उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में तापमान 40 से 49 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने बताया है कि दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात में अगले 5 दिन ऐसे ही हालात रहेंगे। इन राज्यों में लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान के पाली में शुक्रवार को गर्मी से मां-बेटे की मौत हो गई। राज्य में लू और गर्मी की वजह से अब तक 10 लोगों की मौत चुकी है। हालांकि, सरकार ने अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि की है। राज्य के फलोदी 49, बाड़मेर और जैसलमेर शहर में तापमान 48 डिग्री के पार रहा। ज्यादातर शहरों में गुरुवार की रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहा।
छुटि्टयां रद्द: राजस्थान के सरकारी अस्पतालों के सभी डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। वहीं, यूपी के गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा के सभी स्कूलों में कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों के लिए छुट्टी कर दी है।
पानी का संकट: केंद्रीय जल आयोग (CWC) के अनुसार, पिछले सात दिनों में, भारत के 150 प्रमुख जलाशयों में जलस्तर पांच सालों के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। दिल्ली में यमुना नदी में जलस्तर कम हो गया है। कई इलाकों में पानी की सप्लाई पर असर पड़ा है।
गर्मी की वजह से बिजली की मांग बढ़ी, राजस्थान में 20% ज्यादा डिमांड
बिजली मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में बिजली की मांग गुरुवार को 237 गीगावाट (GW) पर पहुंच गई। यह सीजन में सबसे ज्यादा है। इस हफ्ते की शुरुआत में यह 234 गीगावाट (GW) थी। इससे पहले, बिजली की अधिकतम मांग सितंबर, 2023 में 243.27 गीगावाट के सबसे हाई लेवल पर रही थी।
दिल्ली में यह मांग 8 हजार मेगावाट तक पहुंच गई है। ऐसा ही हाल मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश का है। राजस्थान में बिजली की खपत में 20% का इजाफा हुआ है। सरकार ने कहा कि जरूरत पड़ने पर दूसरे राज्यों से बिजली खरीदी जाएगी।
देशभर में गर्मी की तस्वीरें…
हीटवेव के कारण सब्जियां और दालें 40% तक महंगी
हीट वेव की कारण सब्जियों और दालों की मौजूदा महंगाई अगले महीने भी जारी रहने का अनुमान है। खासकर आलू, टमाटर, प्याज की कीमतें बढ़ने से खाने का खर्च बढ़ गया है। अप्रैल में सब्जियों की कीमतें बीते साल से औसतन 27.8% ज्यादा थीं। पिछले महीने आलू की फुटकर कीमत में सालाना आधार पर 53% की बढ़ोतरी हुई।
रिटेल महंगाई की गणना वाले कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI) में सब्जियों का वेटेज करीब 7.46% है। सब्जी, दाल और अनाज की कीमतें बढ़ने से खाद्य महंगाई दर अप्रैल में बढ़कर 8.7% हो गई। यह मार्च में 8.52% थी।
मई-जून में महंगाई की चिंता, जुलाई-अगस्त से राहत संभव
रेटिंग एजेंसी इक्रा की चीफ इकोनॉमिस्ट अदिति नायर के मुताबिक खाने-पीने की चीजों की महंगाई मई-जून में भी चिंता का विषय बनी रहेगी, क्योंकि हीटवेव के कारण जल्दी खराब होने वाली वस्तुओं की कीमतें बढ़ने की संभावना है। नायर ने कहा कि जुलाई-अगस्त में महंगाई में कुछ कमी देखने को मिल सकती है।
राज्यों की मौसम की खबरें सिलसिलेवार पढ़ें…
राजस्थान में भीषण गर्मी के 9 दिन कल से: 22 जिलों में रहेगा रेड अलर्ट
राजस्थान में इन दिनों गर्मी तेज है। पारा भी 49 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचा है। बाड़मेर, जालोर समेत पाकिस्तान की सीमा से लगते तमाम जिले भयंकर लू की चपेट में आ गए। 25 मई से नौतपा (भीषण गर्मी के 9 दिन) शुरू हो रहा है। मौसम केन्द्र जयपुर ने कल 22 जिलों के लिए रेड अलर्ट, तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 25 से 27 मई तक राजस्थान का 75 फीसदी हिस्सा भीषण गर्मी का दौर देखेगा। पूरी खबर पढ़ें…
यूपी के 14 शहरों में आंधी-बारिश का अलर्ट: 6 जिलों में हीटवेव, 15 में वार्म नाइट रहेगी; कल से नौतपा
यूपी में एक तरफ भीषण गर्मी और दूसरी तरफ आंधी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को 14 शहरों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के 6 जिलों में हीटवेव और 15 शहरों में वार्म नाइट अलर्ट जारी किया गया। प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान लगातार दूसरे दिन झांसी प्रदेश में सबसे गर्म रहा है। पूरी खबर पढ़ें…
आधे एमपी में लू का अलर्ट, आज से और बढ़ेगी गर्मी; बैतूल, छिंदवाड़ा में आंधी-बारिश
मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी पड़ रही है। 2-3 दिन से ग्वालियर-चंबल की गर्मी मालवा-निमाड़ की ओर भी शिफ्ट हुई है। इस वजह से इंदौर, उज्जैन, खंडवा, शाजापुर भी भट्टी की तरह तप रहे हैं। यहां तापमान रिकॉर्ड 44 से 46 डिग्री के पार जा पहुंचा है। प्रदेश के आधे हिस्से में लू का अलर्ट है। मौसम विभाग ने बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट में आंधी-बारिश का अलर्ट भी जारी किया है। पूरी खबर पढ़ें…
हरियाणा में हीटवेव का अलर्ट, 3 जिले रेड जोन में: पंजाब-चंडीगढ़ में भी चेतावनी, हिमाचल में बारिश
हरियाणा में 3 जिलों सिरसा, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में हीट वेव का रेड अलर्ट, 11 जिलों में ऑरेज अलर्ट और 8 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से लू चलेगी। इसके साथ पंजाब और चंडीगढ़ में भी हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल में बारिश होने से गर्मी से राहत मिली है। पूरी खबर पढ़ें…
छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक तेज गर्मी से राहत: रायपुर समेत कई जिलों में बारिश के आसार
छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक तेज गर्मी से राहत रहेगी। रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में आज भी गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी के आसार हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान कवर्धा में सबसे ज्यादा 50 मिमी बारिश दर्ज की गई। हालांकि तापमान में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। सबसे अधिक तापमान 42.6 दुर्ग में और सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 23 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पूरी खबर पढ़ें…
टेम्परेचर मीटर
आगे क्या: UP राजस्थान में रात में तेज गर्मी का अनुमान, 6 राज्यों में बारिश होगी
मानसून ट्रैकर: मानसून 19 से 21 मई के बीच श्रीलंका से टकराया है, 23 मई तक यह श्रीलंका के मध्य तक पहुंच गया है। मानसून के केरल के तटों से टकराने की संभावित तारीख 31 मई बताई गई है।
बंगाल की खाड़ी में तूफान रेमल तैयार हो रहा : बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर बनने से चक्रवाती तूफान रेमल तैयार हो रहा है। यह 26 मई को पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश से टकराएगा। मछुआरों को तट से दूर रहने की सलाह दी गई है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.
