लोकसभा चुनाव-2024: EC ने सुप्रीम कोर्ट में कहा- बूथ वाइज डेटा जारी किया तो स्थिति बिगड़ेगी, अराजकता फैलेगी – Dainik Bhaskar

Spread the love

चुनाव आयोग ने गुरुवार (23) मई को सुप्रीम कोर्ट में कहा कि यदि लोकसभा चुनाव की वोटिंग का बूथ वाइज डेटा जारी किया गया तो स्थिति बिगड़ेगी और इससे अराजकता भी बढ़ेगी। आयोग ने यह तर्क देते हुए NGO की मांग का विरोध किया। आयोग ने कहा कि इससे चुनावी प्रक्रिया भी खराब होगी।
जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा की वैकेशन बैंच NGO एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स की याचिका पर 24 मई को सुनवाई करेगी।
NGO ने SC से मांग की है सभी मतदान केंद्रों के फॉर्म 17 सी भाग- I (रिकॉर्ड किए गए वोटों का खाता) की स्कैन की गई कॉपियों मतदान के तुरंत बाद ECI की वेबसाइट पर अपलोड की जाएं। इसके लिए पोल पैनल को निर्देश दिया जाए।
अपने जवाबी हलफनामे में पोल पैनल ने कहा कि उम्मीदवार या उसके एजेंट के अलावा किसी अन्य व्यक्ति को फॉर्म 17सी प्रदान करने का कोई कानूनी आदेश नहीं है।
पोल पैनल ने कहा है मतदान केंद्र पर डाले गए वोटों की संख्या बताने वाले फॉर्म 17सी को पब्लिक में शेयर करना कानून में नहीं है। ऐसा करने से चुनावी क्षेत्रों में अशांति फैल सकती है। क्योंकि शेयर की गई कॉपियों से छेड़छाड़ की संभावना बढ़ जाती है।
लोकसभा चुनाव से जुड़े अपडेट्स सिलसिलेवार पढ़ें…
लोकसभा चुनाव में छठे चरण का प्रचार गुरुवार 23 मई की शाम 5 बजे खत्म हो गया। 25 मई को 57 सीटों पर वोटिंग होगी।
इससे पहले चुनाव आयोग ने गुरुवार 23 मई को बताया कि लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण (20 मई) में 62.2% वोटिंग हुई। इसमें 61.48% पुरुषों ने तो 63% महिलाओं ने वोट दिया। पांचवें चरण में 49 सीटों पर कुल 8.95 करोड़ वोटर थे, जिनमें 4.69 करोड़ पुरुष और 4.26 करोड़ महिलाएं थीं।
चुनाव आयोग के मुताबिक, बिहार, झारखंड, लद्दाख, ओडिशा और उत्तर प्रदेश में पुरुषों की तुलना में महिलाओं का वोटिंग प्रतिशत ज्यादा रहा। बिहार में 52.42% पुरुषों तो 61.58% महिलाओं ने वोटिंग की। वहीं, झारखंड में 58.08% पुरुषों तो 68.65% महिलाओं ने मतदान किया।
लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार (23 मई) को दिल्ली में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा- संविधान में हमारे देश की हजारों साल पुरानी विचारधारा है, लेकिन BJP कहती है कि वो संविधान को खत्म कर देगी।
राहुल ने कहा- भाजपा वालों को ये सपने नहीं देखने चाहिए। ये लोग ऐसा कभी नहीं कर पाएंगे। भाजपा के सामने करोड़ों देशवासियों के साथ कांग्रेस पार्टी खड़ी है। देश के संविधान को कोई खत्म नहीं कर सकता है।
राहुल ने आगे कहा- BJP-RSS के लोग आरक्षण को खत्म करने की बात करते हैं। हम आरक्षण से 50% की लिमिट खत्म कर, आरक्षण को 50% से आगे बढ़ाएंगे। PM से एक इंटरव्यू में पूछा गया कि देश में अमीर लोग अमीर होते जा रहे हैं, गरीब लोग गरीब होते जा रहे हैं, आपकी इस पर क्या राय है? पीएम मोदी ने 30 सेकेंड सोचा और कहा कि क्या मैं सबको गरीब कर दूं?
CPP चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने कहा कि यह एक बहुत महत्वपूर्ण चुनाव है। यह चुनाव देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने का चुनाव है। यह चुनाव बेरोजगारी, महंगाई, संवैधानिक संस्थाओं पर आक्रमण जैसे मुद्दों पर लड़ा जा रहा है।
उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार कन्हैया कुमार ने कहा- ये लड़ाई काम करने वाले और बदनाम करने वाले के बीच है।
अभी मैं केवल उम्मीदवार हूं, लेकिन जनता की मोहब्बत का असर देखिए कि 10 दिन के मेरे प्रचार का नतीजा ये है कि आदरणीय पीएम जो 10 साल से दिल्ली में रहते हैं उन्हें यमुना पार करने में 10 साल लगे हैं।
हम अभी केवल प्रधानमंत्री को यमुना पार लेकर आए हैं आप INDIA गठबंधन का समर्थन करें, हम पूरी की पूरी सरकार को यमुना पर लेकर आएंगे।
उत्तर प्रदेश के खलीलाबाद में जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा- 5 चरणों के चुनाव में पीएम मोदी 310 पार कर के 400 की ओर बढ़ रहे हैं।
कांग्रेस और सपा का सुपड़ा साफ हो गया है। इनको (कांग्रेस) 40 से ज्यादा सीट नहीं मिलने वाली है। अखिलेश बाबू आपका तो 4 का भी आकड़ा पार नहीं हो रहा है। पीएम मोदी निश्चित रूप से तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं।
पीलीभीत से टिकट कटने के बाद पहली बार भाजपा सांसद वरुण गांधी गुरुवार को चुनाव प्रचार में नजर आए। मां मेनका गांधी की सीट सुल्तानपुर में प्रचार के आखिरी दिन पहुंचे वे जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। उन्होंने कहा-हमारी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। न कोई गुस्सा।
3 बार के सांसद वरुण गांधी ने पूरे चुनाव से दूरी बना रखी थी। उन्होंने एक भी रैली नहीं की न ही कोई बयान दिया। यही नहीं, पीलीभीत भी नहीं गए। 27 मार्च को भाजपा ने अपनी दूसरी लिस्ट में पीलीभीत से योगी सरकार में मंत्री जितिन प्रसाद के नाम का ऐलान किया। पूरी खबर पढ़ें…
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने बुधवार को जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा से पूछा कि PoK वापस पाने में और कितने साल लगेंगे? यह काम पिछले 10 सालों में क्यों नहीं किया। मैं चाहता हूं कि PoK को भारत में शामिल किया जाए, लेकिन यह मुद्दा केवल चुनाव के दौरान ही सामने आता है।
ओवैसी ने आगे कहा- मोदी ने आर्थिक रूप से कमजोर तबके को जो 10 फीसदी आरक्षण दिया है, उसमें दलितों, ओबीसी और आदिवासियों को हिस्सा नहीं मिल रहा है। जो आबादी में 20 फीसदी हिस्सा है, उनको 10 फीसदी आरक्षण दिया जा रहा। जिनका आबादी में 80 फीसदी हिस्सा है, उनको 28 फीसदी रिजर्वेशन दिया जा रहा है।
तेजस्वी यादव और मुकेश सहनी के हेलिकॉप्टर का एक और वीडियो सामने आया है। पहले मछली, फिर ऑरेंज पार्टी उसके बाद चुनावी चर्चा के बाद अब दोनों केक कट करते दिख रहे हैं। लोकसभा चुनाव में 200 जनसभाएं पूरी होने पर नेता प्रतिपक्ष और वीआईपी अध्यक्ष हेलिकॉप्टर में केक काटकर सेलिब्रेट किया। दोनों ने एक दूसरे को केक भी खिलाया।
सेलिब्रेशन वाले इस वीडियो में सहनी विरोधियों पर चुटकी भी ले रहे हैं। तेजस्वी ने जब पूछा कि केक काटने का आइडिया कहां से आया इस पर सहनी ने कहा कि इस बार कुछ नया करते हैं, जिससे कुछ लोगों को मिर्ची लगे। पूर्व सीएम जीतन राम मांझी ने कहा कि तेजस्वी यादव ने तो हनीमून भी हेलिकॉप्टर में ही मनाया था। हारने वाला कभी कहता है कि वो हार रहा है। ये लोग फ्रस्ट्रेशन में हैं। पूरी खबर पढ़ें…

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पार्टी की सिरसा उम्मीदवार कुमारी शैलजा के समर्थन में प्रचार किया। हरियाणा में 10 संसद सदस्यों को चुनने के लिए 25 मई को मतदान होगा। अशोक तंवर संसदीय क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार हैं।
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने दिल्ली में अशोक विहार में रोड शो किया। वे चांदनी चौक लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रवीण खंडेलवाल के समर्थन में प्रचार कर रही हैं। प्रवीण का मुकाबला इंडी अलायंस के उम्मीदवार कांग्रेस पार्टी के जेपी अग्रवाल से है। लोकसभा चुनाव के छठे चरण में दिल्ली की सभी 7 लोकसभा सीटों पर 25 मई को मतदान होगा।
पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में भाजपा और TMC कार्यकर्ताओं में हिंसक झड़प हो गई। जिसमें एक BJP कार्यकर्ता रतिबाला की मौत हो गई। जबकि 2 घायलों का इलाज चल रहा है। हालांकि इसके बाद BJP ने प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दी। स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि यह हमला टीएमसी कार्यकर्ताओं ने किया है।
बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ममता बनर्जी के हाईकोर्ट का फैसला न मानने के बयान पर एक वीडियो जारी किया है। नड्‌डा ने कहा है-‘कलकत्ता हाईकोर्ट ने ओबीसी कोटा सब-कैटेगरी में मुसलमानों को दिए गए रिजर्वेशन को रद्द कर दिया है। कलकत्ता हाईकोर्ट ने 2010 से 2024 तक पश्चिम बंगाल में मुसलमानों को जारी किए गए ओबीसी सर्टिफिकेट भी रद्द कर दिए हैं। ये दोनों फैसले बताते हैं कैसे ममता सरकार असंवैधानिक रूप से तुष्टिकरण को आगे बढ़ा रही थी या कह सकते हैं कि मुस्लिम एजेंडे को आगे बढ़ाया जा रहा था। पीएम मोदी ने चुनाव प्रचार के दौरान इस मुद्दे को उठाया था- कैसे ममता बनर्जी, राहुल गांधी और INDI गठबंधन के अन्य नेता संविधान की धज्जियां उड़ा रहे हैं। संविधान में साफ लिखा है कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दिया जाएगा। ममता बनर्जी ने कहा कि वह हाईकोर्ट के फैसले से सहमत नहीं हैं।कानून से ऊपर कोई नहीं है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए, पार्टी के पूर्व नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने उन्हें महापुरुष कहा। साथ ही बोले कि राहुल कांग्रेस को खत्म करके अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।कृष्णम ने कहा कि मौजूदा लोकसभा चुनाव में कांग्रेस सबसे कम सीटें जीतेगी।
प्रमोद बोले- राहुल गांधी एक महापुरुष हैं, वह कुछ भी कह सकते हैं। महात्मा गांधी ने कांग्रेस के अंत का सपना देखा था और कोई भी ऐसा नहीं कर सका, यहां तक ​​​​कि बीजेपी भी नहीं, लेकिन अब राहुल गांधी खुद ऐसा कर रहे हैं। राहुल गांधी कांग्रेस को खत्म कर रहे हैं और अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। सिर्फ मैं ही नहीं बल्कि देशभर के करोड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता इस बात से वाकिफ हैं। उन्होंने कहा- 4 जून के बाद कांग्रेस अब तक सबसे कम सीटें जीतने वाली पार्टी होगी।
जम्मू-कश्मीर के पूर्व CM उमर अब्दुल्ला ने कहा कि मुसलमानों के लिए चल रहे चुनौतीपूर्ण समय में नेशनल लेवल पर कोई असरदार नेता नहीं है। गुलाम नबी आजाद कांग्रेस में रहकर वह भूमिका निभा सकते थे, लेकिन उनकी डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी (डीपीएपी) अब महज चेनाब घाटी तक ही सीमित रह गई है। अब्दुल्ला ने देशभर के मुसलमानों में कुछ भरोसा जगाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर एक मजबूत मुस्लिम नेता की जरूरत पर जोर दिया है।
छपरा बवाल मामले में लालू की बेटी रोहिणी आचार्य पर केस दर्ज किया गया है। बीजेपी कार्यकर्ता मनोज सिंह ने राजद उम्मीदवार डॉ रोहिणी आचार्य पर बूथ- 318 बड़ा तेलपा में मारपीट, बूथ लूटने और हत्या की कोशिश करने की धाराओं में नगर थाने में केस दर्ज कराया है। ये सभी गैर जमानती धाराएं हैं। पढ़ें पूरी खबर…
चुनाव आयोग ने 16 मार्च को लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान किया। इसी के साथ आचार संहिता भी लागू हो गई। 543 सीटों के लिए चुनाव सात फेज में होगा।
पहले फेज की वोटिंग 19 अप्रैल को हो चुकी है। आखिरी फेज की वोटिंग 1 जून को होगी। 4 जून को नतीजे आएंगे। आचार संहिता से लेकर नतीजे तक इसमें 80 दिन लगेंगे।
लोकसभा के साथ 4 राज्यों- आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के विधानसभा चुनाव की तारीखें भी जारी कर दी गई हैं। ओडिशा में 13 मई, 20 मई, 25 मई और 1 जून को वोटिंग होगी। बाकी तीन राज्यों में एक फेज में चुनाव होंगे। अरुणाचल और सिक्किम में 19 अप्रैल, आंध्र प्रदेश में 13 मई को वोट डाले जाएंगे।
इलेक्शन शेड्यूल में सीटों की संख्या 543 से बढ़कर 544 हो गई है। इसकी वजह मणिपुर की आउटर मणिपुर लोकसभा सीट है। इस लोकसभा सीट में 28 विधानसभा सीटें है। 15 विधानसभा सीटों में 19 अप्रैल को और 13 विधानसभा सीटों में 26 अप्रैल को मतदान होगा। पूरी खबर पढ़ें …
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source

Previous post ABP Cvoter Opinion Poll Live: हिमाचल-राजस्थान में BJP तो तमिलनाडु में I.N.D.I.A गठबंधन कर सकती है क्लीन स्वीप – ABP न्यूज़
Next post ललटेनिया…रोशनी और अंधेरा ही अंधेरा…बिहार के लोगों को क्या मैसेज दे गए पीएम मोदी, राम कृपाल का नाम लेकर … – News18 हिंदी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *