रख सके. मैं जल्द बाहर आऊंगा और अपने वादे पूरे करूंगा. साथ मिलकर, हमें भारत को एक महान देश, सबसे मजबूत और दुनिया का शीर्ष देश बनाना है.”
बीजेपी ने गिरफ्तारी के बावजूद केजरीवाल के दिल्ली का मुख्यमंत्री बने रहने की आलोचना की है. पार्टी ने कहा कि यह देश की राजनीतिक यात्रा का सबसे दुर्भाग्यपूर्ण क्षण और सबसे निम्न स्तर की राजनीति है. आप नेताओं द्वारा अपने पार्टी प्रमुख का जोरदार तरीके से बचाव करने को लेकर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कटाक्ष किया कि वे अब मुख्यमंत्री बनने के लिए एक-दूसरे से प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं लेकिन उनकी (केजरीवाल की) पत्नी भी अब इस दौड़ में शामिल हो गई हैं.
वहीं, ईडी की गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए शनिवार को केजरीवाल ने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था. हालांकि, अदालत ने उनकी याचिका पर तत्काल सुनवाई करने से इनकार कर दिया. समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, अदालत के सूत्रों ने बताया कि याचिका पर 27 मार्च से पहले सुनवाई होने की संभावना नहीं है, क्योंकि होली के कारण अदालत बंद है. बताया जा रहा है कि केजरीवाल की कानूनी टीम रविवार को सुनवाई का अनुरोध कर सकती है. 
 
दिल्ली से भारतीय जनता पार्टी के सांसद मनोज तिवारी ने रविवार को आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा और प्रवर्तन निदेशालय की हिरासत से जल मंत्री को दिये गये उनके निर्देश को पहले से लिखी कहानी करार दिया. इसके साथ ही उनकी गिरफ्तारी को दिल्ली के लोगों के लिए जश्न का कारण बताया. न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक मनोज तिवारी ने कहा, ‘‘प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत में एक अपराधी (आरोपी) है और उसका हवाला देकर आज एक कहानी लिखी गयी कि दिल्ली में पानी और सीवर से जुड़ी सुविधाएं अव्यवस्थित हैं.’’ 
दिल्ली के चांदनी चौक से बीजेपी उम्मीदवार प्रवीण खंडेलवाल केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर कहा, “कानून सबके लिए बराबर है. उन्हें (अरविंद केजरीवाल को) नौ बार समन किया गया. उन पर लगे आरोपों के कारण उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए.”
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पर केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा, “अरविंद केजरीवाल कभी भी नेक इंसान नहीं थे. अब जो भी भ्रष्टाचार और घोटालों में लिप्त हैं, उन्हें परिणाम भुगतना होगा.”
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने रविवार (24 मार्च, 2024) को आम आदमी पार्टी (आप) पर बड़ा आरोप लगाया. उन्होंने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दावा किया कि आप ने घोटाला किया है. चुनाव में आप ने पैसे का गलत इस्तेमाल किया है और यही वजह है कि आप के नेता मनीष सिसोदिया जेल में है. 
दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय ने कहा- देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तानाशाही कर रहे हैं. 31 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में सुबह 10 बजे इंडिया गठबंधन की महारैली होगी. जो लोग संविधान से मोहब्ब्त करते हैं, उनको इस बात से नफरत है. देश के पीएम केंद्रीय एजेंसी (ईडी) का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं. पूरे विपक्ष को खत्म करने और खरीदने की कोशिश हो रही है. इंडिया गठबंधन के नेताओं पर फर्जी मुकदमे लगाए जा रहे हैं. आप के कार्यलय को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है. आप कार्यकर्ताओं के साथ अपराधी जैसा बर्ताव किया जा रहा है. इलेक्टोरल बॉन्ड से चंदा चोरी हो रही है. कांग्रेस पार्टी का खाता सील कर दिया गया और यही वजह है कि कांग्रेस प्रचार नहीं कर सकती है. अगर आज मुख्यमंत्री गिरफ्तार किया जा सकता है तब चुनाव के बाद ये लोग कुछ भी कर सकते हैं.
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आप ने आरोप लगाया कि देश में विपक्ष को खत्म करने की कोशिश की जा रही है. रविवार को इंडिया गठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गोपाल राय ने बताया कि 31 मार्च, 2024 को दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी गठजोड़ इंडिया की महारैली का आयोजन होगा, जबकि कांग्रेस ने इसे समर्थन देते हुए कहा कि लोकतंत्र बचाने के लिए वह आप के साथ है.


सूत्रों के मुताबिक, कल करीब साढ़े 3 घंटे अरविंद केजरीवाल से पूछताछ हुई. इस दौरान विजय नायर, शरद रेड्डी, बुची बाबू, अभिषेक बोनपिल्लई, मगुंटा श्रीनिवाससुलु और के कविता से जुड़े सवाल किए गए. यह भी बताया गया कि केजरीवाल ईडी की जांच में सहयोग नहीं कर रहे. ज्यादातर सवालों का जवाब उन्होंने न में दिया. आगे ईडी के अधिकारियों ने विस्तृत जानकारी देने को कहा तब भी सीएम केजरीवाल ने सहयोग नहीं किया.


दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद आप के कुछ नेताओं की ओर से दावा किया गया कि सीएम जेल से सरकार चलाएंगे. रविवार को आप के इस बयान को लेकर बीजेपी के मनोज तिवारी ने निशाना साधा. उन्होंने कहा- जेल से गैंग चलते हैं. सरकारें वहां से नहीं चलती हैं. सीएम केजरीवाल ने जो किया है, वह उसे ही भर रहे हैं.  

source

Previous post Holi 2024: 'नई ऊर्जा और उत्साह लेकर आए रंगों से सजा पर्व', PM मोदी ने देशवासियों को दी होली की बधाई.. – दैनिक जागरण (Dainik Jagran)
Next post Lok Sabha Election: 2019 लोकसभा चुनाव में किस राज्य में किस पार्टी ने जीती थी कितनी सीटें, क्या – ABP न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *