Vote
Rajasthan lok sabha chunav 2024 voting: दूसरे चरण में राजस्थान की 13 लोकसभा सीटों पर शुक्रवार को मतदान हुआ। हर बूथ पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी थी। 152 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। बता दें कि पहले चरण में राजस्थान की 12 लोकसभा सीटों पर मतदान हो चुका है। दूसरे चरण के साथ ही प्रदेश में लोकसभा चुनाव संपन्न हो गया है। चार जून को मतगणना होगी।
चुनाव डेस्क, नई दिल्ली। राजस्थान की 13 लोकसभा सीटों पर शुक्रवार को मतदान हुआ। इन सीटों पर कई दिग्गजों की सांख भी दांव पर लगी है। दूसरे चरण में कुल 152 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे थे। 13 सीटों पर 28 हजार 758 मतदान केंद्रों बनाए गए थे। इनमें एक लाख 72 हजार कर्मचारी तैनात थे।
इन सीटों पर सबकी निगाहें
जोधपुर लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत तीसरी बार उतरे हैं। कोटा लोकसभा सीट पर 10 साल से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का कब्जा है। वो भी तीसरी बार यहां से मैदान में हैं। झालावाड़-बारां लोकसभा सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बेटे दुष्यंत सिंह और जालौर लोकसभा सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत की साख दांव पर हैं। बाड़मेर लोकसभा सीट पर सबकी निगाहें।
राजस्थान में 59.64 प्रतिशत मतदान हुआ है।
राजस्थान में शाम पांच बजे तक 59.19 प्रतिशत मतदान हुआ है।
राजस्थान के डिप्टी सीएम और बीजेपी नेता प्रेम चंद बैरवा ने राजस्थान के दूदू में एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।
दोपहर तीन बजे तक राजस्थान में 50.27 प्रतिशत मतदान हुआ। सबसे अधिक मतदान बांसवाड़ा में 60.01 फीसदी और सबसे कम वोटिंग टोंक-सवाई माधोपुर में (42.61%) हुई।
चित्तौड़गढ़ के भादसोड़ा में दूल्हा राधे सुथार ने अपनी बारात जाने से पहले वोट डाला। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मताधिकार का प्रयोग करना महत्वपूर्ण है। इसलिए विवाह समारोह से पहले समय निकालकर वोट डाला है।
जालौर के सांकंद में एक मतदान केंद्र पर तीन पीढ़ियों ने एक साथ मतदान किया और सेल्फी पॉइंट पर तस्वीरें भी लीं।
108 वर्षीय भूरी बाई ने कोटा-बूंदी लोकसभा क्षेत्र के गुंजारा मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। परिवार के सदस्य व्हीलचेयर पर उन्हें मतदान केंद्र तक लेकर पहुंचे।
राजस्थान में दोपहर एक बजे तक 40.39 फीसदी मतदान रिकॉर्ड किया गया है। बाड़मेर में सबसे अधिक 47.48 फीसदी हुआ। सबसे कम वोटिंग टोंक-सवाई माधोपुर लोकसभा सीट (34.64%) पर हुई।
राजस्थान में दूसरे चरण में पहले चरण के मुकाबले 11 बजे तक मतदान अधिक हुआ है। 19 अप्रैल को 12 लोकसभा सीटों पर सुबह 11 बजे तक 22.51 प्रतिशत मतदान हुआ था।
सुबह 11 बजे तक राजस्थान में 26.84 प्रतिशत मतदान हुआ है। सबसे अधिक मतदान बांसवाडा (30.04%) और सबसे कम वोटिंग टोंक-सवाई माधोपुर में (24.00%) में हुई है।
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि वे मंगलसूत्र मुद्दे के बारे में बात नहीं करना चाहते। बेरोजगारी और महंगाई जैसे देश के मुद्दों पर चुनाव लड़ना है।
राजस्थान की 13 लोकसभा सीटों पर सुबह नौ बजे तक 11.17 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया।
कोटा से भाजपा प्रत्याशी ओम बिरला ने कहा कि यह संविधान बचाने की लड़ाई नहीं है। संविधान अच्छे हाथों में है। वे सिर्फ झूठ फैला रहे हैं। सामाजिक ढांचा और सामाजिक आरक्षण बरकरार रहेगा। एयरपोर्ट जरूर बनेगा, राज्य सरकार ने नौ महीने तक बकाया नहीं दिया लेकिन भजनलाल शर्मा के सीएम बनते ही राजस्थान सरकार ने 20 दिन के भीतर पैसा जमा करा दिया। डीपीआर बनने के बाद हवाईअड्डे का निर्माण शुरू हो जाएगा।
केंद्रीय मंत्री और जोधपुर से भाजपा प्रत्याशी गजेंद्र सिंह शेखावत ने जोधपुर में मतदान किया। उन्होंने दावा किया कि हम जोधपुर सीट जीतेंगे, साथ ही राजस्थान की सभी 25 सीटें और देश की 400 से अधिक सीटें जीतेंगे।
जालौर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी वैभव गहलोत और उनकी पत्नी हिमांशी गहलोत ने जोधपुर में मतदान किया।
राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने जोधपुर में मतदान किया। बता दें कि अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत जालौर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी हैं।
केंद्रीय मंत्री और बाड़मेर से भाजपा उम्मीदवार कैलाश चौधरी ने शुक्रवार की सुबह अपना वोट डाला। यहां उनका मुकाबला निर्दलीय उम्मीदवार रवींद्र सिंह भाटी और कांग्रेस उम्मीदवार उम्मेदा राम बेनीवाल से है।
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता वसुंधरा राजे ने झालावाड़ स्थित एक मतदान केंद्र पर मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि देश विकास चाहता है इसलिए इस चुनाव के बाद फिर से भाजपा की सरकार बनेगी और तीसरी बार मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे… ये भी विश्वास है कि राजस्थान में जनता भाजपा को पूरा समर्थन देगी और भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाएगी।
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि किसी को यकीन नहीं था कि प्रधानमंत्री मोदी इस तरह के बयान देंगे कि (कांग्रेस वाले) संपत्ति इकट्ठा करेंगे, मंगलसूत्र इकट्ठा करेंगे और ज्यादा बच्चे पैदा करने वालों में बांट देंगे। पहली बार ऐसे बयानों से प्रधानमंत्री मोदी की विश्वसनीयता को बहुत धक्का लगा है…मुझे लगता है कि इस बार राजस्थान में हम डबल डिजिट में सीटें जीतेंगे।
दूसरे चरण के मतदान पर राजस्थान के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि राजस्थान वीरों की धरती है। इस धरती ने कभी मुगल आक्रांताओं को स्वीकार नहीं किया। इस धरती पर कांग्रेस के शासन में कहीं न कहीं तुष्टीकरण की राजनीति पनप रही है। राजस्थान में प्रचंड बहुमत के साथ 25 के 25 कमल खिलेंगे।
राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत और जालौर लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार वैभव गहलोत ने मतदान से पहले अपने पूर्वजों का आशीर्वाद लिया।
