न्यूज इन ब्रीफ@5 PM: राहुल बोले- मोदी को परमात्मा ने अडाणी के लिए भेजा, AC में बैठेंगे रामलला, केजरीवाल की … – Dainik Bhaskar

Spread the love

नमस्कार, आइए जानते हैं आज शाम 5 बजे तक की उत्तर प्रदेश और देश-दुनिया की 10 बड़ी खबरें…
1. राहुल बोले- 50% से ज्यादा आरक्षण लेकर आएंगे, पीएम मोदी को परमात्मा ने अडाणी के लिए भेजा
देवरिया में राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने मंगलवार को चुनावी रैली की। राहुल ने कहा- बाकी सब लोग बॉयोलॉजिकल हैं। माता-पिता से पैदा हुए हैं। लेकिन मोदी बॉयोलॉजिकल नहीं हैं। वो ऊपर से टपक कर आए हैं। उनको परमात्मा ने भेजा है। उनको परमात्मा ने अडाणी-अंबानी की मदद के लिए भेजा है। उनको किसान, मजदूर की मदद के लिए नहीं भेजा।
पढ़ें पूरी खबर…
2. केजरीवाल की जमानत बढ़ाने की याचिका पर तत्काल सुनवाई नहीं, 2 जून को करना है सरेंडर
शराब नीति केस में गिरफ्तार दिल्ली CM अरविंद केजरीवाल ने सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत 7 दिन बढ़ाने की मांग की थी। कोर्ट ने इस पर तुरंत सुनवाई से इनकार कर दिया। SC ने कहा कि अंतरिम जमानत बढ़ाने का फैसला CJI करेंगे, क्योंकि केजरीवाल के खिलाफ मुख्य मामले में फैसला सुरक्षित है। केजरीवाल को ED ने 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। 50 दिन जेल में रहने के बाद उन्हें 10 मई को जमानत मिली थी। उनकी 21 दिन की जमानत 1 जून को खत्म हो रही है।
पढ़ें पूरी खबर…
3. लखनऊ में रिटायर्ड IAS की पत्नी की हत्या का खुलासा: ड्राइवर ने रची थी साजिश, भाई, शूटर भी गिरफ्तार; स्कूटी बरामद
लखनऊ में रिटायर्ड IAS देवेंद्र नाथ दुबे की पत्नी मोहिनी दुबे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया। देवेंद्र नाथ के ड्राइवर अखिलेश और उसके भाई रवि ने ही वारदात की थी। एक अन्य साथी भी शामिल था। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, लूट की नीयत से हत्या की गई। आरोपियों की प्लानिंग घर में रखे जेवर और कैश चोरी करने की थी। लेकिन ऐन वक्त पर मोहिनी दुबे ने उनको देख लिया।
पढ़ें पूरी खबर…
4. मोदी बोले- मुझे गंदी नाली का कीड़ा कहा गया, अब मैं गाली प्रूफ बन गया हूं
PM मोदी ने न्यूज एजेंसी ANI को इंटरव्यू देते हुए कहा- विपक्ष के नेता मुझे गाली देते हैं। मुझे ‘मौत का सौदागर’ और ‘गंदी नाली का कीड़ा’ कहा गया। मैं पिछले 24 साल से गालियां खा-खाकर गाली प्रूफ बन गया हूं। TMC के शासन को लेकर मोदी ने कहा कि TMC बंगाल में अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है। पिछले विधानसभा चुनाव में बंगाल में हमारे 3 विधायक थे। इसके बाद बंगाल की जनता ने हमें 80 विधायकों तक पहुंचा दिया।
पढ़ें पूरी खबर…
5. नौतपा में रामलला AC की हवा लेंगे, हल्के सूती कपड़े पहनाए; रसीले फलों का भोग
नौतपा का आज चौथा दिन है। आगरा में पारा दोपहर 2.30 बजे के बाद 49 डिग्री पार कर गया। प्रयागराज का पारा 48.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। संभल में गर्मी से सीसी सड़क फट गई। अयोध्या में तापमान 41°C पहुंच गया है। राममंदिर में रामलला के लिए AC की व्यवस्था की जा रही है। उन्हें हल्की कढ़ाई किए हुए सूती वस्त्र पहनाए गए। भगवान को रोज दही या लस्सी के साथ मौसमी रसीले फलों का भोग लगाया जा रहा है।
पढ़ें पूरी खबर…
6. मिजोरम में लैंडस्लाइड से 13 की मौत, 16 लापता: बारिश से पत्थर की खदान ढही
पश्चिम बंगाल में 26 मई को आए रेमल तूफान के चलते मिजोरम में तेज बारिश हुई। आइजोल में एक पत्थर की खदान ढह गई। इसमें 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 लापता हैं। वहीं असम में भी तेज हवाओं के चलते ऑटो रिक्शा पर पेड़ गिर गया। एक कॉलेज स्टूडेंट की मौत हो गई। चार लोग घायल हो गए। बंगाल की खाड़ी से उठा रेमल तूफान बंगाल के कैनिंग और बांग्लादेश के मोंगला में 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से टकराया था।
पढ़ें पूरी खबर…
7. CM योगी बोले-सपा-कांग्रेस की बुद्धि भ्रष्ट हो गई: इनकी बुद्धि में भूसा भर गया
गोरखपुर में मंगलवार को CM योगी ने चुनावी रैली में कहा-सपा और कांग्रेस का चरित्र रामद्रोही है। कांग्रेस कहती है कि राम मंदिर का निर्माण नहीं होना चाहिए था, इससे पूरी दुनिया में गलत संदेश गया। जबकि सपा कहती है कि राम मंदिर बेकार बना है। मैं कहता हूं कि राम मंदिर तो ठीक बना है, लेकिन तुम लोगों की बुद्धि भ्रष्ट हो गई है। तुम लोगों की बुद्धि में भूसा भर गया है।
पढ़ें पूरी खबर…
8. राम रहीम डेरा मैनेजर हत्या के केस में बरी, साध्वी रेप केस में जेल में रहेगा
पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने डेरा सच्चा सौदा चीफ राम रहीम समेत 5 लोगों को डेरा मैनेजर रणजीत सिंह हत्याकांड में बरी कर दिया है। CBI कोर्ट ने उम्रकैद की सजा दी थी। राम रहीम इस वक्त रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है। उसे 3 मामलों में सजा हुई थी। इनमें रणजीत हत्याकांड के अलावा पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या और साध्वियों के यौन शोषण का केस भी शामिल है। दो केसों में 10-10 साल की कैद हुई थी।
पढ़ें पूरी खबर…
9. दिल्ली-बनारस इंडिगो फ्लाइट में बम की धमकी
दिल्ली एयरपोर्ट पर वाराणसी जाने वाले इंडिगो की फ्लाइट (6E2211) में मंगलवार सुबह टेकऑफ से पहले एक टिशू पेपर मिला, जिसमें ’30 मिनट में बम ब्लास्ट’ लिखा हुआ था। क्रू मेंबर्स ने पैसेंजर्स को इमरजेंसी गेट से बाहर निकाला। कुछ यात्री विंग के जरिए प्लेन से उतरते देखे गए। फ्लाइट में 176 पैसेंजर्स थे। बम डिस्पोजल टीम ने प्लेन की तलाशी ली लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
पढ़ें पूरी खबर…
10. चुनाव प्रचार थमने के बाद ध्यान लगाने कन्याकुमारी जाएंगे PM, 2019 में केदारनाथ गए थे
PM नरेंद्र मोदी लोकसभा चुनाव प्रचार के अपने अभियान का समापन कन्याकुमारी में रॉक मेमोरियल पर ध्यान लगाकर करेंगे। मोदी 30 मई से 1 जून तक कन्याकुमारी में रहेंगे। लोकसभा चुनाव के लिए अंतिम चरण की वोटिंग 1 जून को होनी है। इस दौरान वे रॉक मेमोरियल के ध्यान मंडपम में उसी स्थान पर दिन-रात ध्यान करेंगे जहां स्वामी विवेकानंद ने ध्यान किया था। इससे पहले 2019 में मोदी ने केदारनाथ की रुद्र गुफा में ध्यान लगाया था। वे करीब 17 घंटे गुफा में रहे थे।
पढ़े पूरी खबर…
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source

Previous post नरेंद्र मोदी फिर मुख्यमंत्री बनें… यह क्या बोल गए नीतीश कुमार; देखें VIDEO – NDTV India
Next post Papua New Guinea Landslide: 'भारत हर मदद करने को तैयार', पापुआ न्यू गिनी में लैंडस्लाइड से हुई तबाही – ABP न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *