लोकसभा चुनाव-2024: चुनाव आयोग का आंध्र DGP को हटाने का आदेश, राज्य सरकार से कहा- DG रैंक के 3 अफसरों का पैन… – Dainik Bhaskar

Spread the love

चुनाव आयोग ने आंध्र प्रदेश के DGP केवी राजेंद्रनाथ रेड्डी को तत्काल प्रभाव से हटाने का आदेश दिया है। साथ ही राज्य सरकार को निर्देश दिया कि DGP पोस्ट के लिए DG रैंक के तीन अफसरों का पैनल बनाकर भेजें।
वहीं, लोकसभा चुनाव में तीसरे चरण की वोटिंग के लिए प्रचार रविवार शाम 5 बजे थम गया। इसमें 7 मई को 10 राज्यों-एक केंद्रशासित प्रदेश की 93 सीटों पर मतदान होगा।
लोकसभा चुनाव से जुड़े अपडेट्स सिलसिलेवार तरीके से पढ़ें…
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि कांग्रेस में ऐसे बहुत से नेता हैं, जिनका दम घुट रहा है। उनको बेइज्जत करने का काम राहुल गांधी के नौकर करते हैं। अब कांग्रेस को नेता नहीं, राहुल जी के नौकर चला रहे हैं। जितने भी लीडर हैं, उनको जहां भी जगह मिल रही है, जा रहे हैं। 4 जून के बाद कांग्रेस में दो फाड़ होना सुनिश्चित है, कांग्रेस (R, राहुल) और कांग्रेस (P, प्रियंका)।
गैंगस्टर से राजनेता बने अनंत सिंह को रविवार को पटना जेल से 15 दिन के लिए रिहा किया गया है। इसे लेकर तेजस्वी यादव ने कहा है कि जब तक वे हमारी पार्टी में थे, तब तक वे अपराधी थे, जैसे ही वे JD(U) में आए वैसे ही वे संत हो गए हैं। अनंत सिंह को छोटे सरकार के नाम से जाना जाता है। उन्होंने 2020 में राजद के टिकट से विधानसभा में जीत दर्ज कराई थी।
एक चुनावी सभा में कंगना रनोट की जुबान फिसल गई। वे भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या पर निशाना साध गईं। कंगना ने कहा कि कांग्रेस शहजादे की पार्टी है। चाहे वे राहुल गांधी हों, जिनको चांद पर आलू उगाना हो या तेजस्वी सूर्या हों, जिनको गुंडागर्दी करनी हो या फिर मछली उठा-उठाकर खाते हैं। इस पर तेजस्वी ने X पर री-पोस्ट करते हुए लिखा- ये मोहतरमा कौन हैं?
कंगना को भाजपा ने हिमाचल के मंडी से उम्मीदवार बनाया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी थोड़ी देर में अयोध्या में रोड शो करेंगे। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद मोदी का यह पहला दौरा है। पूरी खबर पढ़ें…
छत्तीसगढ़ कांग्रेस दफ्तर में स्थानीय नेताओं की बदसलूकी से नाराज राष्ट्रीय प्रवक्ता राधिका खेड़ा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना इस्तीफा पोस्ट करते हुए लिखा, ‘आज अत्यंत पीड़ा के साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता त्याग रही हूं और अपने पद से इस्तीफा दे रही हूं। हां मैं लड़की हूं और लड़ सकती हूं और वही अब मैं कर रहीं हूं। अपने व देशवासियों के न्याय के लिए मैं निरंतर लड़ती रहूंगी।’
दरअसल, राधिका खेड़ा और छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेताओं के बीच विवाद हुआ था। मामला मंगलवार का बताया जा रहा है, जब मीडिया में बयान देने को लेकर नेताओं में विवाद हो गया।
कहा जा रहा है कि रायपुर में कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में राधिका खेड़ा स्थानीय नेताओं और प्रवक्ताओं के साथ मौजूद थीं, विवाद तभी हुआ। अटकलें हैं कि राधिका भाजपा जॉइन कर सकती हैं। पूरी खबर पढ़ें…
पश्चिम बंगाल के मालदा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पिछले चुनाव में किए वादों पर आड़े हाथ लिया। खड़गे ने कहा कि मोदी ने कहा था कि मैं विदेश में जमा काला धन वापस लाऊंगा और सबके खाते में 15 लाख जमा होंगे। किसानों की आय दोगुनी कर दूंगा। युवाओं को 2 करोड़ रोजगार दूंगा। लेकिन इन सभी वादों में से कुछ नहीं हुआ। मोदी झूठों के सरदार हैं।
खड़गे ने ये भी कहा कि देश में 45 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है, लेकिन उन्हें (भाजपा सरकार) कोई चिंता नहीं है। अगर हम इसकी बात करते हैं तो वे कहते हैं कि कांग्रेस दो भैंस में से एक गायब कर देगी। अगर हम महंगाई की बात करते हैं तो वे कहते हैं कि हम आपकी जमीन हड़प लेंगे। अगर भाजपा सत्ता में आई तो मोदी तानाशाह हो जाएंगे। ये चुनाव चेतावनी की घंटी की तरह हैं।
अमेठी से कांग्रेस उम्मीदवार किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि मैं खालिस राजनेता हूं, मैं कोई गांधी परिवार की नौकरी नहीं कर रहा। 1983 में मैं यूथ कांग्रेस से जुड़ा था। कांग्रेस से मैं कोई तनख्वाह नहीं लेता। भाजपा ने शर्मा को गांधी परिवार का प्यून बताया था।
शर्मा ने ये भी कहा कि अमेठी से कौन लड़ेगा, इस पर पार्टी हाईकमान फैसला लेता है। मैं पूरे विश्वास के साथ कह रहा हूं कि इस बार चुनाव में भाजपा उम्मीदवार स्मृति ईरानी हार जाएंगी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को आंध्र प्रदेश के धर्मावरम में कहा, ” जगन मोहन रेड्डी की सरकार तेलुगु भाषा को खत्म करना चाहती है। उसकी जगह अंग्रेजी को प्राथमिक शिक्षा में लाना चाहती है।”
उन्होंने आगे कहा कि हमें अमरावती को फिर से आंध्र प्रदेश की राजधानी बनाना है। जगन मोहन रेड्डी की सरकार वादा खिलाफी की सरकार है। उन्होंने जो भी वादा किया, उसे कभी पूरा नहीं किया। उन्होंने भ्रष्टाचार, लूट और माफियाओं के कारण आंध्र प्रदेश की स्थिति को खराब किया है।
शाह ने आगे कहा कि जगन मोहन रेड्डी ने विकास की गाड़ी को पटरी से उतार दिया है। आंध्र प्रदेश में विकास शून्य है, निवेश स्थिर है और बेरोजगारी अपने चरम पर है। बुनियादी परियोजनाएं रुकी हुई हैं, लेकिन भू-माफियाओं का काम जोरों पर चल रहा है।
आंध्र प्रदेश की संस्कृति का सम्मान करना और उसे बढ़ावा देना हमारा कर्तव्य भी है और मिशन भी। हम भगवान तिरूपति बालाजी से जुड़ी हर चीज की पवित्रता बहाल करेंगे। हमारे गठबंधन का लक्ष्य आंध्र प्रदेश में गुंडागर्दी, बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और भूमि माफियाओं के खतरे को खत्म करना है।
शाह ने कहा कि इस समय आंध्र प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा दोनों चुनाव हो रहे हैं। आगामी लोकसभा चुनाव के सभी चरणों में मोदी जी तेजी से 400+ का लक्ष्य हासिल करने की ओर बढ़ रहे हैं।
दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) के कई नेताओं ने भाजपा जॉइन कर ली। इसमें हरियाणा के सह-इन्चार्ज दिनेश प्रताप सिंह समेत कई नेता शामिल हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आरक्षण के खिलाफ हैं। वह आपका आरक्षण छीनना चाहते हैं। कांग्रेस संविधान की रक्षा करने की कोशिश कर रही है, भाजपा-आरएसएस इसे खत्म करना चाहते हैं।
कांग्रेस से चुनाव लड़ने के लिए फंड न मिलने का दावा करने वाली सुचरिता मोहंती ने अपना टिकट लौटा दिया था। इसके बाद कांग्रेस ने शनिवार को ओडिशा के पुरी से जय नारायण पटनायक को लोकसभा उम्मीदवार बनाया है।
पटनायक पिछले कुछ सालों से कांग्रेस से जुड़े हुए हैं, वे इस चुनाव से पदार्पण करेंगे। पुरी में नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 6 मई है। पढ़ें पूरी खबर…
मुंबई-नॉर्थ लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी पीयूष गोयल के नामांकन को रद्द करने की मांग की गई है। मनोज फूलचंद नेवाडे़ नाम के व्यक्ति ने 26 मुंबई उत्तर चुनाव संघ के रिटर्निंग ऑफिसर कोर्ट में आवेदन दाखिल किया है।
मनोज ने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 36 (2) (बी) के तहत पीयूष वेदप्रकाश गोयल के नामांकन फॉर्म को रद्द करने की मांग की है। मनोज का दावा है कि पीयूष ने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 33(5) के नियमों के अनुसार नामांकन दाखिल नहीं किया है। इसलिए लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 36 (2) (बी) के तहत उनका नामांकन फॉर्म रद्द किया जाए।
मनोज ने अपनी शिकायतों में कहा है कि पीयूष गोयल मुंबई दक्षिण लोकसभा क्षेत्र के रहने वाले हैं। वे मुंबई नॉर्थ में नहीं रहते हैं। वे मालाबार हिल विधानसभा के मतदाता हैं। इस तरह से वे लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 का पालन नहीं कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने जरूरी दस्तावेज भी दिए हैं।
2 मई को पीयूष ने नामांकन भरा है
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने 2 मई को मुंबई उत्तर से अपना नामांकन भरा है। गोयल अभी महाराष्ट्र से भाजपा के राज्यसभा सांसद हैं। गोयल ने शपथ पत्र में 110.95 करोड़ रुपए की संपत्ति बताई है। 2016 के चुनाव में उन्होंने कुल 95.37 करोड़ रुपए की संपत्ति बताई थी। 2010 में केंद्रीय मंत्री के पास कुल 30.34 करोड़ रुपए की संपत्ति थी। इस तरह से बीते 14 साल में उनकी संपत्ति में करीब 80 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई है।
कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (KPCC) ने रविवार को चुनाव आयोग से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और बाकी नेताओं के खिलाफ आचार संहिता का उल्लंघन करने की शिकायत दर्ज कराई।
आरोप है कि इन लोगों ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था जिसमें एससी और एसटी समुदाय के लोगों को एक विशेष उम्मीदवार को वोट न देने के लिए धमकाया गया था।
केंद्र ने लोकसभा चुनाव में आचार संहिता लागू होने के मद्देनजर प्याज के निर्यात पर बैन हटाने के लिए चुनाव आयोग से परमिशन ले ली है। यह फैसला उपभोक्ता मामलों के विभाग की सिफारिश पर लिया गया। पिछले साल 8 दिसंबर को, केंद्र ने उत्पादन में संभावित गिरावट की चिंताओं के बीच कीमतों को कंट्रोल करने के लिए दिसंबर की शुरुआत में प्याज के निर्यात पर बैन लगा दिया था।
कांग्रेस ने महाराष्ट्र के लिए लोकसभा चुनाव 2024 के लिए 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की है। इनमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रियंका गांधी वाड्रा का नाम शामिल है।
छत्तीसगढ़ के आदिवासी बहुल जिले बलरामपुर में एक स्व सहायता समूह की महिलाओं ने लोगों में वोटिंग के लिए जागरूक करने अनोखा तरीका अपनाया। वे घर-घर जाकर साल के पत्ते और पीले चावल बांट रही हैं।
केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने पीटीआई से कहा कि भाजपा सरकार कभी संविधान नहीं बदलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि आरक्षण कायम रहेगा। राहुल गांधी में कोई दम नहीं है, लेकिन कांग्रेस हिंदू-मुस्लिम विभाजन की कोशिश करके आग से खेल रही है। कांग्रेस केवल चुनावी लाभ के लिए लोगों को गुमराह कर रही है।
एजेंसी को दिए इंटरव्यू में राजनाथ ने कहा कि पीओके पर बलपूर्वक कब्जा करने की कोई जरूरत नहीं है। वहां के लोग खुद ही भारत में शामिल होना चाहेंगे।
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 6 मई को मप्र आएंगे। मौजूदा लोकसभा चुनाव में यह उनका तीसरा मप्र दौरा है। 6 मई को वह रतलाम-झाबुआ लोकसभा सीट के जोबट (आलीराजपुर) और खरगोन सीट के सेगांव में सभा करेंगे।
तीसरे चरण की वोटिंग के लिए 93 सीटों पर रविवार शाम 6 बजे प्रचार थम जाएगा। इस चरण में 12 राज्यों की 93 लोकसभा सीटों पर चुनाव होना है। मध्य प्रदेश में भोपाल, मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, राजगढ़ और बैतूल सीट पर 7 मई को वोटिंग होगी।
कांग्रेस के मीडिया डिपार्टमेंट के चेयरमैन पवन खेड़ा ने कहा कि राहुल गांधी के पास उत्तर और दक्षिण, दोनों राज्यों से चुनाव लड़ने की हिम्मत है। PM मोदी दक्षिण से चुनाव लड़ने की हिम्मत क्यों नहीं दिखाते। राहुल की तरह उन्हें भी दक्षिण से चुनाव लड़ना चाहिए।
पवन खेड़ा ने न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए कहा, “हम PM मोदी से कह रहे हैं कि आप डरिए मत, दक्षिण से लड़िए। वे देश के प्रधानमंत्री है। मोदी साहस क्यों नहीं दिखाते, दक्षिण से इतना डरते क्यों हैं।
लोकसभा के साथ 4 राज्यों- आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के विधानसभा चुनाव की तारीखें भी जारी कर दी गई हैं। ओडिशा में 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून को वोटिंग होगी। बाकी तीन राज्यों में एक फेज में चुनाव होंगे। अरुणाचल और सिक्किम में 19 अप्रैल, आंध्र प्रदेश में 13 मई को वोट डाले जाएंगे।
इलेक्शन शेड्यूल में सीटों की संख्या 543 से बढ़कर 544 हो गई है। इसकी वजह मणिपुर की आउटर मणिपुर लोकसभा सीट है। इस लोकसभा सीट में 28 विधानसभा सीटें है। 15 विधानसभा सीटों में 19 अप्रैल को और 13 विधानसभा सीटों में 26 अप्रैल को मतदान होगा। पूरी खबर पढ़ें
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source

Previous post आपको तय करना है कि भारत में वोट जिहाद चलेगा या राम राज्य: खरगोन में पीएम मोदी – Narendra Modi
Next post Lok Sabha Election 2024 Date: लोकसभा चुनाव का हुआ एलान, सात चरणों में होंगे मतदान; चार जून को आएगा र.. – दैनिक जागरण (Dainik Jagran)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *