Lok Sabha Chunav 2024: लोकसभा चुनाव अपने अंतिम दौर की ओर है। 1 जून को सातवें चरण की वोटिंग के साथ ही प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी जिसका फैसला 4 जून को सामने आएगा। इसके पहले पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में आज एक जनसभा के दौरान समाजवादी पार्टी के मुखिया और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ‘शहजादे’ शब्द को लेकर पीएम मोदी पर जमकर हमला बोला और यह तक कह दिया कि ये शहजादे ही अब उन्हें ‘शह और मात’ देने जा रहे हैं।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी चुनावी रैलियां में लगातार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी को शहजादा कहकर संबोधित करते रहे हैं। इतना ही नहीं, पीएम मोदी ने इसी शहजादे शब्द का प्रयोग यूपी में अखिलेश यादव और बिहार में तेजस्वी यादव के लिए भी किया है। इस शब्द के जरिए पीएम मोदी दोनों ही राज्यों की मुख्य विपक्षी पार्टियों पर वंशवादी होने का टैग लगाते रहे हैं, लेकिन अब अखिलेश यादव ने पीएम मोदी को शह और मात देने की चुनौती दी है।
आज काशी में अखिलेश और राहुल गांधी ने काशी में साझा रैली की थी। इस रैली के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग घबराए हुए हैं, वह हमें शहजादा बोल रहे हैं। अखिलेश इस बयान के जरिए पीएम मोदी पर हमलावर थे। अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग हमें शहजादा बोल रहे हैं, वह यह सुन लें कि इस बार दोनों शहजादे न केवल शह देने जा रहे हैं, बल्कि इस बार मात भी देने का काम करेंगे।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि अभी तक मैं उत्तर प्रदेश में एक सीट को छोड़कर सभी सीटों पर इंडिया गठबंधन की जीत का दावा कर रहा था, लेकिन आज मैं कह सकता हूं कि जहां बीजेपी के लोग क्योटो को अपनी सीट मान रहे थे ये भी सीट वो हारने जा रहे हैं।
#WATCH | Samajwadi Party chief Akhilesh Yadav addresses a public rally in Uttar Pradesh's Varanasi, says,"…Jo ghabraye hue log hain humein shehzada bol rahe hain. Jo shehzada bol rahe hain woh sunn len ki iss baar dono shehzade na kewal sheh dene ja rahe hain balki is baar maat… pic.twitter.com/Mi9xaSKfCB
अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि ये जोश इस बार परिवर्तन के लिए मतदान करने जा रहा है। मुझे पूरा भरोसा है कि काशी की जनता इस बार इंडी गठबंधन के प्रत्याशी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को अपना एक-एक वोट देकर न केवल जिताने का काम करेगी बल्कि रिकॉर्ड मतों से जिताने का काम करेगी।
